दुनिया

ईरान-अमेरिका समझौते को लेकर ट्रंप का बड़ा बयान, ईरान का परमाणु यूरेनियम होगा नष्ट

अमेरिका और ईरान के बीच परमाणु समझौते को लेकर बातचीत जारी है। इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि ईरान का संवर्धित यूरेनियम या तो अमेरिका को सौंपा जाएगा या ईरान के सहयोग से उसे नष्ट किया जाएगा। दोनों देशों के बीच कई मुद्दों पर सहमति बनी है, लेकिन प्रतिबंधों और परमाणु कार्यक्रम को लेकर मतभेद अभी भी बने हुए हैं।

Image

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (File Photo)

Photo : AP

अमेरिका और ईरान के बीच जारी परमाणु और युद्ध विराम वार्ताओं के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बड़ा बयान दिया है। ट्रंप ने कहा कि ईरान का संवर्धित यूरेनियम (परमाणु सामग्री) या तो अमेरिका को सौंप दिया जाएगा ताकि उसे नष्ट किया जा सके या फिर ईरान के साथ मिलकर किसी सुरक्षित जगह पर उसे खत्म किया जाएगा।

अमेरिका-ईरान परमाणु वार्ता में बड़ा मोड़

ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर पोस्ट करते हुए कहा कि यह काम ईरान के साथ “समन्वय और सहयोग” में पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस पूरी प्रक्रिया को परमाणु ऊर्जा आयोग या उसके समकक्ष संस्था की मौजूदगी में किया जाएगा। दरअसल, अमेरिका और ईरान के बीच परमाणु कार्यक्रम को लेकर लंबे समय से तनाव बना हुआ है। अमेरिका चाहता है कि ईरान परमाणु हथियार बनाने की दिशा में आगे न बढ़े। इसी संबंध में दोनों देशों के बीच बातचीत चल रही है।

ट्रंप के इस बयान को अमेरिका और ईरान के बीच संभावित समझौते की दिशा में बड़ा संकेत माना जा रहा है। इससे पहले न्यूयॉर्क टाइम्स की एक रिपोर्ट में दावा किया गया था कि ईरान अपने उच्च संवर्धित यूरेनियम के भंडार को छोड़ने पर सहमत हो गया है। माना जा रहा है कि इससे दोनों देशों के बीच समझौते का रास्ता आसान हो सकता है। हालांकि, दोनों देशों के बीच अभी भी कुछ अहम मुद्दों पर सहमति नहीं बन पाई है। CNN की रिपोर्ट के अनुसार, ईरान के परमाणु कार्यक्रम और आर्थिक प्रतिबंधों को हटाने को लेकर भाषा और शर्तों पर सहमति नहीं बन पाने के कारण समझौते को अंतिम रूप देने में समय लग रहा है।

कतर में जारी है दोनों देशों के प्रतिनिधियों की बैठक

इस बीच कतर में दोनों देशों के प्रतिनिधियों की बैठक को सकारात्मक संकेत माना जा रहा है। अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार, कतर दोनों देशों के बीच मध्यस्थ की भूमिका निभा रहा है। ट्रंप ने साफ कहा कि अगर समझौता 'महत्वपूर्ण और प्रभावी' नहीं हुआ तो अमेरिका कोई डील नहीं करेगा। वहीं ईरान ने भी माना है कि कई मुद्दों पर सहमति बनी है, लेकिन अमेरिकी अधिकारियों के बार-बार बदलते रुख के कारण बातचीत जटिल हो रही है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!