आज के इस आधुनिक डिजिटल जमाने में ऑनलाइन ऑर्डर करना बेहद ही आम बात है। खाना, कपड़े, जूता-चप्पल, यहां तक कि घर केा सारा सामान अब लोग घर बैठे ही बस एक क्लिक पर मंगवा लेते हैं। लेकिन क्या आपने कभी सुना है कि सड़क किनारे बैठा एक भिखारी भी ऑनलाइन खाना मंगवाए और इतना ही नहीं, डिलीवरी बॉय को टिप तक दे डाले? जी हां, हाल में ऐसा ही एक हैरतअंगेज वाकया सोशल मीडिया पर देखने को मिला। हालांकि, इस वायरल वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं हो सकी है और बहुत हद तक यह संभव है कि यह एक स्क्रिप्टेड वीडियो हो, जिसमें भिखारी की भूमिका कोई कंटेंट क्रिएटर निभा रहा हो। व्यूज, लाइक्स, और फॉलोअर्स के लिए लोग इस तरह के स्क्रिप्टेड वीडियो अक्सर बनाते रहते हैं।
भिखारी ने ऑनलाइन मंगवाया खाना (Instagram/@rohitvlogster)
जब खाना देने पहुंचा डिलीवरी बॉय
इस वायरल वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर रोहित नाम के यूजर ने अपने अकाउंट @rohitvlogster से शेयर किया है। रोहित एक मशहूर व्लॉगर हैं और वे लखनऊ के रहने वाले हैं। रोहित ऑनलाइन बाइक टैक्सी चलाने के साथ-साथ फूड डिलीवरी ऐप्स के जरिए लोगों तक खाना भी डिलीवर करते हैं। रोहित ने हाल ही में अपने इंस्टाग्राम से एक वीडियो शेयर किया, जिसमें उन्होंने दिखाया कि वे स्विगी के लिए खाना डिलीवर करने जा रहे थे। रात का समय था, अंधेरा छाया हुआ था, और रोहित सड़क पर खड़े होकर ग्राहक को फोन कर उससे बात करते नजर आते हैं। ग्राहक बताता है कि अगर वह थोड़ी ही दूर आगे चलकर आएंगे तो वह उनको सड़क किनारे ही बैठा मिल जाएगा।
भिखारी ने ऑनलाइन मंगाया था खाना
यह सुनकर रोहित हक्का-बक्का रह गए। जैसे ही वे अपनी बाइक लेकर आगे बढ़े, उन्होंने देखा कि सड़क किनारे एक भिखारी बैठा हुआ है। भिखारी ने रोहित को देखते ही पूछा कि खाना लाए हो क्या? फिर रोहित ने चौंकते हुए कहा, “हां, आपने मंगवाया था क्या खाना?” फिर भिखारी ने पूछा, “क्या मैं खाना मंगवाकर नहीं खा सकता?” इस पर रोहित बोलते हैं कि हां, क्यों नहीं, ये लो आप अपना खाना। इस पूरे वीडियो में रोहित के लिए जो हैरान कर देने वाली बात थी, वह ये थी कि उस भिखारी के पास दो-दो मोबाइल फोन थे।
भिखारी ने डिलीवरी बॉय को टिप तक दे डाली
खाना मिलते ही भिखारी ने रोहित से पहले ऑनलाइन पेमेंट करने की बात कही। लेकिन कुछ ही देर बाद बताया कि अभी वहां पर नेटवर्क काम नहीं कर रहा इसलिए वह पैसे कैश में देगा। ऐसे में भिखारी ने उसे पैसे नकद दे दिए। जब रोहित ने कहा कि उनके पास छुट्टे पैसे नहीं हैं, तो भिखारी ने अपना बड़ा दिल दिखाते हुए कहा, “कोई बात नहीं, बाकी पैसे टिप के तौर पर रख लो।” यह सुनकर तो रोहित एकदम से सदमे में चले गए। हालांकि डिलीवरी पर ज्यादा पैसे मिलने की भी खुशी उनसे छुप नहीं रही थी।
वायरल वीडियो पर लोगों के रिएक्शन
इस वायरल वीडियो को अब तक 80 लाख लोग देख चुके हैं। वहीं, करीब 3 लाख लोगों ने इसे लाइक किया है, जबकि वीडियो पर सैकड़ों लोगों के कमेंट्स भी आ चुके हैं। जहां एक यूजर ने वीडियो पर कमेंट करते हुए लिखा, "जब तुम R15 बाइक से डिलीवरी कर सकते हो, तो भिखारी खाना क्यों नहीं मंगवा सकता?" दूसरे ने लिखा, "मेरा देश बदल रहा है, ये आगे बढ़ रहा है।" तीसरे ने लिखा, "वीडियो स्क्रिप्टेड है।"
