भारत में कई प्राइवेट कंपनियों का वर्क कल्चर इतना जहरीला हो चुका है कि इंसान की निजी जिंदगी भी मायने नहीं रखती। बच्चे का जन्म हो या फिर घर में किसी की मौत ही क्यों ना हो गई हो, इन कंपनियों के मैनेजर अपने कर्मचारियों पर जरा भी रहम नहीं दिखाते। चाहे कर्मचारी की कितनी भी मजबूरी क्यों ना हो, वे किसी भी सूरत में उसे छुट्टी देने को तैयार नहीं होते। अगर कर्मचारी उनकी कहीं शिकायत करे तो हमेशा उन्हें अपनी नौकरी खोने की चिंता रहती है। हाल में इसी व्यथा से गुजर रहे एक शख्स ने सोशल साइट रेडिट पर अपनी आपबीती शेयर की और दिल दहला देने वाले वाकये के बारे में बताया।
सांकेतिक तस्वीर
शख्स ने बताई अपनी आपबीती (Reddit/@r/IndianWorkplace)
छुट्टी मांगी तो बॉस ने कहा- वर्क फ्रॉम हॉस्पिटल कर लो
शख्स ने रेडिट पर बताया कि उनकी पत्नी अस्पताल में भर्ती थीं, उनके पहले बच्चे की डिलीवरी होने वाली थी। इस बारे में उन्होंने अपने मैनेजर को बताया और सिर्फ दो दिन की छुट्टी मांगी। उम्मीद थी कि बॉस सहानुभूति दिखाएगा, बधाई देगा, लेकिन हुआ इसके उलट। मैनेजर ने पहले तो मेल से HR को छुट्टी अप्रूव करने को कहा, फिर चैट में पूछा, “तुम्हारे मम्मी-पापा आ गए क्या?” जब कर्मचारी ने “हाँ” कहा तो बॉस ने अगले हफ्ते छुट्टी लेने की सलाह दी और कहा कि मम्मी-पापा सब संभाल लेंगे। इसके बाद तो उसने हद ही कर दी। मैनेजर ने कहा कि एक काम करो, तुम अस्पताल से ही काम कर लो।
वायरल हुई बॉस और कर्मचारी के बीच की बातचीत (Reddit/@r/IndianWorkplace)
बॉस ने खुशी का पल तनाव में बदल डाला
यानी पत्नी और नवजात बच्चे के बीच बैठकर मीटिंग अटेंड करो, मेल चेक करो। शख्स ने लिखा कि उस पल वह पूरी तरह बेबस महसूस कर रहा था। जब उसे अपनी पत्नी का हाथ थामना चाहिए था, बच्चे की पहली साँस देखनी चाहिए थी, उस वक्त वह बॉस को यह समझा रहा था कि अस्पताल के कमरे में लैपटॉप लेकर काम करना मुमकिन नहीं है। सबसे दुखद बात यह थी कि वह नौकरी छोड़ भी नहीं सकता। घर में पहले से जिम्मेदारियाँ हैं, नया बच्चा आने वाला है। कंपनी में माहौल ऐसा है कि ज्यादा आवाज उठाई तो नौकरी जाने का डर है। उसने लिखा, “मुझे नहीं पता भारतीय मैनेजर अब भी क्यों सोचते हैं कि कर्मचारियों की कोई पर्सनल लाइफ नहीं होती।”
पोस्ट पर लोगों के कमेंट्स (Reddit/@r/IndianWorkplace)
वायरल हो गई शख्स की यह पोस्ट
शख्स की यह पोस्ट @r/IndianWorkplace नामक अकाउंट से शेयर की गई और यह देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। पोस्ट पर सैकड़ों अपवोट्स और कमेंट्स आए। लोग मैनेजर को गाली दे रहे हैं। कोई कह रहा है – “काम तो हमेशा रहेगा, छुट्टी बची है तो ले लो, बॉस की परवाह मत करो।” कोई लिख रहा है – “आप गुलाम नहीं हैं।” एक यूजर ने तो साफ कहा— “भारत टॉक्सिक वर्क कल्चर का अड्डा बन गया है, विकसित देश बनने में अभी दशकों लगेंगे।”
'हजारों कर्मचारी रोज झेल रहे हैं ऐसी मानसिक प्रताड़ना।'
एक यूजर ने पोस्ट पर अपना गुस्सा जाहिर करते हुए लिखा, "यह सिर्फ एक व्यक्ति की कहानी नहीं है। हजारों कर्मचारी रोज ऐसी मानसिक प्रताड़ना झेलते हैं। हर एक इंसान के लिए बच्चे के जन्म का दिन उसकी जिंदगी का सबसे खूबसूरत पल होता है, लेकिन इस तरह के जहरीले बॉस इसे भी तनाव में बदल देते हैं। सवाल सिर्फ छुट्टी का नहीं, इंसानियत का है। क्या एक कंपनी अपने कर्मचारी के लिए इतना भी नहीं कर सकती कि उसे अपने परिवार के साथ दो दिन बेफिक्र होकर बिताने दे?"
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
