कभी इजराइल के साथ खड़ा रहने वाले देश अब उसका विरोध करने लगे हैं, धमकी देने लगे हैं। इजराइल को ब्रिटेन, फ्रांस और कनाडा ने बड़ी धमकी दे डाली है। तीनों देशों ने इजराइल के खिलाफ प्रतिबंध लगाने की धमकी देते हुए कहा है कि वो ठोस कार्रवाई भी करेंगे।
इजराइल ने गाजा में शुरू किया है नया अभियान (फाइल फोटो)
ये भी पढ़ें- कैसे S-400 ने पाक मिसाइलों को हवा में किया तबाह, भारत ने कहां-कहां किया हमला; Army ने सबूत दिखा दिया
इजराइल को क्यों दी धमकी
ब्रिटेन, फ्रांस और कनाडा ने गाजा और वेस्ट बैंक में इजराइल की गतिविधियों के लिए उसके खिलाफ प्रतिबंधों सहित ‘‘ठोस कार्रवाई’’ करने की धमकी दी है। सोमवार को जारी संयुक्त वक्तव्य में इजराइल के इस निर्णय की तीखी आलोचना की गई कि उसने लगभग तीन महीने तक नाकेबंदी के बाद गाजा में ‘‘सीमित मात्रा’’ में राहत सामग्री पहुंचाने की अनुमति दी है, जो ‘‘पूरी तरह अपर्याप्त’’ है।
तीन माह बाद राहत
बयान में इजराइल से गाजा में अपनी नई सैन्य कार्रवाइयों को रोकने तथा तत्काल मानवीय सहायता पहुंचाने की भी अपील की गई है। यह बयान उस जानकारी के बाद आया है कि इजराइल की पूर्ण नाकेबंदी के लगभग तीन माह बाद राहत सामग्री से लदे ट्रक गाजा में दाखिल हुए। तीनों देशों के बयान में कहा गया कि उन्होंने हमेशा आतंकवाद के खिलाफ इजराइल के बचाव के अधिकार का समर्थन किया है, लेकिन उन्होंने इस तरह तनाव बढ़ाने को असंगत करार दिया।
इजराइल का नया सैन्य अभियान
वहीं इजरायली सेना ने गाजा के दूसरे सबसे बड़े शहर खान यूनिस और आसपास के कस्बों के निवासियों को क्षेत्र खाली करने का सोमवार को आदेश जारी किया। सैन्य प्रवक्ता अविचाय अद्राई ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर आदेश पोस्ट करते हुए कहा कि पूरा क्षेत्र ‘‘एक खतरनाक युद्ध क्षेत्र माना जाएगा।’’ क्षेत्र खाली करने का यह आदेश ऐसे समय में आया है जब इजराइल ने गाजा में युद्ध तेज कर दिया है।
