PM Modi US Visit: जापान के प्रधानमंत्री सुगा से मिले PM मोदी, इन अहम मुद्दों पर हुई बातचीत

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Sep 24, 2021, 07:04 AM IST

Modi In US: प्रधानमंत्री मोदी ने देर रात अमेरिका में जापान के प्रधानमंत्री योशिहिदे सुगा के साथ बैठक की। इस दौरान दोनों नेताओं ने आपसी संबंधों को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता को दोहराया।

PM Modi US Visit: जापान के प्रधानमंत्री सुगा से मिले PM मोदी, इन अहम मुद्दों पर हुई बातचीत

वाशिंगटन: अपने अमेरिकी दौरे के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi US Visit) ने जापान के प्रधानमंत्री योशिहिदे सुगा से भी मुलाकात की और उन्हें वैश्विक महामारी के बीच टोक्यो ओलंपिक और पैरालंपिक खेलों की सफलतापूर्वक मेजबानी करने के लिए बधाई दी। इस दौरान दोनों प्रधानमंत्रियों ने भारत-जापान के द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत बनाने को लेकर चर्चा की और बहुआयामी संबंधों की समीक्षा की। इसके अलावा दोनों नेताओ ने व्यापार और सांस्कृतिक संबंधों को और बढ़ावा देने के तरीकों सहित कई मुद्दों पर चर्चा की।

अफगानिस्तान के मुद्दे पर हुई चर्चा

पिछले साल सितंबर में शिंजो आबे के बाद जापान की कमान संभालने के बाद सुगा के साथ पीएम मोदी की यह पहली व्यक्तिगत मुलाकात भी थी। मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं ने अफगानिस्तान सहित हाल के वैश्विक और क्षेत्रीय घटनाक्रमों पर विचार-विमर्श किया। दोनों नेताओं ने एक स्वतंत्र, खुले और समावेशी हिंद-प्रशांत क्षेत्र के लिए अपनी प्रतिबद्धता भी जताई। भारत और जापान रक्षा उपकरणों और प्रौद्योगिकियों के क्षेत्र में द्विपक्षीय सुरक्षा और रक्षा सहयोग बढ़ाने पर भी सहमत हुए। पीएम मोदी और पीएम योशीहिदे सुगा के बीच आपूर्ति श्रृंखला, व्यापार, डिजिटल अर्थव्यवस्था और पी-2-पी से जुड़े मुद्दों पर भी बातचीत हुई। प्रधानमंत्री कार्यालय ने इस मुलाकात को 'फर्दरिंग फ्रेंडशिप विद जापान' का नाम दिया।

द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने पर दिया जोर

 इस बैठक को लेकर विदेश मंत्रालय ने ट्वीटर पर बताया कि जापान के साथ भारत की साझेदारी सामान्य मूल्यों पर आधारित है जो इतिहास में एक विशेष रणनीतिक और वैश्विक साझेदारी के तहत दृढ़ता से निहित है। पीएम मोदी ने भारत-जापान के बीच मेनुफेक्चरिंग, MSME और स्कील डेवलपमेंट के क्षेत्र में द्विपक्षीय भागीदारी मजबूत करने पर भी जोर दिया। दोनों प्रधानमंत्रियों ने मुंबई-अहमदाबाद हाई स्पीड रेल परियोजना के सुचारू और समय पर कार्यान्वयन की सुविधा के लिए आगे के प्रयासों के लिए भी अपनी प्रतिबद्धता जताई।

End of Article