Canada Plane Crash: कनाडा में फ्लाइट ट्रेनिंग के दौरान हुए एक दर्दनाक विमान हादसे में दो भारतीय छात्रों की अकाल मृत्यु हो गई। इस दुखद घटना की पुष्टि कनाडा स्थित भारतीय दूतावास (कंसुलेट जनरल ऑफ इंडिया, वैंकूवर) द्वारा की गई है। दोनों छात्र कनाडा में अपनी कमर्शियल पायलट या एविएशन ट्रेनिंग के तहत उड़ान का अभ्यास कर रहे थे, तभी यह हादसा घटित हुआ।
कनाडा में फ्लाइट ट्रेनिंग के दौरान प्लेन क्रैश (प्रतीकात्मक फोटो- Canva)
ये भी पढ़ें- मिशिगन में अमेरिकी F-16 लड़ाकू विमान क्रैश, 1 मील इलाके को खाली करने का आदेश, पायलट अस्पताल में भर्ती
मृतकों की पहचान
विमान हादसे में जान गंवाने वाले दोनों छात्र पायलट बनने का प्रशिक्षण ले रहे थे। मृतकों की पहचान- मनोज शिवकुमार: तमिलनाडु के निवासी, श्रीचरण तिरुज्ञानासंबंतम: पुडुचेरी के निवासी के रूप में हुई है।
भारतीय वाणिज्य दूतावास ने जताया शोक
घटना के बाद वैंकूवर स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' (पूर्व में ट्विटर) पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए अपनी संवेदनाएं साझा कीं। “वैंकूवर स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास, तमिलनाडु के मनोज शिवकुमार और पुडुचेरी के श्रीचरण तिरुज्ञानासंबंतम के असामयिक और दुखद निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त करता है। फ्लाइट ट्रेनिंग के दौरान एक हवाई दुर्घटना में इन दो होनहार भारतीय छात्रों ने अपनी जान गंवा दी। इस कठिन समय में हमारी पूरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं।”
पार्थिव शरीर भारत लाने में हर संभव मदद का आश्वासन
भारतीय दूतावास ने यह भी स्पष्ट किया है कि वे लगातार स्थानीय अधिकारियों और पीड़ित परिवारों के संपर्क में हैं। दूतावास अधिकारियों के अनुसार, दोनों मृत छात्रों के पार्थिव शरीरों को सम्मानपूर्वक भारत में उनके गृह राज्य वापस लाने की प्रक्रिया में परिजनों को हर संभव कांसुलर और आवश्यक सहायता प्रदान की जा रही है।
इस दुखद घटना के बाद दोनों छात्रों के मूल निवास क्षेत्रों और परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई है। स्थानीय प्रशासन हादसे के कारणों की जांच में जुटा है।
