दुनिया

California Chemical Tank Leak: कैलिफोर्निया में केमिकल टैंक लीक, इमरजेंसी घोषित; 40 हजार लोगों ने छोड़ा घर

अमेरिका के कैलिफोर्निया राज्य के ऑरेंज काउंटी में एक मैन्युफैक्चरिंग यूनिट से जहरीले रसायन के रिसाव का बड़ा खतरा पैदा हो गया है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए गवर्नर गेविन न्यूजॉम ने स्टेट ऑफ इमरजेंसी घोषित कर दी है। अधिकारियों के अनुसार प्लास्टिक निर्माण में इस्तेमाल होने वाले अत्यधिक ज्वलनशील रसायन मेथिल मेथाक्रिलेट से भरा करीब 7,000 गैलन का टैंक फटने की कगार पर पहुंच गया है। तापमान लगातार बढ़ने से विस्फोट और जहरीले रिसाव का खतरा बढ़ गया है, जिसके चलते हजारों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया है।

Image

कैलिफोर्निया के ऑरेंज काउंटी में एक मैन्युफैक्चरिंग यूनिट से जहरीले रसायन का हुआ रिसाव। AP

Photo : AP

California Chemical Tank Leak: अमेरिका के कैलिफोर्निया में केमिकल टैंक लीक हो गया। एक मैन्युफैक्चरिंग यूनिट से जहरीले रसायन के रिसाव के खतरे के बीच गवर्नर गेविन न्यूजॉम ने राज्य में आपातकाल घोषित कर दिया है। आपातकालीन टीमें रिसाव को रोकने और स्थिति को नियंत्रित करने में युद्धस्तर पर जुटी हुई हैं। जानकारी के मुताबिक, 40 हजार लोगों ने अपना घर छोड़ दिया है। उन्हें सुरक्षित स्थान पर भेज दिया गया है।

7,000 गैलन का टैंक फटने की कगार पर

अधिकारियों के मुताबिक, प्लास्टिक निर्माण में इस्तेमाल होने वाला अत्यधिक ज्वलनशील और अस्थिर रसायन मेथिल मेथाक्रिलेट (Methyl Methacrylate) से भरे करीब 7,000 गैलन के एक विशाल टैंक के फटने का खतरा पैदा हो गया है। इस खतरनाक रासायनिक आपदा को देखते हुए प्रशासन ने एहतियात के तौर पर हजारों स्थानीय निवासियों को तुरंत सुरक्षित स्थानों पर जाने (निकासी) के आदेश दिए हैं।

लगातार बढ़ रहा है तापमान

शनिवार को जारी आधिकारिक बयान में बताया गया कि टैंक का तापमान पहले के अनुमान से कहीं ज्यादा है और यह लगातार बढ़ता जा रहा है। ऑरेंज काउंटी फायर अथॉरिटी के अधिकारी क्रेग कोवी ने स्थिति की गंभीरता को स्पष्ट करते हुए कहा कि प्रशासन फिलहाल दो सबसे खराब स्थितियों के लिए तैयारी कर रहा है — “क्या टैंक फटेगा और रसायन बाहर निकलेगा, या फिर उसमें एक बड़ा विस्फोट होगा?”

डिज्नीलैंड के पास है घटना स्थल, पार्क फिलहाल सुरक्षित

यह प्रभावित एयरोस्पेस यूनिट गार्डन ग्रोव शहर में स्थित है। चिंता की बात यह है कि यह जगह दुनिया के प्रसिद्ध डिज्नीलैंड थीम पार्क से महज 8 किलोमीटर दूर है। हालांकि, राहत की बात यह है कि डिज्नीलैंड फिलहाल तय किए गए निकासी क्षेत्र (Evacuation Zone) से बाहर है और वहां सामान्य रूप से कामकाज चल रहा है।

खराब वाल्व ने बढ़ाई मुश्किलें

टैंक में अचानक आई इस खराबी की असली वजह का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल स्थिति को और बिगड़ने से रोकने के लिए आपातकालीन टीमें लगातार टैंक पर पानी का छिड़काव कर रही हैं ताकि तापमान को नियंत्रित किया जा सके। हालांकि, अधिकारियों ने माना कि एक खराब वाल्व (Defective Valve) की वजह से राहत कार्यों और हालात को काबू में करने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!