उम्र बढ़ने के साथ लोग अक्सर अपनी फिटनेस को लेकर ढीले पड़ जाते हैं। इस उम्र में लोग अक्सर आलस और बीमारियों की चपेट में आने लगते हैं लेकिन अमेरिका की रहने वाली एश्ले पॉल्सन ने यह साबित कर दिया कि अगर हौसला मजबूत हो तो बढ़ती उम्र सिर्फ एक नंबर है। दरअसल, 44 साल की एश्ले ने ट्रेडमिल पर 100 मील यानी करीब 161 किलोमीटर दौड़कर एक शानदार विश्व रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। जिसका वीडियो (Video) उन्होंने खुद अपने इंस्टाग्राम अकाउंट @ashkickn पर शेयर किया है। वीडियो में वे अपने रिकॉर्ड के बारे में बता रही हैं और गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड (Guinness World Record) की तरफ से मिले सर्टिफिकेट को भी दिखा रही है। जिनमें ट्रेडमिल पर दौड़ते हुए उनकी कुछ तस्वीरें दिखाई दे रही हैं।
एश्ले पॉल्सन एक जानी-मानी रनर हैं, जो कई और रिकॉर्ड्स भी बना चुकी हैं। (Photo Credit- Guinness World Record)
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें
इतने समय में ही ट्रेडमिल पर दौड़ गई 100 मील
एश्ले ने ट्रेडमिल पर 100 मील की दूरी सिर्फ 12 घंटे 47 मिनट 10 सेकंड में पूरी की। पिछली बार 18 अप्रैल को अमेरिका के बोस्टन, मैसाचुसेट्स में एश्ले ने ट्रेडमिल पर दौड़कर कुछ ऐसा ही रिकॉर्ड बनाने की कोशिश की थी, लेकिन इस बार उन्होंने अपने पिछले रिकॉर्ड को डेढ़ घंटे से भी ज्यादा के अंतर से पीछे छोड़ दिया। बता दें कि एश्ले कोई आम रनर नहीं हैं। वह एक प्रोफेशनल मैराथन और अल्ट्रा मैराथन रनर हैं। सोशल मीडिया पर भी उनके लाखों फॉलोअर्स हैं। रिकॉर्ड बनाने के दौरान उनके कई प्रशंसक बोस्टन मैराथन एक्सपो में मौजूद थे और उनका हौसला बढ़ा रहे थे।
चार बच्चों की मां और एक पोते की दादी हैं एश्ले
आपको यह जानकर हैरानी होगी कि एश्ले चार बच्चों की मां हैं और एक पोते की दादी भी हैं। इसके बावजूद वह अपनी फिटनेस और दौड़ को लेकर लगातार मेहनत करती हैं। इस उम्र में भी उनकी ऐसी फिटनेस लोगों को हैरत में डाल देता है। उनके इस सफर में उनके पति मैट भी उनका साथ देते हैं। एश्ले ने बताया कि वह कई सालों से ट्रेडमिल पर 100 मील का रिकॉर्ड बनाने का सपना देख रही थीं। इसके लिए उन्होंने लंबे समय तक ट्रेडमिल पर लगातार दौड़ने की ट्रेनिंग की। वह मजाक में ट्रेडमिल को ‘ड्रेडमिल’ यानी डरावनी मिल भी कहती थीं।
पहले भी बना चुकी हैं रिकॉर्ड
एश्ले के नाम पहले से भी एक बड़ा रिकॉर्ड है। साल 2023 में उन्होंने Badwater 135 ultramarathon में महिलाओं का सबसे तेज समय दर्ज किया था। उन्होंने 135 मील की इस बेहद कठिन दौड़ को 21 घंटे 44 मिनट 35 सेकंड में पूरा किया था। यह दौड़ कैलिफोर्निया की डेथ वैली से शुरू होती है और रास्ते में बेहद गर्म मौसम और ऊंचाई की कठिन चुनौती का सामना करना पड़ता है। एश्ले की यह उपलब्धि सिर्फ एक रिकॉर्ड नहीं है, बल्कि उन लोगों के लिए प्रेरणा भी है जो उम्र को अपनी फिटनेस के रास्ते की रुकावट मानते हैं। उनकी मेहनत दिखाती है कि सही तैयारी, लगातार अभ्यास और मजबूत इरादे से बड़ी से बड़ी चुनौती को भी पार किया जा सकता है और नए रिकॉर्ड बनाए जा सकते हैं।
