Bangladesh News: बांग्लादेश में प्रतिबंधित अवामी लीग पार्टी की 77वीं स्थापना दिवस पर आयोजित गतिविधियों को लेकर देशभर में सुरक्षा एजेंसियां सतर्क रहीं। इस दौरान पार्टी के कई कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार राजधानी ढाका समेत विभिन्न क्षेत्रों में अवामी लीग समर्थकों ने प्रतिबंध के बावजूद जुलूस निकालने और एकत्र होने की कोशिश की, जिसके बाद कार्रवाई की गई।
बांग्लादेश में अवामी लीग के कई कार्यकर्ता गिरफ्तार (फाइल फोटो)
अवामी लीग की स्थापना 23 जून 1949 को हुई थी। यह बांग्लादेश की सबसे पुरानी राजनीतिक पार्टियों में से एक है और 1971 के मुक्ति संग्राम में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका रही थी। हालांकि पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की सरकार के पतन के बाद पार्टी पर प्रतिबंध लगा दिया गया था। बाद में संसद ने भी इस फैसले को मंजूरी दे दी। स्थापना दिवस से पहले अवामी लीग ने सोशल मीडिया के माध्यम से अपने समर्थकों से ऑनलाइन कार्यक्रम आयोजित करने, पार्टी का झंडा फहराने और विभिन्न गतिविधियों में भाग लेने की अपील की थी। इसके बाद कई जगहों पर समर्थकों ने छोटे-छोटे जुलूस निकालने की कोशिश की।
26 लोगों को किया गिरफ्तार
ढाका पुलिस का कहना है कि केवल राजधानी में ही 26 लोगों को हिरासत में लिया गया है, जबकि देश के अन्य हिस्सों से भी कई गिरफ्तारियों की सूचना मिली है। पुलिस अधिकारियों ने दावा किया कि उन्होंने किसी भी बड़े जमावड़े या रैली को सफल नहीं होने दिया और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अभियान जारी रहेगा। दूसरी ओर, अवामी लीग के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर ऐसे वीडियो साझा किए गए जिनमें पार्टी समर्थक झंडे और बैनर लेकर नारेबाजी करते दिखाई दिए।
पूर्व पीएम शेख हसीना ने दिया कार्यकर्ताओं को खास संदेश
पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने भी सोशल मीडिया पर संदेश जारी कर समर्थकों का मनोबल बढ़ाने की कोशिश की। कुछ जिलों में अतिरिक्त पुलिस बल और सुरक्षा व्यवस्था तैनात की गई है। प्रशासन का कहना है कि किसी भी तरह की अवैध राजनीतिक गतिविधि या कानून तोड़ने की कोशिश पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं अवामी लीग का दावा है कि उसे जनता का समर्थन प्राप्त है और वह भविष्य में और अधिक मजबूती के साथ वापसी करेगी।
