किसी ने सही ही कहा है कि मेहनत और हौसले से असंभव काम को भी संभव बनाया जा सकता है। इस दुनिया में कई लोग ऐसे हैं जो अपनी मेहनत और हौसले से असंभव लगने वाले काम को भी संभव बना देते हैं। हाल ही में ऐसा ही एक अनोखा कारनामा इन दिनों सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो (Video) में देखने को मिला, जिसने लाखों लोगों को हैरान कर दिया। इस वायरल वीडियो (Viral Video) में एक दिव्यांग व्यक्ति जो चलने में सक्षम नहीं था। उसने अपनी व्हील चेयर समेत उल्टे होकर अपने हाथों के बल सीढ़ियां उतरकर लोगों को चौंका दिया। इस दिव्यांग व्यक्ति ने अपने इस कारनामे से ना सिर्फ लोगों को चौंकाया बल्कि एक विश्व रिकॉर्ड भी बना डाला। अब इस शख्स का नाम गिनीज बुक के पन्नों में दर्ज हो चुका है।
हाथों के बल सीढ़ियां उतरता दिव्यांग व्यक्ति (Instagram/@GWR)
व्हीलचेयर पर बैठे-बैठे शख्स दोनों हाथों के बल उतरा 28 सीढ़ियां
इस अनोखे कारनामे को करके इतिहास रचने वाले शख्स का नाम अब्द एल रहमान मखलूफ (Abd El Rahman Makhluf) है। जिन्होंने व्हीलचेयर पर बैठकर अपने दोनों हाथों के बल लगातार 28 सीढ़ियां उतरकर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बना लिया। यह रिकॉर्ड अपने आप में बेहद खास है, क्योंकि इसमें ताकत के साथ-साथ बैलेंस बनाकर चलना ही बहुत बड़ी बात होती है। जहां आमतौर पर लोगों के लिए उल्टे होकर हाथ के बल चलना भी बहुत मुश्किल होता है, वहीं इस दिव्यांग व्यक्ति ने व्हील चेयर के साथ उल्टे होकर अपने हाथों के बल 28 सीढ़ियां उतरकर पूरी दुनिया के लिए एक प्रेरणा बन गया। सीढ़ियां उतरते समय थोड़ी सी भी गलती बड़ा हादसा बन सकती थी, लेकिन अब्द एल रहमान ने इस चैलेंज को पूरे आत्मविश्वास के साथ पूरा किया।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:
व्हीलचेयर में बैठकर किया ऐसा स्टंट, दुनिया देखती रह गई
वायरल वीडियो (Viral Video) में आप देख सकते हैं कि अब्द एल रहमान मखलूफ व्हीलचेयर पर बैठे हुए हैं और अपने दोनों हाथों का इस्तेमाल करते हुए एक-एक सीढ़ी करके नीचे उतरते जा रहे हैं। हर सीढ़ी पर उनका कमाल का बैलेंस देखने को मिल रहा है। आसपास मौजूद लोग उनकी हिम्मत बढ़ाते नजर आ रहे हैं। जैसे ही वह 28वीं सीढ़ी सफलतापूर्वक पार करते हैं, वहां मौजूद लोग तालियों से उनका स्वागत करते हैं। इस उपलब्धि के साथ अब्द एल रहमान मखलूफ का नाम गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज हो गया। यह रिकॉर्ड "Most consecutive stairs descended with the hands whilst in a wheelchair" यानी "व्हीलचेयर पर बैठे हुए हाथों के सहारे लगातार सबसे ज्यादा सीढ़ियां उतरने की कैटेगरी में बनाया गया है।
वीडियो देख लोगों ने शख्स की हिम्मत की दी दाद
इस वीडियो (Video) को गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड ने अपने इंस्टाग्राम पेज @guinnessworldrecords से शेयर किया है। जिसे अब तक लाखों लोगों ने देखा और हजारों लोगों ने लाइक किया है। इसके अलावा उनकी इस उपलब्धि की चर्चा सोशल मीडिया पर भी खूब हो रही है। लोग उनके जज्बे और मेहनत की जमकर तारीफ कर रहे हैं। कई यूजर्स का कहना है कि यह सिर्फ एक रिकॉर्ड नहीं, बल्कि उन लोगों के लिए प्रेरणा है जो मुश्किलों के सामने हार मान लेते हैं।
