शहर

Gujarat Fire: बनासकांठा में पटाखा गोदाम में आग लगने से जोरदार धमाका, 20 लोगों की मौत

Firecracker Factory Fire in Gujarat: गुजरात के बनासकांठा में डीसा कस्बे के पास पटाखा गोदाम में आग लग गई और इमारत के कुछ हिस्से ढहने से मलबे में कई लोग दब गए। जिससे 20 लोगों की मौत हो गई है।

Image

पटाखा गोदाम में धमाका

Firecracker Factory Fire in Gujarat: गुजरात के बनासकांठा जिले में मंगलवार को एक पटाखा गोदाम में आग लग गई और जोरदार धमाका हुआ। जिसके कारण इमारत के कुछ हिस्से ढह गए। इस हादसे में 18 लोगों की जान चली गई और पांच अन्य लोग घायल हो गए। जिसके बाद 2 और डेड बॉडी बाहर निकाली गई है। इसके साथ ही मौत का आंकड़ा बढ़कर 20 हो गया। पुलिस ने बताया कि मृतक मध्य प्रदेश के मजदूर और उनके परिवार के सदस्य थे।उनमें से अधिकतर की मौत स्लैब गिरने से हुई। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने घटना पर दुख व्यक्त किया और मृतकों के परिवारों को चार लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की।

स्लैब ढहने से 5 लोग घायल

यह घटना सुबह करीब नौ बजकर 45 मिनट पर डीसा कस्बे के पास स्थित गोदाम में हुई। पुलिस अधीक्षक अक्षयराज मकवाना ने बताया, "इस घटना में 18 लोगों की मौत हो गई और भीषण विस्फोट के बाद इमारत का स्लैब ढह जाने से पांच अन्य घायल हो गए।" मकवाना ने बताया कि यह इकाई पटाखों के भंडारण के लिए थी और अभी तक इस बात का कोई सुराग नहीं मिला है कि वहां पटाखे बनाए जा रहे थे। इससे पहले अधिकारियों ने कहा था कि यह एक फैक्टरी है।

घायलों को जल्द से जल्द उचित उपचार के निर्देश

मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, "डीसा में एक पटाखा गोदाम में आग लगने और स्लैब गिरने से श्रमिकों की मौत की घटना दिल दहला देने वाली है। दुख की इस घड़ी में मृतकों के परिजनों के साथ में मेरी गहरी संवेदनाएं हैं।" उन्होंने कहा, "मैं इस दुर्घटना में राहत, बचाव और उपचार कार्य के संबंध में प्रशासन के साथ लगातार संपर्क में हूं। मैंने प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि घायलों को जल्द से जल्द उचित उपचार मिले। राज्य सरकार मृतकों के परिवारों को चार लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये की सहायता प्रदान करेगी।" पटेल ने पोस्ट में कहा, "मैं प्रार्थना करता हूं कि ईश्वर मृत कर्मचारियों की आत्मा को शांति प्रदान करें तथा घायलों को शीघ्र स्वस्थ करे।"

एमपी के मुख्यमंत्री ने भी जताया दुख

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भी इस घटना में मध्य प्रदेश के कर्मचारियों की असामयिक मृत्यु पर दुख व्यक्त किया है। यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश सरकार गुजरात के अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में है। उन्होंने कहा कि घटना से प्रभावित कर्मचारियों को पूरी सहायता दी जाएगी। यादव ने कहा कि कर्मचारियों और उनके परिवारों की सहायता के लिए सभी आवश्यक प्रयास किए जाएंगे।

(इनपुट - भाषा)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article