China Flood Alert: पाकिस्तान का मददगार चीन इन दिनों कुदरत का कहर झेल रहा है। चीन के दक्षिणी गुआंगडोंग और गुआंग्शी प्रांतों में भारी बारिश की वजह से कम से कम 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लापता हो गए। अधिकारियों ने चीन के दक्षिणी हिस्से में भारी बारिश, पहाड़ी बाढ़ और भूगर्भीय आपदाओं का अलर्ट जारी किया है।
चीन के दक्षिणी हिस्सों में बाढ़ का अलर्ट जारी (प्रतीकात्मक तस्वीर)
अंतरराष्ट्रीय समाचार एजेंसी रायटर की रिपोर्ट में सिन्हुआ के हवाले से बताया गया कि चीन के राष्ट्रीय मौसम विज्ञान केंद्र ने जियांग्शी, झेजियांग, फुजियान, गुआंग्शी, गुआंगडोंग और उत्तरपश्चिमी प्रांत झिंजियांग के इलाकों में भारी बारिश की कई चेतावनियां जारी की हैं। बकौल रिपोर्ट झेजियांग, फुजियान, गुआंगडोंग और गुआंग्शी के कुछ हिस्सों में येलो अलर्ट जारी किया गया है, जो पहाड़ी बाढ़ के खतरे को दर्शाता है।
चीन में कैसे काम करती है चेतावनी प्रणाली?
चीन में चार स्तरीय मौसम चेतावनी प्रणाली है जिसमें रेड अलर्ट सबसे गंभीर चेतावनी को दर्शाता है। रेड अलर्ट के बाद ऑरेंज, येलो और ब्लू अलर्ट का भी विकल्प है। मौसम की अलग-अलग परिस्थितियों में मौसम विज्ञान केंद्र अलर्ट जारी करता है। चीनी मौसम विज्ञान के आंकड़ों से पता चलता है कि पिछले छह सालों के मुकाबले चीन के लिए 2024 सबसे गर्म साल रहा था।
तूफान और बारिश का कहर
चीन में पिछले साल कई मौसमी घटनाएं हुईं जिसमें गर्म मौसम के साथ-साथ तूफान और भारी बारिश शामिल हैं। राज्य प्रसारक सीसीटीवी के मुताबिक, तियानशान पर्वत के साथ झिंजियांग के सुदूर पश्चिमी क्षेत्र सहित अन्य क्षेत्रों में सोमवार से मंगलवार तक भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
