Malaysia Pipeline Blast: मलेशिया में कुआलालंपुर के बाहरी इलाके में गैस पाइपलाइन फटने से मंगलवार को लगी भीषण आग में 145 लोग झुलस गए। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। राष्ट्रीय तेल कंपनी ‘पेट्रोनास’ ने एक बयान में कहा कि कुआलालंपुर के बाहर उसकी एक गैस पाइपलाइन फटने के बाद भीषण आग लग गई। आग की लपटें 20 मंजिला इमारत के जितनी ऊंची थी तथा आवासीय क्षेत्र के पास खाली पड़े क्षेत्र में एक बड़ा गड्ढा बन गया।
मलेशिया में गैस पाइपलाइन फटा
145 लोग झुलसे
मलेशिया के अंग्रेजी अखबार ‘न्यू स्ट्रेट्स टाइम्स डेली’ में जारी खबर में स्वास्थ्य मंत्री जुल्कफ्ली अहमद के हवाले से बताया कि इस हादसे में तीन बच्चों सहित 145 लोग झुलस गए हैं। उन्होंने बताया कि गंभीर रूप से झुलसे 67 लोगों का सरकारी अस्पतालों में इलाज कराया जा रहा है जबकि 37 अन्य लोगों का क्लीनिक और निजी अस्पतालों में इलाज किया जा रहा है।
190 घर क्षतिग्रस्त
अग्निशमन विभाग ने बताया कि भीषण आग लग जाने से 190 घर और 148 कारें क्षतिग्रस्त हो गई हैं। अधिकारियों ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि घटनास्थल से 290 मीटर के दायरे में आने वाले घरों में प्रवेश वर्जित कर दिया गया है। कुछ निवासियों ने बताया कि उन्होंने गैस पाइपलाइन फटने से तेज झटके महसूस किए और घर हिलने लगे।
