चीन के शेन्जेन शहर पर इस समय दुनिया भर की निगाहें टिकी हैं। इसका कारण है कि अमेरिका, रूस और चीन के राष्ट्राध्यक्ष बुधवार को चीन के शेन्जेन में एक साथ नजर आए। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग की यह मुलाकात ऐसे समय में हुई है, जब दुनिया के कई हिस्सों में युद्ध और भू-राजनीतिक तनाव जारी हैं। तीनों नेताओं की मौजूदगी ने एशिया-पैसिफिक इकोनॉमिक कोऑपरेशन (APEC) समिट को अंतरराष्ट्रीय कूटनीति के लिहाज से खास बना दिया है।
पुतिन-ट्रंप और शी जिनपिंग एक साथ आए नजर
इस दौरान पुतिन करीब नौ साल बाद पहली बार APEC नेताओं की आधिकारिक 'फैमिली फोटो' में नजर आए। तस्वीर में वह ट्रंप और शी जिनपिंग के साथ प्रमुख स्थान पर दिखाई दिए। इसे अंतरराष्ट्रीय मंच पर रूस की मौजूदगी और पश्चिमी देशों की ओर से उसे अलग-थलग करने की कोशिशों के बीच एक अहम घटनाक्रम के तौर पर देखा जा रहा है।
अगस्त 2025 के बाद पहली बार मिले ट्रंप और पुतिन
शेनझेन में APEC समिट के दौरान डोनाल्ड ट्रंप और व्लादिमीर पुतिन ने भी मुलाकात की। दोनों नेताओं ने हाथ मिलाया और बातचीत की। अगस्त 2025 में अलास्का में हुई मुलाकात के बाद यह पहला मौका है, जब दोनों आमने-सामने आए हैं।
अलास्का में हुई पिछली बैठक का मुख्य मुद्दा यूक्रेन युद्ध था, लेकिन उस दौरान कोई ठोस समझौता नहीं हो सका था। इस बार भी यूक्रेन युद्ध दोनों नेताओं के बीच बातचीत का अहम मुद्दा बन सकता है। रूसी राष्ट्रपति के सहयोगी यूरी उशाकोव के मुताबिक, पुतिन और ट्रंप के बीच समिट से इतर अनौपचारिक बातचीत हो सकती है। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि दोनों नेताओं की अलग से होने वाली मुलाकात किस प्रारूप में होगी।
गुरुवार को तीनों नेताओं की अहम बैठक
APEC समिट के दौरान गुरुवार को ट्रंप, पुतिन और शी जिनपिंग के बीच होने वाली बैठक पर दुनिया की नजरें टिकी हैं। यह पहला मौका होगा, जब तीनों नेता एक साथ आमने-सामने बैठकर बातचीत करेंगे। हालांकि, बैठक का पूरा एजेंडा सार्वजनिक नहीं किया गया है, लेकिन इसमें यूक्रेन और ईरान के युद्ध, परमाणु हथियारों के प्रसार, व्यापारिक तनाव और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।
इस बैठक को लेकर यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने भी चिंता जताई है। उन्हें आशंका है कि यूक्रेन युद्ध खत्म करने से जुड़ी किसी योजना पर कीव और यूरोपीय देशों के प्रतिनिधियों की गैरमौजूदगी में चर्चा हो सकती है।
ट्रंप से मुलाकात से पहले पुतिन ने शी जिनपिंग से की बातचीत
ट्रंप के शेनझेन पहुंचने से कुछ घंटे पहले ही व्लादिमीर पुतिन चीन पहुंच गए थे। यहां उन्होंने शी जिनपिंग के साथ करीब दो घंटे तक बातचीत की। दोनों नेताओं ने आर्थिक और रक्षा सहयोग को और मजबूत करने पर जोर दिया। शी जिनपिंग ने रूस के साथ संबंधों को स्थिर बताते हुए कहा कि दोनों देश आगे भी मजबूती से साथ बढ़ेंगे। उन्होंने दोनों देशों के रिश्तों की तुलना पहाड़ से करते हुए कहा कि ये तूफानों से प्रभावित नहीं होंगे।
चीन-अमेरिका के बीच तनाव भी चर्चा में
ट्रंप की चीन यात्रा ऐसे समय में हुई है, जब अमेरिका और चीन के बीच व्यापार और तकनीक से जुड़े कई मुद्दों पर तनाव बना हुआ है। दोनों देशों के बीच संबंध सुधारने की कोशिशें जारी हैं, लेकिन हालिया घटनाओं ने इन चुनौतियों को फिर चर्चा में ला दिया है।
