शहर

ग्वालियर में 'शीतला माता मंदिर' हादसे पर राष्ट्रपति मुर्मू-PM मोदी ने जताया दुख, मृतकों के परिजनों को 2 लाख,घायलों को 50 हजार

मध्य प्रदेश के ग्वालियर में शीतला माता मंदिर के सामने देर रात करीब एक बजे बेकाबू ट्रक पलट गया। इस हादसे में अब तक 15 श्रद्धालुओं की मौत हो गई और कई अन्य लोग घायल हो गए। हादसे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और PM मोदी ने दुख जताया है।

Image

ग्वालियर हादसे पर राष्ट्रपति और PM मोदी ने जताया शोक

Gwalior Truck Accident: मध्य प्रदेश के ग्वालियर में शीतला माता मंदिर के सामने देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। चीनोर की तरफ से आ रहा एक तेज रफ्तार ट्रक बेकाबू होकर पलट गया। हादसे में पहले 12 श्रद्धालुओं की मौत हुई थी। लेकिन अब मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 15 हो गया है। वहीं 41 लोग घायल बताए जा रहे हैं, जिनमें से कई गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है।

हादसे के बाद मौके पर पुलिस बल पहुंचा और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। बताया जा रहा है कि पंजाब का ट्रक था, जिसमें धान भरी हुई थी। फिलहाल ट्रक चालक मौके से फरार बताया जा रहा है।

कई लोग ट्रक के नीचे दब गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई

जानकारी के अनुसार, यह घटना देर रात करीब एक बजे आंतरी थाना क्षेत्र में हुई। शुरुआती जानकारी में ट्रक के ब्रेक फेल होने की आशंका जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि ट्रक तेज गति से लुढ़कते हुए पलट गया और वहां मौजूद श्रद्धालु उसकी चपेट में आ गए। कई लोग ट्रक के नीचे दब गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

हादसे में 30 से अधिक लोग घायल हुए हैं

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। घायल श्रद्धालुओं को इलाज के लिए तत्काल जयारोग्य अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया। अधिकारियों के मुताबिक, हादसे में 41 से अधिक लोग घायल हुए हैं और कई लोगों की हालत गंभीर है। घायलों में होमगार्ड के दो जवान भी शामिल हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने हादसे में लोगों की मौत पर दुख जताया

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को ग्वालियर में हुए एक हादसे में लोगों की मौत पर दुख जताया। उन्होंने जान गंवाने वालों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से जान गंवाने वालों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये और प्रत्येक घायल व्यक्ति को 50-50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी।

वहीं राष्ट्रपति द्रौपदी मूर्मू ने ट्वीट कर इस हादसे पर दुख जताया है-

व्यस्त मार्ग पर ट्रकों की आवाजाही पर उठे सवाल

हादसे के बाद घायलों के परिजनों ने व्यस्त मार्ग पर ट्रकों की आवाजाही को लेकर सवाल उठाए हैं। फिलहाल ट्रक के पलटने की वजह की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस और प्रशासन की टीमें हादसे से जुड़े हालात की जानकारी जुटा रही हैं। इस हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है। घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है।

Ravi Vaish
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article