Bangladesh Political Crisis: बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के मुखिया मोहम्मद युनुस ने पद से इस्तीफा देने की धमकी दी। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, युनुस अपने पद से इस्तीफा दे सकते हैं, क्योंकि राजनीतिक दल एक आम सहमति पर नहीं पहुंच पा रहे हैं। इस वजह से युनुस को काम करने में दिक्कत हो रही है।
बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के मुखिया मोहम्मद यूनुस (फाइल फोटो)
बांग्लादेश के हालात से हारे युनुस
बीबीसी बांग्ला सेवा ने गुरुवार आधी रात को छात्र नेतृत्व वाली एनसीपी पार्टी प्रमुख निहद इस्लाम के हवाले से बताया कि युनुस इस्तीफा देने पर विचार कर रहे हैं। इस्लाम ने कहा, ''हम सुबह से सर (युनुस) के इस्तीफे की खबर सुन रहे हैं। इसलिए मैं उस मुद्दे पर चर्चा के लिए सर से मिलने गया था... उन्होंने कहा कि वह इस बारे में विचार कर रहे हैं।''
एनसीपी नेता ने कहा कि युनुस ने आशंका जताई कि देश की मौजूदा स्थिति में वह काम नहीं कर पाएंगे, उन्होंने कहा- जब तक राजनीतिक दल एकमत नहीं हो जाते, मैं काम नहीं कर पाऊंगा। इस्लाम ने कहा कि उन्होंने युनुस से देश की सुरक्षा और भविष्य तथा जनांदोलन की अपेक्षाओं को पूरा करने के लिए मजबूत बने रहने को कहा।
'युनुस के रहने का कोई मतलब नहीं'
इस्लाम ने कहा कि उन्होंने युनुस से कहा कि उन्हें उम्मीद है कि राजनीतिक दल एकजुट होकर सहयोग करेंगे और मुझे उम्मीद है कि सभी उनके साथ सहयोग करेंगे। हालांकि, एनसीपी नेता ने कहा कि अगर युनुस अपना काम नहीं कर सकते तो उनके रहने का कोई मतलब नहीं।
