सड़कों पर आपने उन बच्चों को जरूर देखा होगा। जो स्कूल जाने की उम्र में अपना घर-परिवार चलाने का काम करते हैं। चाहे कड़ी धूप हो या बारिश वे सड़क पर खड़े होकर मेहनत से दो रोटी कमाने का काम करते हैं। हाल में ऐसे ही दो बच्चों का वीडियो इस वक्त सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। जिसने लाखों लोगों का दिल छू लिया।
बच्चों को महिला ने KFC में खिलाया खाना (Instagram/@Timesnow_Trending)
रोजी-रोटी के लिए बच्चे बने लिविंग स्टैच्यू
वायरल हो रहे इस वीडियो (Viral Video) में देखा जा सकता है कि दो छोटे बच्चे अपने पूरे शरीर पर गोल्डन पेंट लगाकर सड़क किनारे लिविंग स्टैच्यू बनकर खड़े हैं। वे अपने इसी हुनर से लोगों का मनोरंजन करते हैं। वीडियो में आप देख सकते हैं कि दोनों बच्चे सिर से लेकर पैर तक गोल्डन कलर के पेंट में रंग हुए हैं। तेज धूप होने के बावजूद भी वे बिना हिले-डुले एक जगह खड़े रहते हैं, ताकि राह चलते लोग उनकी परफॉर्मेंस देखें और उन्हें कुछ पैसे देकर उनकी मदद करें। इतनी गर्मी में घंटों तक इस तरह खड़े रहना किसी भी इंसान के लिए आसान काम तो नहीं है लेकिन रोजी-रोटी के लिए ये बच्चे पूरी लगन से अपना यह काम करते दिख रहे हैं।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:
महिला ने भूखे बच्चों को खिलाया खाना
इसी दौरान वहां से गुजर रही एक महिला की नजर उन दोनों बच्चों पर पड़ती है। बच्चों की मेहनत और उनकी हालत देखकर उसका दिल पसीज जाता है। वह दोनों बच्चों को पास के KFC रेस्टोरेंट में ले जाती है और उन्हें भरपेट खाना खिलाती है। जैसे ही बच्चों के सामने खाना आता है, उनके चेहरे पर खुशी साफ दिखाई देने लगती है। महिला के इस छोटे-से प्यार भरे कदम ने दोनों बच्चों को भावुक कर दिया और महिला की इस दरियादिली ने वहां मौजूद लोगों का भी दिल जीत लिया।
वीडियो देख लोग कर रहे हैं महिला की तारीफ
यह पूरा पल कैमरे में रिकॉर्ड हो गया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो (Video) देखने के बाद लोग महिला की खूब तारीफ कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, "दुनिया में अभी भी अच्छे लोग मौजूद हैं।" वहीं दूसरे ने कहा, "किसी भूखे को खाना खिलाने से बड़ा कोई दान नहीं होता।" कई लोगों ने बच्चों की मेहनत की भी सराहना की और कहा कि कम उम्र में भी वे मेहनत करके अपनी जिंदगी आगे बढ़ाने की कोशिश कर रहे हैं।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
