इसे कहते हैं शाही सवारी...चारा ढो रही महिला के सिर को मोरनी ने बनाया 'सिंहासन', वीडियो में देखें दुर्लभ नजारा

Viral Video: ग्रामीण भारत के खेतों से इंसान और बेजुबान पक्षी के बीच अनोखे तालमेल का एक दुर्लभ वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में एक महिला सिर पर घास से भरी बोरी लेकर जा रही है, जिसके ऊपर एक मोरनी बड़े आराम से बैठी नजर आ रही है। इस दुर्लभ नजारे को देखकर हर कोई हैरान है।

Viral Video: इंटरनेट की दुनिया में हर दिन हजारों वीडियो शेयर होते रहते हैं। लेकिन, कुछ दृश्य ऐसे होते हैं जो सीधे दिल में उतर जाते हैं। अक्सर हम शहरों की भागदौड़ में प्रकृति और जीव-जंतुओं के साथ उस सहज जुड़ाव को भूल जाते हैं, जो आज भी ग्रामीण भारत की पगडंडियों पर सांस ले रहा है। सोशल मीडिया पर इन दिनों एक ऐसा ही दुर्लभ और मनमोहक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक ग्रामीण महिला और राष्ट्रीय पक्षी के परिवार की सदस्य मोरनी के बीच गजब का तालमेल देखने को मिल रहा है।

viral video

कैमरे में कैद अद्भुत नजारा (तस्वीर साभार- @NaglotR)

वायरल हो रहे 18 सेकंड के इस वीडियो की शुरुआत हरे-भरे खेतों के बीच बनी एक संकरी पगडंडी से होती है। वीडियो में एक ग्रामीण महिला पारंपरिक वेशभूषा में दिखाई दे रही है, जो अपने सिर पर पीले रंग की एक बड़ी बोरी में हरी घास का भारी गट्ठर रखकर घर की ओर लौट रही है। महिला ने दोनों हाथों से बोरी को मजबूती से थाम रखा है ताकि संतुलन बना रहे। लेकिन, इस पूरे दृश्य में जो बात सबसे ज्यादा चौंकाने वाली और प्यारी है, वह है उस घास के ढेर के ऊपर बैठी एक मोरनी। आमतौर पर इंसान की हल्की सी आहट पाकर दूर भाग जाने वाला यह पक्षी बिना किसी डर या घबराहट के महिला के सिर पर रखे चारे को अपना सिंहासन बनाकर बैठा है। वीडियो को ध्यान से देखने पर इस नजारे की खूबसूरती और भी बढ़ जाती है। जैसे-जैसे महिला कदम आगे बढ़ाती है, ऊपर बैठी मोरनी बड़े आाराम से चारों तरफ का नजारा देखती है। वीडियो के शुरुआती सेकंड्स में मोरनी थोड़ा आगे की तरफ झुककर घास का जायजा लेती है, तो कभी गर्दन ऊंची कर किसी राजकुमारी की तरह सवारी का आनंद लेती नजर आती है। इस दौरान महिला के चेहरे पर भी किसी तरह की घबराहट नहीं दिखती, बल्कि वह बड़े सहज भाव से इस अनोखी मेहमान का बोझ उठाए चलती रहती है। अपनी 'शाही सवारी' पूरी करने के बाद मोरनी अचानक अपने पंख फैलाती है और हवा में खूबसूरती से गोता लगाती है और पास ही कच्ची जमीन पर सुरक्षित उतर जाती है। देखें वीडियो...

End of Feed