Viral Video: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर के रहने वाले सुमित कुमार प्रजापति इन दिनों सोशल मीडिया पर खूब चर्चा में हैं। वजह है उनका अनोखा सफर। सुमित अपनी ई-रिक्शा लेकर स्पीति वैली घूमने निकल पड़े हैं। जहां लोग आमतौर पर पहाड़ों की यात्रा के लिए कार, एसयूवी या 4x4 गाड़ियों का इस्तेमाल करते हैं, वहीं सुमित तीन पहियों वाली बैटरी से चलने वाली ई-रिक्शा को लेकर इस सफर पर निकले हैं। उनकी यह अनोखी यात्रा सोशल मीडिया (Social Media) पर वायरल हो रही है और लोग उनके साहस की जमकर तारीफ कर रहे हैं।
ई-रिक्शा लेकर स्पीति वैली पहुंच गया युवक (Instagram/@sumit_prajapati87)
15 अगस्त से शुरू किया सफर
सुमित ने अपनी यात्रा की शुरुआत 15 अगस्त से की थी। उन्होंने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर सफर के वीडियो शेयर करते हुए बताया कि वह हर दिन अपनी यात्रा से जुड़ी जानकारी लोगों के साथ साझा करेंगे। उन्होंने वादा किया था कि रास्ते में आने वाली परेशानियों, लोगों के रिएक्शन और अपने अनुभवों को वीडियो (Video) के जरिए दिखाएंगे। सुमित ने अपना वादा निभाया और अब तक कुल 27 वीडियो में अपनी पूरी जर्नी दिखा चुके हैं। उनके वीडियो में पहाड़ों के खूबसूरत नजारे, मुश्किल रास्ते और ई-रिक्शा को लेकर लोगों की हैरानी साफ नजर आती है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:
मनाली से शुरू हुआ असली सफर
सुमित अपने दोस्तों के साथ पहले गाड़ी से मनाली तक पहुंचे। इसके बाद उनकी ई-रिक्शा को एक ट्रक में लोड करके मनाली ले जाया गया। 19 अगस्त को उन्होंने मनाली से स्पीति वैली की ओर अपने ई-रिक्शा पर अकेले सफर शुरू किया। जैसे ही लोगों को पता चला कि एक युवक ई-रिक्शा लेकर स्पीति की खतरनाक पहाड़ी सड़कों पर जा रहा है, सोशल मीडिया पर सवालों की बाढ़ आ गई। सबसे ज्यादा पूछा गया कि इतनी दूर जाकर ई-रिक्शा को चार्ज कैसे करेंगे।
बैटरी खत्म न हो जाए, इसके लिए किया इंतजाम
सुमित ने बताया कि वह जहां रुकते हैं, वहां ई-रिक्शा को चार्ज कर लेते हैं। इसके अलावा उन्होंने इमरजेंसी के लिए अपने साथ एक जनरेटर भी रखा है। यानी उन्होंने इस अनोखी यात्रा की तैयारी पूरी सोच-समझकर की थी। एक फैन ने मजाकिया अंदाज में सुझाव दिया कि अगर ई-रिक्शा खाली जा रही है तो इसमें सवारियां भी बैठा लेनी चाहिए। सुमित ने इस सुझाव को मान लिया और अगले दिन पहाड़ी रास्तों पर सवारियां बैठाकर आगे बढ़ते नजर आए।
12,500 फीट की ऊंचाई पर पहुंचा ई-रिक्शा
स्पीति वैली के रास्ते में सुमित जब करीब 12,500 फीट की ऊंचाई वाले पथरीले और मुश्किल रास्तों से गुजरे तो वहां मौजूद लोगों की नजरें उन पर टिक गईं। कई लोग रुककर उनका वीडियो बनाने लगे। लोग हैरानी से पूछते थे कि आखिर यह कैसा ई-रिक्शा है, जो इतनी ऊंचाई और खतरनाक रास्तों पर चल रहा है। कुछ लोगों ने उनकी हिम्मत की तारीफ की तो कई लोग तालियां बजाते हुए नजर आए।
कुंजुम पहुंचकर बनाया रिकॉर्ड
26 अगस्त को सुमित अपनी ई-रिक्शा लेकर कुंजुम पहुंच गए। उनके मुताबिक, ऐसा पहली बार हुआ जब कोई व्यक्ति ई-रिक्शा में बैठकर इस स्थान तक पहुंचा। सुमित ने इसे अपनी बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि उन्होंने एक नया रिकॉर्ड बनाया है। 1 सितंबर को शेयर किए गए वीडियो में उन्होंने कहा कि हर किसी का सपना होता है कि शहर की भागदौड़ से दूर पहाड़ों में कुछ समय सुकून से बिताया जाए। उनके पास कार नहीं थी, लेकिन उन्होंने अपने ई-रिक्शा को ही सफर का साथी बनाया। सुमित का कहना है कि जहां लोग 4x4 गाड़ियां लेकर जाते हैं, वहां वह बैटरी से चलने वाला तीन पहियों का ई-रिक्शा लेकर पहुंच गए। उनका यह अनोखा सफर अब सोशल मीडिया पर लोगों के लिए प्रेरणा और हैरानी दोनों का कारण बना हुआ है।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
