Viral Video: 'जाको राखे साइयां, मार सके न कोय' यह कहावत आंध्र प्रदेश के अनंतपुर रेलवे स्टेशन पर उस वक्त बिल्कुल सच साबित हो गई, जब एक यात्री मौत के मुंह में समाने ही वाला था। लेकिन, वहां मौजूद एक जाबांज पुलिसकर्मी की चीते जैसी फुर्ती ने सेकंडों में जिंदगी और मौत के बीच का फासला खत्म कर दिया। अगर आपने कभी जल्दबाजी में चलती ट्रेन पकड़ने की कोशिश की है, तो यह वायरल सीसीटीवी (CCTV Video) फुटेज देखने के बाद आप कान पकड़ लेंगे। जिसने भी यह नजारा देखा वो दंग रह गया।
पुलिस कांस्टेबल ने बचाई यात्री की जान (तस्वीर साभार- @TeluguScribe)
ये भी पढ़ें - ऊपर से भूलभुलैया, लेकिन अंदर शॉपिंग का खजाना! इस अनोखे मॉल को नहीं देखा तो क्या देखा, वीडियो वायरल
जानकारी के मुताबिक, भैरव नगर का रहने वाला रवि कुमार नाम का यात्री अनंतपुर रेलवे स्टेशन से ट्रेन पकड़ने पहुंचा था। लेकिन, जब तक वह प्लेटफॉर्म पर पहुंचता, ट्रेन अपनी रफ्तार पकड़ चुकी थी। ट्रेन को छूटता देख रवि कुमार हड़बड़ा गया और उसने सूझबूझ खोकर चलती ट्रेन के बोगी का हैंडल पकड़कर अंदर चढ़ने की कोशिश की। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और असंतुलित होकर रवि सीधा ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच बने जानलेवा गैप की ओर फिसलने लगा। वहां खड़े यात्रियों की यह देखते ही सांसें अटक गईं। जिस वक्त यह दर्दनाक हादसा होने जा रहा था, ठीक उसी क्षण वहां ड्यूटी पर तैनात ट्रैफिक कांस्टेबल सुरेंद्र की नजर उस पर पड़ी। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि जैसे ही यात्री ट्रेन के हैंडल से छूटकर नीचे गिरता है, कांस्टेबल सुरेंद्र बिना अपनी जान की परवाह किए पटरी की ओर दौड़ पड़ते है और केवल 2 से 3 सेकंड के भीतर सिपाही ने फुर्ती से झुककर गिरते हुए रवि कुमार की शर्ट को कसकर पकड़ लिया। ट्रेन तेजी से गुजर रही थी, लेकिन सिपाही ने अपनी पूरी ताकत लगाकर यात्री को खींचकर सुरक्षित प्लेटफॉर्म पर पटक दिया। देखें वीडियो...
लोग कांस्टेबल की कर रहे तारीफ
स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर लगे सीसीटीवी कैमरे में यह पूरा लाइव रेस्क्यू रिकॉर्ड हो गया। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कैसे मौत के मुंह में समा रहे यात्री को कांस्टेबल सुरेंद्र ने अपनी तत्परता से नया जीवनदान दिया। अब यह हाहाकारी वीडियो सोशल मीडिया पर छाया हुआ है। एक्स पर इस वीडियो को TeluguScribe नाम के पेज से शेयर किया गया है। वीडियो को हजारों की संख्या में लोग अब तक देख चुके हैं। इतना ही नहीं यूजर्स वीडियो पर जमकर कमेंट भी कर रहे हैं। कुछ लोग ट्रैफिक कांस्टेबल सुरेंद्र की सूझबूझ और बहादुरी के कायल हो गए हैं। एक यूजर ने लिखा कि खाकी वर्दी में छिपे इस असली हीरो को हमारा कड़क सैल्यूट। एक अन्य यूजर ने कहा कि रेलवे स्टेशन पर ऐसे सतर्क जवानों की तैनाती ही आम लोगों की ढाल बनती है।
