Russia Ukraine Update: यूक्रेन के राष्ट्रपति ने पुतिन से बातचीत की इच्छा जताई, रूस प्रतिनिधिमंडल भेजने को तैयार
Russia Ukraine Crises Update : यूक्रेन पर रूस ने सैन्य अभियान का ऐलान कर दिया है। व्लादिमीर पुतिन ने कहा कि हमले का मकसद यूक्रेन पर कब्जा करना नहीं है। उन्होंने कहा कि हमारी रणनीति साफ है कि जो कोई भी मुल्क रूस को नुकसान पहुंचाने की कोशिश करेगा उसे मुंहतोड़ जवाब देंगे।
यूक्रेन पर सैन्य कार्रवाई के रूसी ऐलान से पहले संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस हमला रोकने और शांति को एक मौका देने की अपील की थी। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा है कि उन्होंने पुतिन को फोन किया था लेकिन उन्होंने कुछ नहीं कहा, वह खामोश रहे। उनकी खामोशी एक बड़े युद्ध की शुरुआत हो सकती है। यूक्रेन के राष्ट्रपति ने कहा कि उनका देश रूस के लिए न तो कभी खतरा था, और न है और न भविष्य में रहेगा। आपने कहा है कि आप यूक्रेन को मुक्त करेंगे लेकिन यूक्रेन के नागरिक पहले से आजाद हैं। हम नाजी नहीं है, हमने नाजीवाद पर विजय पाने के लिए 80 लाख लोगों का बलिदान दिया है।
रक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक तैनाती करेंगे- नाटो
नाटो ने कहा कि अब हम गठबंधन के पूर्वी हिस्से में सुरक्षा बलों की महत्वपूर्ण अतिरिक्त रक्षात्मक तैनाती कर रहे हैं। हम गठबंधन में अभी और भविष्य में मजबूत और विश्वसनीय प्रतिरोध और रक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक तैनाती करेंगे। हमने नाटो क्षेत्र में गठबंधन और समुद्री संपत्तियों के पूर्वी हिस्से में रक्षात्मक भूमि और वायु सेना तैनात की है। हमने नाटो की रक्षा योजनाओं को सक्रिय किया है ताकि हम अपने प्रतिक्रिया बलों को आकर्षित करके कई आकस्मिकताओं और सुरक्षित गठबंधन क्षेत्र का जवाब देने के लिए खुद को तैयार कर सकें। यूक्रेन पर रूस के हमले पर नाटो के राज्य और सरकार के प्रमुखों ने कहा कि रूस पर पहले ही बड़े पैमाने पर और अभूतपूर्व प्रतिबंध लगाए जा चुके हैं। नाटो प्रासंगिक हितधारकों और यूरोपीय संघ सहित अन्य अंतरराष्ट्रीय संगठनों के साथ निकटता से समन्वय करना जारी रखेगा।
रूस बातचीत के लिए प्रतिनिधिमंडल भेजने को तैयार
भारत में रूसी दूतावास ने कहा कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन कीव-क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव के साथ बातचीत करने के लिए उच्च पदस्थ अधिकारियों के एक प्रतिनिधिमंडल को मिन्स्क भेजने के लिए तैयार हैं।
पोप फ्रांसिस ने यूक्रेन पर हमले के प्रति चिंता जाहिर की
पोप फ्रांसिस रोम में रूसी दूतावास गए और यूक्रेन में युद्ध के बारे में व्यक्तिगत रूप से अपनी चिंता व्यक्त की। पोप के रुख को असाधारण कदम के तौर पर देखा गया है। आमतौर पर राजदूत और राष्ट्राध्यक्ष वेटिकन में पोप से मिलने जाते जाते हैं तथा राजनयिक प्रोटोकॉल के तहत वेटिकन के विदेश मंत्री, राजदूत को लेकर पोप के पास जाते हैं। वेटिकन के राष्ट्राध्यक्ष के तौर पर फ्रांसिस का रूसी दूतावास तक जाना, यूक्रेन पर मास्को के हमले के प्रति उनके आक्रोश और युद्ध को समाप्त करने के लिए उनकी निजी अपील को दर्शाता है। वेटिकन के अधिकारियों ने कहा कि उन्हें पोप के इस कदम के बारे में पहले से कोई जानकारी नहीं थी। वेटिकन के प्रवक्ता माटेओ ब्रूनी ने पुष्टि की कि फ्रांसस युद्ध के बारे में अपनी चिंता स्पष्ट रूप से व्यक्त करना चाहते हैं। ब्रूनी ने कहा कि पोप फ्रांसिस वहां आधे घंटे से अधिक समय तक रहे। फ्रांसिस ने संघर्ष को समाप्त करने के लिए बातचीत का आह्वान किया है और ईसाई मतावलंबियों से अगले बुधवार को यूक्रेन में शांति के लिए उपवास और प्रार्थना करने का आग्रह किया है।
रूस के 1 हजार से ज्यादा सैनिक मारे गए- यूक्रेन
यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की की नई पेशकश, पुतिन को बातचीन के लिए दिया न्योता
अगर यूक्रेन की सेना लड़ाई बंद करेगी तो हम बातचीत के लिए तैयार हैं- रूस के विदेश मंत्री
रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव का कहना है कि अगर यूक्रेन की सेना की लड़ाई बंद करती है तो हम बातचीत के लिए तैयार हैं।
आग की लपटें, टूटे हुए घर दे रहे भीषण लड़ाई की गवाही
रूस की सेना कीव के पास पहुंच गई है। राजधानी के बाहर भीषण लगाई चल रही है। यूक्रेन की सेना उन्हें शहर में दाखिल होने से रोकने के लिए अपना पूरा दम-खम लगा रही है। कीव के बाहरी इलाके ओबोलॉन इलाके में रूस की तरफ से भारी बमबारी हुई है। यहां गोलियों की आवाज सुनी जा सकती हैं। सड़कों पर टैंक चल रहे हैं और लोग जान बचा रहे हैं।
#WarBreaking | कीव के पास ओबेलॉन इलाके में हुई बमबारी, गूंजी गोलियों की तड़तड़ाहट #TimesNowNavbharat पर देखिए #Exclusive तस्वीरें @himanshdxt @Anant_Tyagii #Russia #Ukraine #RussiaUkraineWar #RussiaUkraine pic.twitter.com/yggSamesc1
— Times Now Navbharat (@TNNavbharat) February 25, 2022
चेर्नोबिल परमाणु संयंत्र इलाके पर कब्जे का दावा
रूस के रक्षा मंत्रालय ने इस बात की पुष्टि की है कि उसकी वायु सेना ने चेर्नोबिल परमाणु संयंत्र इलाके पर अपना नियंत्रण कर लिया है।
कीव में चारो तरफ से दाखिल हो रही रूस की सेना
कीव पर कब्जे के ले रूसी सेना और यूक्रेन के बलों में भीषण लड़ाई हुई है। खबर है कि अब रूस की सेना कीव में चारो तरफ से घुसना शुरू हुई है। आज सुबह ही रूस की सेना कीव की तरफ बढ़ना शुरू की लेकिन राजधानी के बाहरी इलाके में उसे यूक्रेन की सेना की ओर से भारी विरोध का सामना करना पड़ा। यहां भारी गोलीबारी हुई। यूक्रेन के विदेश मंत्रालय की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि रूस की ताजा बमबारी में यूक्रेन के 13 सैनिक मारे गए हैं।
कीव के बाहरी इलाके में भीषण जंग
यूक्रेन की सेना ने कीव में अंदर आने वाले पुल को उड़ाया
यूक्रेन की सेना ने रूस की सेना को रोकने के लिए कीव में अंदर आने वाले पुल को उड़ा दिया है। यही नहीं यूक्रेन की सेना ने एक वीडियो जारी कर दावा किया है कि उसने रूस के कुछ सैनिकों को पकड़ा है।
#WarBreaking | यूक्रेन की सेना ने रूस की सेना को रोकने के लिए कीव में अंदर आने वाले पुल उड़ाए, अभी कीव से 32 किमी दूर है रूसी सेना @himanshdxt #Russia #Ukraine #RussiaUkraineWar #RussiaUkraine pic.twitter.com/gyY0qiryGT
— Times Now Navbharat (@TNNavbharat) February 25, 2022
यूक्रेन का दावा- मार गिराया एयरक्रॉफ्ट
यूक्रेन को दो करोड़ डॉलर देने की घोषणा
संयुक्त राष्ट्र ने रूस के यूक्रेन पर आक्रमण के बाद, युद्ध प्रभावित देश में विश्व निकाय के मानवीय अभियानों को तेज करने के लिए दो करोड़ डॉलर की मदद तत्काल देने की घोषणा की। संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंतोनियो गुतारेस ने बृहस्पतिवार को इस संबंध में घोषणा करते हुए कहा कि संयुक्त राष्ट्र और उसके मानवतावादी सहयोगी ‘जरूरत के वक्त में यूक्रेन में लोगों के सहयोग के लिए मौजूद रहने को प्रतिबद्ध हैं.... यह बात मायने नहीं रखती कि वे कौन हैं और कहां हैं ।’
रूसी हमले का हम कड़े शब्दों में निंदा करते हैं-ताइवान
कीव की तरफ बढ़ रही है रूस की सेना
शहरों और सैन्य ठिकानों पर हवाई हमलों के बाद, रूसी सैन्य इकाइयां यूक्रेन के सबसे बड़े शहर कीव की ओर आगे बढ़ी। अमेरिकी अधिकारियों को संदेह है कि रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन यूक्रेन की सरकार को बेदखल करके अपना शासन स्थापित करने की कोशिश कर रहे हैं। यूक्रेन के खिलाफ बड़े सैन्य अभियान की घोषणा करते हुए पुतिन ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर निंदा एवं प्रतिबंधों को नजरंदाज किया और अन्य देशों को चेतावनी दी कि रूसी कार्रवाई में किसी प्रकार के हस्तक्षेप के प्रयास के ‘‘ऐसे परिणाम होंगे, जो उन्होंने कभी नहीं देखे होंगे।''
यूक्रेन का दावा रूस के 30 से ज्यादा टैंक तबाह किए
यूक्रेन पर रूस के हमले का आज दूसरा दिन है। यूक्रेन ने इस लड़ाई में रूस को काफी क्षति पहुंचाने का दावा किया है। यूक्रेन उप रक्षा मंत्री हन्ना मलयार ने कहा है कि उनकी सेना ने रूस के 30 से ज्यादा टैंक, 7 एयरक्राफ्ट और छह हेलिकॉप्टर तबाह किए हैं।
यूक्रेन पर हमले जारी
रूस का यूक्रेन पर लगातार हमले जारी हैं। ताजा जानकारी आ रही है कि राजधानी कीव पर मिसाइल से हमला हुआ है।
यूक्रेन से फंसे भारतीयों को एयरलिफ्ट करने को तैयार: विदेश मंत्रालय
विदेश सचिव हर्षवर्धन श्रृंगला ने गुरुवार को कहा कि भारतीय वायुसेना यूक्रेन में फंसे नागरिकों को वाणिज्यिक विमानों के साथ एयरलिफ्ट करने के लिए तैयार है। श्रृंगला ने कहा, "विदेश मंत्रालय रक्षा मंत्रालय के संपर्क में है। हमने उनसे कहा है कि हमें एयरलिफ्ट के लिए प्रावधानों की आवश्यकता होगी। उस स्थिति में भारतीय वायुसेना वाणिज्यिक विमानों के साथ जा सकती है .. सभी विकल्प मेज पर हैं।"
रूसी हमले के खिलाफ दुनिया भर में प्रदर्शन
यूक्रेन पर रूसी हमले के खिलाफ टोक्यो से लेकर वाशिंगटन तक प्रदर्शन हुए हैं। यहां तक कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का गृह नगर सेंट पीट्सबर्ग में भी प्रदर्शन हुए हैं। यहां प्रदर्शन में शामिल लोगों को सुरक्षाबलों ने बलपूर्वक हटाया। वाशिंगटन, न्यूयॉर्क, मेड्रिड, लंदन, तेल अवीव, मास्को सहित कई जगहों पर लोग सड़कों पर उतरे और युद्ध रोकने की मांग की।
पुतिन आक्रमणकारी हैं : बाइडन
अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन ने अपने रूसी समकक्ष व्लादिमीर पुतिन पर ‘‘आक्रमणकारी’’ होने का आरोप लगाते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि रूस के राष्ट्रपति ने यूक्रेन के खिलाफ युद्ध को चुना। बाइडन ने रूस के खिलाफ नए आर्थिक प्रतिबंधों की घोषणा की। बाइडन ने कहा, ‘‘पुतिन एक आक्रमणकारी हैं। पुतिन ने युद्ध चुना।’’ उन्होंने रूस के खिलाफ कड़े आर्थिक प्रतिबंधों की घोषणा की, लेकिन रूसी बलों के खिलाफ युद्ध के लिए यूक्रेन में अमेरिकी बलों को भेजने से साफ इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि दुनिया रूस के खिलाफ एकजुट है।
ब्लैक सी में लड़ाई जारी-यूक्रेन
यूक्रेन के रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि ब्लैक सी के दक्षिणी पश्चिमी हिस्से में सेना रूसी बलों के साथ लड़ रही है। ओडेशा और अन्य जगहों के ठिकानों एवं बंदरगाहों की सुरक्षा की जा रही है। राजधानी कीव की सुरक्षा के लिए अतिरिक्त बलों को नए सिरे से तैनात किया गया है। यूक्रेन के सशस्त्र बलों ने रूसी सेना के हवाई हमलों को नाकाम किया है।
जेलेंस्की बोले-रूस के साथ लड़ाई में अकेले पड़ा यूक्रेन
समाचार एजेंसी एएफपी के मुताबिक यूक्रेन के राष्ट्रपति व्लोदिमीर जेलेंस्की ने कहा है कि रूस के साथ लड़ाई में उनके देश को 'अकेला छोड़' दिया गया है। जेलेंस्की का कहना है कि पहले दिन की लड़ाई में 137 लोगों की जान गई है।
चेर्नोबिल परमाणु संयंत्र पर रूसी बलों का कब्जा
यूक्रेन के राष्ट्रपति के एक सलाहकार ने बृहस्पतिवार को बताया कि रूसी सैनिकों के साथ भयंकर युद्ध के बाद यूक्रेन ने चेर्नोबिल परमाणु स्थल से नियंत्रण खो दिया है। सलाहकार मिहैलो पोदोलियाक ने ‘द एसोसिएटेड प्रेस’ (एपी) को बताया कि यूक्रेनी प्राधिकारियों को चेर्नोबिल में संयंत्र की मौजूदा स्थिति की जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा, ‘इस दिशा में रूसी बलों के बिलकुल मूर्खतापूर्ण हमले के बाद, यह कहना असंभव है कि चेर्नोबिल परमाणु ऊर्जा संयंत्र सुरक्षित है।’ इससे कुछ घंटों पहले यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने बृहस्पतिवार को कहा था कि रूसी बल चेर्नोबिल परमाणु संयंत्र पर कब्जा करने की कोशिश कर रहे हैं। इस संयंत्र में अप्रैल, 1986 में दुनिया की सबसे भीषण परमाणु दुर्घटना हुई थी, जब एक परमाणु रिएक्टर में विस्फोट के बाद पूरे यूरोप में रेडियोधर्मी विकिरण फैल गया था। यह संयंत्र कीव के उत्तर में 130 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है।
पुतिन ने युद्ध को चुना, भुगतेंगे होंगे परिणाम: अमेरिकी राष्ट्रपति
अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने कहा कि रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन हमलावर हैं। पुतिन ने इस युद्ध को चुना, और अब वह और उनका देश परिणाम भुगतेंगे। निर्यात नियंत्रण रूस के उच्च-तकनीकी आयात के आधे से अधिक को काट देगा। हम रूस के साइबर हमले का जवाब देने के लिए तैयार हैं।
Russia-Ukraine Conflict पर बोले जो बाइडेन- हमारी सेनाएं यूक्रेन नहीं जाएंगी, रूस पर लगाएंगे कड़े प्रतिबंध
रूस को गंभीर परिणाम भुगतने होंगे-जस्टिन ट्रूडो
कनाडा के पीएम जस्टिन ट्रूडो ने कहा कि रूस को गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। यूक्रेन पर हमला स्वीकार नहीं है।
चेरनोबिल परमाणु स्थल पर से यूक्रेन का नियंत्रण खत्म
एपी के मुताबिक यूक्रेन का कहना है कि उसने रूसी सैनिकों के साथ भीषण लड़ाई के बाद चेरनोबिल परमाणु स्थल पर नियंत्रण खो दिया है। 1986 में चेरनोबिल दुनिया की सबसे भीषण परमाणु आपदा का स्थल था।
यूक्रेन पर हमले का पहला दिन 'सफल' रहा- रूसी सेना
एएफपी के मुताबिक रूसी सेना ने यूक्रेन पर हमले का पहला दिन 'सफल' बताया। रूसी सैनिक ने यूक्रेन के 83 ठिकानों पर हमले किए। रूसी सैनिकों ने पावर प्लांट पर कब्जा किया। कर्मचारियों को बंधक बनाया।
पीएम मोदी ने पुतिन से की बात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यूक्रेन पर रूस के हमले से पैदा हुई स्थिति के मद्देनजर गुरुवार को रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से बात की। इस दौरान पुतिन ने प्रधानमंत्री मोदी को यूक्रेन से संबंधित हालिया घटनाक्रम से अवगत कराया। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) की ओर से जारी एक बयान के मुताबिक, प्रधानमंत्री मोदी ने बातचीत के दौरान दोहराया कि रूस और उत्तर अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) समूह के बीच मतभेदों को सिर्फ ईमानदार और गंभीर वार्ता से ही सुलझाया जा सकता है। पीएमओ के अनुसार, प्रधानमंत्री ने तत्काल हिंसा रोकने की अपील की तथा सभी पक्षों से कूटनीतिक बातचीत और संवाद की राह पर लौटने के ठोस प्रयास करने का आह्वान किया।
चीन ने यूक्रेन पर रूस की सैन्य कार्रवाई की निंदा से इनकार किया, वार्ता का आह्वान
चीन के विदेश मंत्री वांग यी ने गुरुवार को अपने रूसी समकक्ष सर्गेई लावरोव से फोन पर बात की। वहीं, चीन ने यूक्रेन में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के विशेष सैन्य अभियान की निंदा करने से इनकार किया और सभी संबद्ध पक्षों से संयम बरतने तथा तनाव को अनियंत्रित होने से रोकने का आह्वान किया। टेलीविजन पर प्रसारित संबोधन में पुतिन ने कहा कि यूक्रेन में सैन्य अभियान चलाने का रूस का कदम उस देश से उत्पन्न खतरे के मद्देनजर उठाया गया है। उन्होंने यह चेतावनी भी दी कि यदि वे रूस की कार्रवाई में दखल देते हैं तो उन्हें ‘ऐसे परिणाम भुगतने होंगे, जो उन्होंने कभी नहीं देखे होंगे। अमेरिका, यूरोपीय संघ और संयुक्त राष्ट्र महासचिव की ओर से रूसी सैन्य कार्रवाई की आलोचना किए जाने के बीच चीन ने रूस के साथ कूटनीतिक एकजुटता प्रदर्शित की है।
यूक्रेन संकट के बीच पाक पीएम इमरान खान ने रूसी राष्ट्रपति पुतिन से की मुलाकात
पूर्वी यूक्रेन में एक विशेष रूसी सैन्य अभियान की शुरुआत के बाद पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से बृहस्पतिवार को क्रेमलिन में मुलाकात की। दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय सहयोग के मुख्य पहलुओं पर चर्चा की और दक्षिण एशिया के घटनाक्रम सहित वर्तमान क्षेत्रीय विषयों पर विचारों का आदान-प्रदान किया। रूस के दो दिवसीय दौरे पर आये प्रधानमंत्री खान ने गुरुवार को मास्को में ‘अज्ञात सैनिकों के स्मारक’ पर माल्यार्पण करके अपने कार्यक्रमों की शुरुआत की। राष्ट्रपति पुतिन ने प्रधानमंत्री खान के लिए दोपहर के भोजन का भी आयोजन किया। शिखर बैठक के लिए पहुंचने पर पुतिन ने खान की अगवानी की। दोनों नेताओं ने गर्मजोशी से हाथ मिलाया। इसके बाद उन्होंने बैठक की। प्रधानमंत्री खान के साथ एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल था, जिसमें संघीय मंत्रियों शाह महमूद कुरैशी, चौधरी फवाद हुसैन, असद उमर, हम्माद अजहर, वाणिज्य सलाहकार अब्दुर रज्जाक दाऊद, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार मोईद यूसुफ और नेशनल असेंबली के सदस्य अमीर महमूद कियानी शामिल थे।
बाइडन, जी-7 के नेताओं ने यूक्रेन पर रूस के हमले को लेकर की चर्चा
व्हाइट हाउस के एक अधिकारी ने बताया कु जी-7 नेताओं की बैठक शुरू हो गई है। राष्ट्रपति बाइडन और अन्य नेता यूक्रेन पर राष्ट्रपति पुतिन के बिना किसी उकसावे और अनुचित हमले के लिए अपनी एकजुट प्रतिक्रिया पर चर्चा कर रहे हैं। जी-7 दुनिया की सात उन्नत अर्थव्यवस्थाओं का एक अनौपचारिक समूह है। इसमें कनाडा, फ्रांस, जर्मनी, इटली, जापान, ब्रिटेन, अमेरिका और यूरोपीय संघ (ईयू) शामिल हैं। व्हाइट हाउस के एक अन्य अधिकारी के अनुसार, इससे पहले राष्ट्रपति बाइडन ने यूक्रेन में नवीनतम घटनाओं पर चर्चा करने के लिए ‘सिचुएशन रूम’ में राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद की बैठक बुलाई। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने गुरुवार को टेलीविजन पर अपने संबोधन में कहा कि यूक्रेन में एक सैन्य अभियान शुरू करने का उनका कदम पड़ोसी देश से उत्पन्न खतरों के जवाब में उठाया गया है। पुतिन ने अन्य देशों को भी चेतावनी दी है कि यदि उन्होंने रूसी सैन्य अभियान में हस्तक्षेप करने का प्रयास किया तो वे ऐसे परिणाम देखेंगे जो उन्होंने कभी नहीं देखे।
यूक्रेन पर पुतिन ने कहा- हमें ये कदम उठाने के लिए मजबूर किया गया
यूक्रेन पर रूस के राष्ट्रपति पुतिन ने कहा कि रूस के पास कोई विकल्प नहीं था। हमारे अस्तित्व को ही खतरे में डाल दिया था। हमें ये कदम उठाने के लिए मजबूर किया गया। विश्व अर्थव्यवस्था को नुकसान नहीं पहुंचाना चाहते हैं।
यूक्रेन संकट पर अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन का आज रात संबोधन
यूक्रेन संकट पर अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन आज रात 11 बजे संबोधित करेंगे। व्हाइट हाउस ने कहा कि यूक्रेन में नवीनतम घटनाओं पर चर्चा करने के लिए राष्ट्रपति बाइडेन ने आज सुबह सिचुएशन रूम में अपनी राष्ट्रीय सुरक्षा टीम के साथ मुलाकात की। उन्होंने चर्चा की कि कैसे हम यूक्रेन पर अकारण और अनुचित हमले के लिए रूस को जवाबदेह ठहराएंगे।
यूक्रेन में 70 से सैन्य ठिकानों को किया नष्ट- रूस
रूस का कहना है कि यूक्रेन में 70 से अधिक सैन्य ठिकानों को नष्ट किया, जिसमें 11 हवाई क्षेत्र शामिल हैं।
आज रात पुतिन से बात कर सकते हैं पीएम मोदी, यूक्रेन ने मांगी थी मदद
सभी भारतीयों की सुरक्षा के लिए चौबीसों घंटे काम कर रहे हैं-यूक्रेन के राजदूत
यूक्रेन में भारत के राजदूत पार्थ सत्पथी ने कहा कि हम यूक्रेन की पश्चिमी सीमा के साथ पड़ोसी देशों के माध्यम से देश से भारतीय नागरिकों को कैसे निकाल सकते हैं, इसके तौर-तरीकों पर काम करना। समय अनिश्चित है और शांत रहना महत्वपूर्ण है। हम हर भारतीय के वापस लौटने तक यहां काम करना जारी रखेंगे। चूंकि हवाई क्षेत्र को अवरुद्ध कर दिया गया है, सड़कें अवरुद्ध हैं और रेल सेवाएं बाधित हैं, मैं सभी भारतीय नागरिकों को सलाह देता हूं कि वे अपने निवास के सामान्य क्षेत्र में जहां कहीं भी रहें, और जो लोग पारगमन में हैं उन्हें वापस सामान्य क्षेत्रों में जाना चाहिए। कीव में भारत का दूतावास सभी भारतीयों की सुरक्षा के लिए चौबीसों घंटे काम कर रहा है। अगर कोई कीव में फंसा हुआ है तो दोस्तों, परिवारों, भारतीय समुदाय के सदस्यों और भारतीय दूतावास से संपर्क करें।
हमें रूस से बात करनी चाहिए-शशि थरूर
यूक्रेन संकट पर कांग्रेस लोकसभा सांसद शशि थरूर ने कहा कि भारत से 24,000 छात्र हैं जबकि 2,300 केरल से हैं जो यूक्रेन में फंसे हुए हैं और मुझे भी हस्तक्षेप के लिए मैसेज प्राप्त हुए हैं। चूंकि हवाई क्षेत्र बंद है, इसलिए उन्हें देश वापस भेजने का कोई व्यावहारिक तरीका नहीं है। अगर चीनी हमारे देश में प्रवेश करते हैं तो हम चाहेंगे कि दूसरे देश हमारे लिए खड़े हों। अगर यूक्रेन हमसे रूसियों से बात करने की उम्मीद करता है, तो कम से कम हमें कोशिश करनी चाहिए।
यूक्रेन का मिलिट्री प्लेन क्रैश
यूक्रेन का मिलिट्री प्लेन राजधानी कीव के पास क्रैश हो गया है। इसमें 14 लोग सवार थे। 5 लोगों की मौत हो गई है।
यूक्रेन संकट पर विदेश मंत्री जयशंकर ने ब्रिटेन के विदेश मंत्री से बात की
विदेश मंत्री जयशंकर ने ब्रिटेन के विदेश मंत्री लिज ट्रूस से बात की। यूक्रेन की स्थिति पर विचारों का आदान-प्रदान किया।
यूक्रेन की राजधानी में घुसी रूसी सेना, कीव की सड़कों पर दौड़ रहे हैं रूसी टैंक
यूक्रेन की राजधानी कीव में रूस की सेना घुस गई है। रूस के टैंक कीव की सड़कों पर दौड़ रहे हैं।
ये यूक्रेन पर ही नहीं, लोकतंत्र पर हमला है- ब्रिटेन के पीएम
ब्रिटेन के पीएम ने कहा कि बोरिस जॉनसन ने कहा कि हमारा मिशन बिल्कुल साफ है। रूस की कार्रवाई बर्बरतापूर्ण है। रूस तानाशाही कर रहा है। हम यूक्रेन के साथ खड़े हैं। ये यूक्रेन पर ही नहीं, लोकतंत्र पर हमला है।
ओडेसा के पास हुए हमले में 18 लोग मारे गए
अधिकारी ने कहा कि यूक्रेन के ओडेसा के पास हमले में 18 लोग मारे गए।
रूस के हमले का जवाब देने को तैयार हैं, 100 ज्यादा लड़ाकू विमान अलर्ट पर- NATO
नाटो ने कहा कि रूस अंतरराष्ट्रीय कानून को माने। अपनी सेना को यूक्रेन से हटाए। यूक्रेन की रक्षा हमारी जिम्मेदारी है। यूक्रेन को अपनी रक्षा करने का हक है। नाटो ने कहा कि रूस के हमले का जवाब देने को तैयार हैं। 100 ज्यादा लड़ाकू विमान अलर्ट पर हैं। 120 से ज्यादा युद्ध पोत अलर्ट पर हैं। ये रूस की एक सुनियोजित साजिश है। नाटो महासचिव जेन्स स्टोलटेनबर्ग ने कहा कि नाटो ने यूक्रेन पर रूस के आक्रमण की कड़े शब्दों में निंदा की। हम रूस से अपनी सैन्य कार्रवाई को तुरंत जब्त करने और यूक्रेन से हटने का आह्वान करते हैं। यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की का कहना है कि रूस 'नाजी जर्मनी' की तरह काम कर रहा है।
जो संभव था वो किया, यूक्रेन से कुछ छात्र लौटे भी हैं- राजनाथ सिंह
यूक्रेन संकट पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि सरकार ने एडवाइजरी जारी की थी। जो संभव था वो किया। यूक्रेने से कुछ छात्र लौटे भी हैं। भारत चाहता है शांति कायम हो।
अत्यधिक तनावपूर्ण और बहुत अनिश्चित-यूक्रेन में भारतीय दूत
यूक्रेन में भारतीय दूत ने कहा कि स्थिति अत्यधिक तनावपूर्ण और बहुत अनिश्चित है, यह बहुत चिंता पैदा कर रही है। हवाई क्षेत्र बंद है, रेल सेवा पर दबाव बढ़ गया है और सड़कों पर जाम लग गया है। यूक्रेन में भारतीय राजदूत ने भारतीयों से कहा कि मैं सभी से शांत रहने और मजबूती के साथ स्थिति का सामना करने का अनुरोध करूंगा। कीव में भारतीय दूतावास खुला है और कामकाज जारी है। हमने प्रवासी भारतीयों से सम्पर्क किया और उनसे यूक्रेन में भारतीयों की मदद करने का अनुरोध किया।
यूक्रेन से छात्रों समेत करीब 18,000 भारतीयों को वापस लाने के लिए कदम उठा रहा है भारत
विदेश राज्य मंत्री वी. मुरलीधरन ने कहा कि मैंने यूक्रेन में मलयाली छात्रों से फोन पर बात की। यूक्रेन के दक्षिणी इलाकों में रहने वाले भारतीय छात्रों ने हमें बताया है कि उन्हें खाना, पानी और बिजली मिल रही है। छात्र और अभिभावक घबराएं नहीं। हमारी सरकार ने इराक जैसी जगहों से भी भारतीयों को वापस लाया है। विदेश मंत्रालय यूक्रेन से छात्रों समेत करीब 18,000 भारतीयों को वापस लाने के लिए कदम उठा रहा है। चूंकि यूक्रेन में हवाई क्षेत्र बंद है, भारतीय नागरिकों को निकालने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है। केंद्र सरकार सभी भारतीयों की सुरक्षा सुनिश्चित करेगी।
यूपी से लौटते ही यूक्रेन संकट पर पीएम मोदी करेंगे बैठक
जो देश की रक्षा करना चाहता है उसे हम हथियार देंगे- यूक्रेन के राष्ट्रपति
यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने कहा कि जो देश की रक्षा करना चाहता है उसे हम हथियार देंगे। हमारे शहरों के स्क्वायर में यूक्रेन का समर्थन करने के लिए तैयार रहें। हम यूक्रेन के उन सभी नागरिकों पर से प्रतिबंध हटा देंगे जो हाथों में हथियारों के साथ क्षेत्रीय रक्षा के हिस्से के रूप में हमारे देश की रक्षा के लिए तैयार हैं। हमने रूस के साथ राजनयिक संबंध तोड़ लिए हैं। उन सभी के लिए जिन्होंने अभी तक रूस में अपना विवेक नहीं खोया है, यह समय बाहर जाने और यूक्रेन के साथ युद्ध का विरोध करने का है।
40 से अधिक यूक्रेनी सैनिक मारे गए
रॉयटर्स के मुताबिक यूक्रेन के राष्ट्रपति कार्यालय के सलाहकार का कहना है कि 40 से अधिक यूक्रेनी सैनिक मारे गए और कई दर्जन घायल हुए। एएफपी के मुताबिक यूक्रेन ने रूस के साथ राजनयिक संबंध तोड़ दिए।
डोनबास में यूक्रेनी सेना के खिलाफ पलटवार
डीपीआर और एलपीआर फोर्स ने डोनबास में यूक्रेनी सेना के खिलाफ पलटवार शुरू किया।
भारतीय दूतावास-यूक्रेन से नहीं हो पाएंगी उड़ानें, नागरिकों को निकालने की बना रहे दूसरी व्यवस्था
यूरोपीय आयोग के अध्यक्ष का बयान
यूरोपीय आयोग के अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने कहा कि यूरोपीय नेताओं को उनकी स्वीकृति के लिए बड़े पैमाने पर और लक्षित प्रतिबंधों का एक पैकेज पेश करेंगे। इसके साथ हम प्रमुख प्रौद्योगिकियों और बाजारों तक रूस की पहुंच पर रोक के साथ रूसी अर्थव्यवस्था के रणनीतिक क्षेत्रों पर ध्यान केंद्रित करेंगे।
रूस जो लड़ना चाहते हैं, आगे आएं हम देंगे हथियार -यूक्रेन
यूक्रेन के रक्षा मंत्री ओलेक्सी रेज्नीकोव ने कहा है कि जो कोई भी हथियार उठा सकता है और युद्ध लड़ने के लिए तैयार है, वह टेरिटोरियल डिफेंस फोर्स में शामिल हो सकता है। रिपोर्टों में कहा गया है कि यूक्रेन में लोगों के बीच हथियार बांटे जा रहे हैं।
Ukraine Defence Minister Oleksii Reznikov says anyone who is ready and able to hold a weapon can join the ranks of the Territorial Defence Forces: Reuters #RussiaUkraineCrisis
— ANI (@ANI) February 24, 2022
नाटो की आक्रामक नीति का शिकार बना यूक्रेन-चीन
यूक्रेन पर रूस के हमले पर चीन का आधिकारिक बयान आया है। चीन ने रूस का समर्थन किया है। चीन ने कहा है कि नाटो की आक्रामक नीति का यूक्रेन शिकार हुआ है।
शहरों पर बमबारी कर रहा रूस-यूक्रेन
यूक्रेन का दावा-रूस के हमलों में 7 की मौत
यूक्रेन के सेना प्रमुख ने कहा है कि वह अपने देश में हैं। वह समर्पण नहीं करेंगे। इस लड़ाई में जीत उनकी होगी। यूक्रेन ने कहा है कि रूस के हमलों में कम से कम सात लोगों की मौत हुई है और नौ लोग घायल हुए हैं। समाचार एजेंसी रायटर्स ने यूक्रेन के गृह मंत्री के हवाले से कहा है कि ब्रोवरी में एक व्यक्ति की मौत हुई है और एक घायल हुआ है।
हमले के बाद भारत की आधिकारिक प्रतिक्रिया
यूक्रेन पर रूस पर हमला होने के बाद भारत सरकार ने अपनी पहली आधिकारिक प्रतिक्रिया दी है। विदेश मंत्रालय ने कहा है कि तेजी से बदल रहे हालात पर वह करीब से नजर रख रहा है।
यूक्रेन के विद्रोही नेताओं ने मांगी मदद: रूस का दावा
रूस ने कहा है कि पूर्वी यूक्रेन में विद्रोही नेताओं ने यूक्रेन की ‘आक्रामकता’से बचाव के लिए रूस से सैन्य सहायता मांगी है। क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव ने कहा कि विद्रोही नेताओं ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को पत्र लिखकर बताया है कि यूक्रेन की सेना द्वारा की गई गोलाबारी में कई नागरिकों की मौत हुई है और कई लोग पलायन करने को मजबूर हुए हैं। यह कार्रवाई पुतिन द्वारा पूर्वी यूक्रेन में रूस समर्थित विद्रोही क्षेत्रों की स्वतंत्रता को मान्यता देने और उनके साथ मित्रता संधियों पर हस्ताक्षर करने के बाद की गई है। मंगलवार को इन्होंने पुतिन को देश के बाहर सैन्य बल का इस्तेमाल करने की अनुमति भी दे दी थी।
यूक्रेन को चौतरफा घेर रहा रूस, अब साइबर हमला
यूक्रेन पर रूस ने चौतरफा हमला बोल दिया है। मिसाइल, फाइटर प्लेन से यूक्रेन के शहरों पर हमले हो रहे हैं। इस बीच रूस ने यूक्रेन पर साइबर हमला भी किया है। साइबर हमले की वजह से यूक्रेन के बैंक, एटीएम की सेवाएं प्रभावित हो गई हैं।
यूक्रेन के एयर डिफेंस सिस्टम को निष्क्रिय करने का दावा
रूसी रक्षा मंत्रालय की तरफ से दावा किया गया है कि उसने यूक्रेन के एयर डिफेंस सिस्टम को निष्क्रिय कर दिया है। जाहिर है कि रूस ने यूक्रेन पर साइबर हमला भी बोला है।
रूसी विमान को मार गिराने का दावा
यूक्रेन ने दावा किया है कि उसने रूस के पांच लड़ाकू विमानों को मार गिराया है। यूक्रेन की सेना पलटवार करना शुरू किया है। यूक्रेन के कई शहरों में रूसी सेना के हमले हो रहे हैं। कई शहरों में धमाकों हुए हैं। लोग शहरों को छोड़कर सुरक्षित जगहों रप जा रहे हैं।
यूक्रेन में बेलारूस की सेना भी दाखिल हुई।
खबर यह भी आ रही है कि यूक्रेन पर हमले में रूसी सेना का साथ बेलारूस की सेना भी दे रही है। बेलारूस की सेना यूक्रेन की सीमा में दाखिल हो चुकी है।
जेलेंस्की और बाइडन के बीच बातचीत हुई
अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने कहा है कि यूक्रेन पर रूस के हमले के बाद उनकी फोन पर जेलेंस्की से बात हुई है। जेलेंस्की ने दुनिया भर से मदद मांगी है। उन्होंने कहा कि रूस जो कुछ भी कर रहा है उसके खिलाफ दुनिया के लोगों को आवाज बुलंद करने की जरूरत है। अमेरिकी राष्ट्रपति लगातार अपने यूक्रेन के समकक्ष के साथ संपर्क में हैं।
सायरन बजाकर लुहांस्क शहर को खाली करने को कहा
यूक्रेन सरकार ने सायरन बजाकर लुहांस्क शहर को खाली करने के लिए कहा है। यूक्रेन का कहना है कि इस शहर पर मिसाइल से हमला हो सकता है। लोग दहशत में है और लुहांस्क की सड़कों पर वाहनों का रेला लग गया है।
यूएन में यूक्रेन के राजदूत ने क्या कहा
संयुक्त राष्ट्र में यूक्रेन के राजदूत सर्गिय किस्लित्सिया ने सुरक्षा परिषद को बताया कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने ‘यूक्रेन के खिलाफ युद्ध की घोषणा’ कर दी है। उन्होंने अपने रूसी समकक्ष पर यह कहने के लिए भी दबाव डाला कि रूस यूक्रेन के शहरों पर गोलाबारी और बमबारी नहीं करेगा। यूक्रेन के राजदूत ने बुधवार देर रात कहा कि यदि रूसी राजदूत वासिले नेबेंज़िया सकारात्मक जवाब देने की स्थिति में नहीं हैं, तो उन्हें सुरक्षा परिषद की अध्यक्षता छोड़ देनी चाहिए। दरअसल, रूस इस महीने के लिए सुरक्षा परिषद की अध्यक्षता कर रहा है। यूक्रेन के राजदूत ने सुरक्षा परिषद की एक और आपात बैठक बुलाने की मांग करते हुए कहा कि संयुक्त राष्ट्र निकाय को अब युद्ध रोकने के प्रयास करने चाहिए क्योंकि सैनिकों को हटाने के बारे में बात करने का वक्त निकल चुका है।
हम आम लोगों को निशाना नहीं बना रहे-रूस
रूस की सेना का बड़ा बयान आया है। रूसी सेना का कहना है कि वह आम लोगों पर हमला नहीं कर रही है। उसके निशाने पर यूक्रेन के सैन्य ठिकाने हैं। इस बीच यूक्रेन के राष्ट्रपति ने दुनिया से तत्काल हस्तक्षेप करने की अपील की है।
दुनिया की प्रार्थनाएं यूक्रेन के साथ-बाइडेन
8 साल के 'नरसंहार' से हम बचा रहे हैं-पुतिन
रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने कहा है कि इन हमले का लक्ष्य यूक्रेन के लोगों की सुरक्षा करना है। पुतिन का दावा है कि यहां के लोग बीते आठ सालों से 'नरसंहार' का सामना कर रहे हैं। रूस का लक्ष्य यूक्रेन पर कब्जा करना नहीं है। इस बीच यूक्रेन के गृह मंत्री ने दावा है कि मिलिट्री हार्डवेयर संयंत्र पर मिसाइल से हमला किया गया है।
यूक्रेन में मार्शल लॉ लागू
रूस के हमलों के बाद यूक्रेन ने अपने यहां मार्शल लॉ लागू कर दिया है। देश में आपातकाल पहले से लागू है। खबर है कि रूस ने यूक्रेन के एयर डिफेंस सिस्टम को भी निशाना बनाया है।
'यूक्रेन अपने बचाव के साथ युद्ध भी जीतेगा'
यूक्रेन के विदेश मंत्री ने कहा कि यूक्रेन अपना बचाव करेगा और जीतेगा। पुतिन ने अभी-अभी यूक्रेन पर पूर्ण पैमाने पर आक्रमण शुरू किया है। यूक्रेन के शांतिपूर्ण शहरों पर हमले हो रहे हैं. यह आक्रामकता का युद्ध है। दुनिया पुतिन को रोक सकती है और उसे भी करना चाहिए। अब कार्रवाई करने का समय है।
यूक्रेन पर कब्जा करना मकसद नहीं- पुतिन
यूक्रेन के खिलाफ युद्ध के ऐलान के बाद राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा कि सभी फैसले हो चुके हैं, अब पीछे हटने का सवाल नहीं है। हम यूक्रेन पर कब्जे की कोशिश नहीं कर रहे हैं। हमारा मकसद यूक्रेन का विसैन्यीकरण करना है।
हम यूक्रेन को निहत्था करना चाहते हैं-पुतिन
हम जवाब देंगे-बाइडेन
अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने कहा है कि यूक्रेन में तबाही के लिए रूस जिम्मेदार होगा। अमेरिका और सहयोगी देश एक होकर एवं निर्णायक रूप से रूस को जवाब देंगे। ह्वाइट हाउस इस घटना पर नजर बनाकर रखेगा। मैं अपनी राष्ट्रीय सुरक्षा टीम से ब्रीफिंग लेता रहूंगा। कल सुबह मैं अपने जी 7 के सहयोगियों से मुलाकात करूंगा।
अंतरराष्ट्रीय मीडिया ने जारी किया हमले का वीडियो
अंतरराष्ट्रीय रिपोर्टों में कहा गया है कि रूस की सेना क्रीमिया के रास्ते यूक्रेन में दाखिल हो रही है। शहर खारकिव में मिसाइल से हमला हुआ है। मारियुपोल शहर में भी हमला होने की खबर है। अंतरराष्ट्रीय मीडिया ने हमले के कुछ वीडियो जारी किए हैं। वीडियो में धमाका होते देखा जा सकता है।
#FirstOnTNNavbharat | #RussiaUkraineCrisis | रूस ने यूक्रेन के खिलाफ किया हमले का का ऐलान, देखिए यूक्रेन पर हमले की तस्वीर#Ukraine #Russia #America @JournoAmitSingh pic.twitter.com/uenCLLXupd
— Times Now Navbharat (@TNNavbharat) February 24, 2022
पुतिन ने 'मिलिट्री ऑपरेशन' का आदेश दिया
यूक्रेन के क्रीव, क्रामातोर्स्क में कई धमाके
अब पुतिन की अंगुली ट्रिगर पर है-यूके
यूएनएससी की आपात बैठक में शरीक ब्रिटेन के प्रतिनिधि ने कहा कि हम रूस से युद्ध टालने की अपील करते हैं। रूस की सेना यूक्रेन पर बंदूक ताने हुए है अब पतिन की अंगुली ट्रिगर पर है। युद्ध अगर बड़े पैमाने पर छिड़ता है तो इससे बहुत ज्यादा जन-धन की हानि होगी। दुनिया शांति का आह्वान कर रही है लेकिन रूस किसी की बात नहीं सुन रहा। ब्रिटेन यूक्रेन की संप्रभुता पर अपनी प्रतिबद्धता से समझौता नहीं करेगा। अभी भी तनाव को कम किया जा सकता है और वह समय अभी है।
पुतिन अपने सैनिकों को वापस आने को कहें-अमेरिका
अमेरिकी प्रतिनिधि ने कहा कि हम रूस की कार्रवाई का एकजुटता के साथ जवाब देंगे। हम यहां रूस से यह कहना चाहते हैं कि वह अपने सेना को सीमा पर वापस लौटने का आदेश दें। रूस अपने वार्ताकार बातचीत की टेबल पर भेजे। रूस ने पूरी तरह से यक्रेन की संप्रभूता का उल्लंघन किया है।
गुटेरेस ने कहा-शांति को एक मौका दें पुतिन
युक्रेन-रूस तनाव पर संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की आपात बैठक हो रही है। इस बैठक में संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने कहा कि रूस एक और ऑपरेशन करने वाला है। गुटेरेस ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से यूक्रेन पर हमला रोकने और शांति को एक मौका देने की अपील की है।

