सोचिए, आपके घर में बिजली का कोई छोटा-मोटा काम हो और उसे ठीक करने में सिर्फ 15 मिनट लगें। भारत में ऐसे काम के लिए आमतौर पर सौ-दो सौ रुपये खर्च होना भी बहुत है लेकिन अमेरिका से सामने आया एक मामला इन दिनों सोशल मीडिया यूजर्स को हैरत में डाल दिया। दरअसल, यहां एक स्वीच बदलने के लिए इलेक्ट्रीशियन को 45000 रुपए देने पड़े। जिसका वीडियो एक शख्स ने शेयर किया और अमेरिका में काम करने वाले इलेक्ट्रीशियन्स की कमाई के बारे में बताया।
अमेरिका में एक इलेक्ट्रिशियन की फीस का वीडियो हुआ वायरल (Instagram/@punekar_in_america)
समस्या को ठीक करने के लिए बुलाया कॉन्ट्रैक्टर
वीडियो (Video) के अनुसार, मामला एक घर में लगे इलेक्ट्रिक स्विच को बदलने का है। जहां घर में स्विच से संबंधित समस्या को ठीक करने के लिए इलेक्ट्रिशियन को बुलाया गया था। इसके लिए पहले बाकायदा अपॉइंटमेंट लिया गया। इसके बाद दो इलेक्ट्रिकल कॉन्ट्रैक्टर सर्विस ट्रक के साथ घर पहुंचे। वीडियो में बताया गया कि इलेक्ट्रिशियन अपने साथ जरूरी टूल्स और सामान लेकर आए थे। उन्होंने घर में समस्या को देखा और फिर दीवार के अंदर वायर का कनेक्शन किया। इसके बाद नया इलेक्ट्रिक स्विच लगाया गया।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:
स्विच बदलवाया और आया 45 हजार का बिल
देखने में यह काम काफी छोटा था और इसे पूरा करने में करीब 15 मिनट ही लगे लेकिन असली हैरानी काम खत्म होने के बाद हुई। जब बिल सामने आया तो रकम करीब 450 डॉलर थी। भारतीय मुद्रा में यह करीब 45 हजार रुपये के आसपास बैठती है। इतने कम समय के काम के लिए इतनी बड़ी रकम देखकर घर के मालिक को भी हैरानी हुई।
इतना बड़ा बिल कैसे बन गया?
अब सवाल है कि सिर्फ 15 मिनट के काम के लिए इतना बड़ा बिल कैसे बन गया? दरअसल, अमेरिका में किसी प्रोफेशनल सर्विस का बिल केवल काम करने में लगे समय से तय नहीं होता। इसमें घर तक आने की विजिट फीस, सर्विस चार्ज, लेबर चार्ज, कॉन्ट्रैक्टर की फीस और इस्तेमाल किए गए सामान की कीमत जैसी चीजें शामिल हो सकती हैं। कई बार प्रोफेशनल को घर बुलाने का शुरुआती चार्ज भी काफी ज्यादा होता है। यानी इलेक्ट्रिशियन ने भले ही 15 मिनट काम किया हो, लेकिन ग्राहक को सिर्फ उन 15 मिनट के लिए ही भुगतान नहीं करना पड़ता। घर तक पहुंचने, सर्विस उपलब्ध कराने और जरूरी सामान और उपकरण लाने का खर्च भी कुल बिल में जुड़ सकता है।
सोशल मीडिया (Social Media) पर जब यह वीडियो वायरल हुआ तो इस मामले की तुलना भारत से की जाने लगी। लोग कहने लगे कि भारत में स्विच बदलने, वायर ठीक करने या छोटा कनेक्शन करने जैसे काम के लिए आमतौर पर स्थानीय इलेक्ट्रिशियन को बुलाया जाता है। ऐसे छोटे काम कई जगह कुछ सौ रुपये में हो सकते हैं। हालांकि कीमत इलाके, काम की मुश्किल और इस्तेमाल होने वाले सामान के हिसाब से बदल सकती है।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
