लूटपाट की घटनाओं के सीसीटीवी फुटेज अक्सर सोशल मीडिया पर वायरल होते रहते हैं। हाल में एक ऐसा ही वीडियो इन दिनों तेजी से सर्कुलेट हो रहा है जिसमें एक दुकान को लूटने आए लुटेरे का इरादा तब बदल गया जब उसने देखा कि दुकान पर बैठा व्यक्ति कोई और नहीं बल्कि उसके स्कूल का दोस्त है। इसके बाद वह लुटेरा अपने दोस्त की दुकान को लूटने का इरादा छोड़ उसके साथ बैठकर दो पल सुकून के और मस्ती-मजाक करते हुए बिताता है।
चोरी की वारदात का फुटेज (Instagram/@sole_of_india)
ये भी पढ़ें: हवा में हुई दो बाजों की जबरदस्त लड़ाई, शिकारी पक्षियों का यह महासंग्राम देख दंग रह गए लोग
दुकान में घुसा नकाबपोश चोर
वीडियो में देखा जा सकता है कि एक नकाबपोश चोर अपने मुंह पर कपड़ा डाले और हाथ में बंदूक लिए एक दुकान में घुस जाता है। दुकान में घुसते ही वह तुरंत बंदूक तान देता है और गल्ला खाली करने को बोलता है। चोर के हाथ में बंदूक देख दुकानदार डर के मारे दुबककर काउंटर के नीचे बैठ जाता है। जब चोर उसे बाहर निकलने को कहता है तो वह काउंटर से निकलता है, और चोर को देख तुरंत पहचान जाता है।
दुकानदार निकला स्कूल का पुराना दोस्त
फिर दुकानदार उस चोर का नाम पुकारता है और अपनी पहचान बताता है। इतना सुन चोर को भी याद आ गया कि दुकानदार उसके स्कूल का दोस्त है और फिर वह उसकी पहचान भी उससे पूछता है, जिसके बाद वह दुकानदार और चोर एक-दूसरे को पहचान जाते हैं। फिर चोर जो करने आया था वह भूलकर तुरंत अपने चोरी के इरादे को बदल लेता है और अगले ही पल वह सीसीटीवी में अपने दोस्त के साथ बैठकर बातें करते नजर आता है।
वीडियो पर लोगों ने कुछ ऐसे किया रिएक्ट
इस वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म @sole_of_india नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है, जिसे खबर लिखे जाने तक लाखों लोगों ने देखा और लाइक किया है। वीडियो पर तमाम लोगों ने कमेंट कर अपनी प्रतिक्रिया भी दी है, जहां लोग इस दोस्ती पर जमकर चटकारे ले रहे हैं। एक यूजर ने वीडियो पर कमेंट करते हुए लिखा, "भाईचारा ऑन टॉप।" दूसरे ने लिखा, "बस, ऐसी ही दोस्ती देखनी बाकी रह गई थी।"
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
