दुनिया

बांग्लादेश में हिंसा के बीच मतदान कल, 50% से ज्यादा 'जोखिमपूर्ण' मतदान केंद्र; बॉडी कैम पहने पुलिसकर्मी होंगे तैनात

Bangladesh Elections: बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों के साथ लगातार हो रही हिंसा के बीच चुनावी प्रक्रिया चल रही है। ऐसे में चुनावों के लिए आधे से ज्यादा मतदान केंद्रों को 'रिस्की' माना जा रहा है।

Image

बांग्लादेश में हो रहे आम चुनाव

Photo : AP

Bangladesh Elections: बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों के साथ लगातार हो रही हिंसा के बीच चुनावी प्रक्रिया चल रही है। ऐसे में चुनावों के लिए आधे से ज्यादा मतदान केंद्रों को 'रिस्की' माना जा रहा है, जिसके मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

CCTV से होगी कड़ी निगरानी

समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, 90 फीसदी 'रिस्की' मतदान केंद्रों में CCTV से कड़ी निगरानी की जाएगी। राजधानी ढाका में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं, जिनमें कई पहली बार बॉडी कैमरा पहनकर ड्यूटी करेंगे।

इलेक्शन कमिश्नर अबुल फजल मोहम्मद सनाउल्लाह ने मंगलवार देर रात मीडिया ब्रीफिंग में बताया कि सुरक्षा व्यवस्था स्थानीय संवेदनशीलता और जोखिम के आकलन के आधार पर तय की गई है। उन्होंने कहा कि इस बार चुनावों में लॉ एनफोर्समेंट स्टाफ का अब तक की सबसे बड़ी तैनाती और तकनीक का सबसे व्यापक इस्तेमाल देखने को मिलेगा।

मोहम्मद सनाउल्लाह ने उम्मीद जताई कि कानून प्रवर्तन एजेंसियां मतदान के दौरान और उसके बाद मतदाताओं के लिए शांतिपूर्ण माहौल सुनिश्चित करेंगी। उन्होंने कहा कि मौजूदा कानून-व्यवस्था की स्थिति से चुनाव आयोग काफी हद तक संतुष्ट है और पहले की तुलना में हम बेहतर स्थिति में हैं।

43,000 मतदान केंद्रों में होगी वोटिंग

इस बीच, पुलिस महानिरीक्षक बहारुल आलम ने बताया कि देशभर के करीब 43,000 मतदान केंद्रों में से 24,000 को 'उच्च' या 'मध्यम' जोखिम वाला माना गया है। पुलिस के अनुसार ढाका के 2,131 केंद्रों में से 1,614 जोखिम-प्रवण हैं। हालांकि सेना ने पहले एक मीडिया ब्रीफिंग में ढाका शहर के केवल दो केंद्रों को ही 'जोखिमपूर्ण' बताया था।

बांग्लादेश में कब होगा मतदान?

सनद रहे कि बांग्लादेश में अगस्त 2024 में पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना को सत्ता से अपदस्थ किए जाने के बाद पहली बार आम चुनाव हो रहे हैं। बांग्लादेश में 12 फरवरी, 2026 दिन को मतदान होगा। मतदाता सुबह 7:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक मतदान कर सकेंगे। इसके बाद शाम 4 बजे से ही वोटों की गिनती शुरू हो जाएगी और मतगणना पूरी होने के बाद चुनाव आयोग 13 फरवरी, 2026 की सुबह आधिकारिक तौर पर चुनाव नतीजों का ऐलान करेगा।

बांग्लादेश में थम नहीं रही हिंसा

बांग्लादेश में लगातार हिंदुओं को निशाना बनाया जा रहा है। ताजा मामला मयमनसिंह जिले के त्रिशाल उपजिला से सामने आया, जहां पर अज्ञात लोगों ने 62-वर्षीय एक हिंदू व्यापारी की उसकी दुकान के अंदर धारदार हथियारों से हमला करके हत्या कर दी। त्रिशाल पुलिस थाने के प्रमुख मोहम्मद फिरोज हुसैन ने समाचार पोर्टल 'बीडीन्यूज24डॉटकॉम' को बताया कि यह घटना सोमवार रात उपजिला के बोगर बाजार चौराहे पर हुई।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!