जनरल बाजवा ने भारत को दी गीदड़भभकी, बोले-हाइब्रिड वार की जंग जीत जाएगा पाकिस्तान

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Sep 8, 2020, 11:53 AM IST

General Bajwa : पाकिस्तान के सेना प्रमुख जनरल कमर जावेद बाजवा ने भारत को एक बार फिर धमकी दी है। उन्होंने कहा कि भारत के साथ यदि हाइब्रिड वार हुई तो उनका देश यह जंग जीत जाएगा।

जनरल बाजवा ने भारत को दी गीदड़भभकी, बोले-हाइब्रिड वार की जंग जीत जाएगा पाकिस्तान

नई दिल्ली : पाकिस्तान के सैन्य प्रमुख जनरल कमर जावेद बाजवा ने भारत को एक बार फिर गीदड़भभकी दी है। भारत को चेतावनी देते हुए बाजवा ने दावा किया है कि उनका देश 'हाइब्रिड वार अथवा पांचवीं पीढ़ी की जंग' जीत जाएगा। रविवार को रावलपिंडी स्थित सेना मुख्यालय में 'रक्षा एवं शहीद दिवस' पर आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बाजवा ने कहा कि इन दिनों पाकिस्तान देश और सेना को कमजोर करने के प्रयासों सहित कई चुनौतियों का सामना कर रहा है।

'हम हाइब्रिड वार की चुनौती का सामना कर रहे'
उन्होंने कहा, 'हम पांचवीं पीढ़ी अथवा हाइब्रिड वार की चुनौतियों का सामना कर रहे हैं। ये हम पर थोपा गया है। इसका उद्देश्य देश और सेना को कमजोर करना और अराजकता फैलाना है। हम इसके खतरे से अच्छी तरह वाकिफ हैं। हम देशवासियों के सहयोग के साथ निश्चित रूप से इस जंग को जीत जाएंगे।' भारत का नाम लिए बगैर बाजवा ने चेतावनी दी, 'हम पर युद्ध यदि थोपा गया तो हम उसका करारा जवाब देंगे।'

बालाकोट एयर स्ट्राइक का जिक्र किया
सेना प्रमुख ने आगे कहा, 'हम दुश्मन के नापाक इरादों को नाकाम करने के लिए हमेशा तैयार हैं।' भारत को निशाने पर लेते हुए बाजवा ने कहा कि 1965 की जंग में पाकिस्तान ने अपने से ज्यादा बड़ी सेना रखने वाले हिंदुस्तान को हराया था। बालाकोट एयर स्ट्राइक के बाद पाकिस्तानी वायु सेना की कार्रवाई को याद करते हुए बाजवा ने कहा कि दुश्मन को हमारी क्षमताओं के बारे में कोई संदेह नहीं रहना चाहिए।

पाकिस्तान शांति चाहता है-बाजवा
बाजवा ने कहा, 'हम दुनिया में खासकर अपने क्षेत्र में शांति चाहते हैं। अफगानिस्तान में पाकिस्तान जो कुछ कर रहा है वह इस बात का गवाह है लेकिन पड़ोसी देश भारत ने हमेश गैर जिम्मेदार रुख अपनाया है।' पाकिस्तानी सेना प्रमुख की यह गीदड़भभकी नई नहीं है। पाकिस्तान के हुक्मरान देश अथवा विदेश जहां कहीं भी उनको अपनी बात रखने का मौका मिलता है, वे भारत के खिलाफ झूठ का प्रोपगैंडा फैलाते हैं। जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 के खात्मे के बाद पाकिस्तान की बौखलाहट पहले से कहीं ज्यादा बढ़ गई है।

भारत के खिलाफ पाकिस्तान की बौखलाहट बढ़ी
पाकिस्तान दुनिया के मंचों पर कश्मीर मसले का राग अलाप चुका है लेकिन किसी भी देश ने उसकी बात का विश्वास नहीं किया। इस बौखलाहट में उसने जम्मू-कश्मीर में आतंकवादियों की मदद से हिंसा एवं उपद्रव का दौर शुरू करने की असफल कोशिश की लेकिन सुरक्षा बलों की मुस्तैदी और उनकी कार्रवाई ने दहशतगर्दी की कमर तोड़ दी है। कश्मीर पर बयान देकर पाकिस्तान के नेता एवं हुक्मरान अपने देश की जनता को बरगलाते आए हैं।  
 

End of Article