शहर

Bihar: 'निशांत पार्टी के मालिक हैं, जो चाहें करें...' नीरज कुमार के खिलाफत पर अड़े अनंत सिंह, संजय झा के बयान पर भी बोले

बिहार MLC चुनाव के बीच जेडीयू विधायक अनंत सिंह ने कहा है कि निशांत कुमार पार्टी के मालिक हैं और कहीं भी प्रचार कर सकते हैं। साथ ही उन्होंने नीरज कुमार के खिलाफ अपनी जंग जारी रखने का ऐलान किया है।

Image

जेडीयू विधायक अनंत सिंह का बयान

Photo : PTI

बिहार की राजनीति और खासकर पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के विधान परिषद (MLC) चुनाव को लेकर जेडीयू के भीतर घमासान थमता नजर नहीं आ रहा है। पार्टी के आधिकारिक उम्मीदवार नीरज कुमार के खिलाफ खुलकर मोर्चा खोलने वाले मोकामा से जेडीयू विधायक अनंत सिंह अब अनुज सिंह के समर्थन में चुनावी मैदान में उतर चुके हैं। इस बीच, जनता के बीच प्रचार करने निकले अनंत सिंह ने निशांत कुमार के चुनाव प्रचार और जेडीयू नेतृत्व पर खुलकर अपनी बात रखी है।

'निशांत कुमार पार्टी के मालिक, कहीं भी करें प्रचार'

जेडीयू नेता निशांत कुमार द्वारा पार्टी प्रत्याशी के समर्थन में लगातार सभाएं करने और चुनाव प्रचार संभालने पर जब अनंत सिंह से सवाल किया गया, तो उन्होंने दो टूक अंदाज में कहा कि निशांत कुमार पार्टी के मालिक हैं और वह कहीं भी जाकर प्रचार कर सकते हैं। हालांकि, इसके साथ ही अनंत सिंह ने साफ कर दिया कि उनकी व्यक्तिगत लड़ाई और विरोध सीधे तौर पर नीरज कुमार के खिलाफ है और वह जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि अगर निशांत कुमार, नीरज कुमार के समर्थन में प्रचार कर रहे हैं, तो यह उनका अपना फैसला है, लेकिन इससे उनके रुख में कोई बदलाव नहीं आने वाला है।

'सभी विरोधियों की होगी जमानत जब्त'

जनता जनार्दन के बीच पहुंचकर चुनाव प्रचार कर रहे अनंत सिंह ने दावा किया है कि इस चुनाव में उनके समर्थित उम्मीदवार को भारी जनसमर्थन मिल रहा है और मैदान में डटे बाकी सभी विरोधियों की जमानत जब्त हो जाएगी। उन्होंने कहा कि युवाओं का उन्हें पूरा आशीर्वाद मिल रहा है और समर्थन में किसी भी तरह की कोई कमी नहीं है। वहीं, पार्टी के वरिष्ठ नेता संजय झा के बयानों और पार्टी के भीतर चल रही उठापटक पर प्रतिक्रिया देते हुए अनंत सिंह ने कहा कि बयानों और फैसलों के बारे में समय आने पर ही विचार किया जाएगा।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article