भारत में आयोजित 18वें BRICS शिखर सम्मेलन के बाद सोशल मीडिया पर एक अलग ही वजह से चर्चा हो रही है। इस बार चर्चा किसी बड़े राजनीतिक बयान या कूटनीतिक फैसले की नहीं, बल्कि बॉलीवुड गानों की है। मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने अपने भारत दौरे और BRICS समिट से जुड़ी तस्वीरों और वीडियो में कई लोकप्रिय हिंदी फिल्मी गानों का इस्तेमाल किया है। उनकी यह अनोखी म्यूजिकल टेस्ट सोशल मीडिया यूजर्स को काफी पसंद आ रही है। लोगों का कहना है कि मलेशियाई प्रधानमंत्री ने कूटनीति के बीच बॉलीवुड का ऐसा रंग घोला है, जिसने भारत और मलेशिया की दोस्ती को एक अलग अंदाज में पेश किया है।
मलेशियाई के पीएम ने बॉलीवुड प्लेलिस्ट से सोशल मीडिया को किया इम्प्रेस (Instagram/@anwaribrahim_my)
शाहरुख खान के गाने से हुई शुरुआत
जब अनवर इब्राहिम भारत मंडपम पहुंचे, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनका स्वागत किया था, तब उन्होंने इस खास पल का एक वीडियो (Video) सोशल मीडिया पर शेयर किया। वीडियो (Video) के साथ उन्होंने फिल्म 'दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे' का लोकप्रिय गाना 'तुझे देखा तो ये जाना सनम' लगाया। इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी के साथ अपनी तस्वीरों वाले एक अन्य पोस्ट में उन्होंने फिल्म 'दिल तो पागल है' का टाइटल ट्रैक इस्तेमाल किया। शाहरुख खान, माधुरी दीक्षित और करिश्मा कपूर की इस फिल्म का गाना लोगों के बीच आज भी काफी लोकप्रिय है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:
BRICS समिट के लिए भी चुने खास गाने
अनवर इब्राहिम ने BRICS सम्मेलन के दौरान अपनी तस्वीरों के साथ सलमान खान, रानी मुखर्जी और प्रीति जिंटा की फिल्म 'हर दिल जो प्यार करेगा' का टाइटल ट्रैक शेयर किया। भारत से विदाई के वीडियो में उन्होंने फिल्म 'लक्ष्य' का मशहूर गाना 'कंधों से मिलते हैं कंधे' लगाया। इस गाने के बोल एकता और साथ मिलकर आगे बढ़ने की भावना को दर्शाते हैं, जो अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन के माहौल से भी काफी मेल खाते हैं।
राहुल गांधी और प्रियंका गांधी से मुलाकात पर भी बॉलीवुड का रंग
मलेशियाई प्रधानमंत्री ने अपने भारत दौरे के दौरान कांग्रेस नेताओं राहुल गांधी और प्रियंका गांधी से भी मुलाकात की। इस मुलाकात की तस्वीरें साझा करते हुए उन्होंने फिल्म 'वीर-जारा' का गाना 'ऐसा देश है मेरा' इस्तेमाल किया। यह गाना भारत की संस्कृति, विविधता और देश के प्रति प्रेम को दर्शाता है। सोशल मीडिया यूजर्स ने उनकी इस पसंद की भी खूब तारीफ की।
पुतिन और ईरानी राष्ट्रपति के लिए भी चुने गाने
अनवर इब्राहिम की बॉलीवुड प्लेलिस्ट सिर्फ भारत तक सीमित नहीं रही। ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन के साथ मुलाकात की पोस्ट में उन्होंने फिल्म 'नया दौर' का 'साथी हाथ बढ़ाना' गाना लगाया। वहीं रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ तस्वीर के लिए आमिर खान की फिल्म 'लगान' का 'चले चलो' गाना चुना गया। इन गानों के जरिए अनवर इब्राहिम ने शायद अनजाने में ही सही, लेकिन कूटनीतिक मुलाकातों को एक भावनात्मक और सांस्कृतिक अंदाज दे दिया। फिलहाल मलेशियाई प्रधानमंत्री का यह बॉलीवुड प्रेम सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है।
