भारत में कई अद्भुत मंदिर हैं। जिनका निर्माण करने में ना जानें कितने लोग और सालों की मेहनत लगी। मगर हाल में ही सोशल मीडिया पर एक ऐसे अनोखे मंदिर का वीडियो वायरल (Viral Video) हो रहा है। जिसे सिर्फ एक अकेले शख्स ने बनाया है और इसे बनाने में उसे 40 साल लग गए। वीडियो (Video) में बताया जा रहा है कि 40 साल की मेहनत के बाद उस शख्स ने ठीक वैसा ही मंदिर बनाया, जैसा उसने अपने सपने में देखा था। इस भव्य मंदिर के निर्माण के पीछे की कहानी बेहद ही रोचक और दिलचस्प है। जिसे आज हम आपको बताने जा रहे हैं।
शिव मंदिर का वीडियो हुआ वायरल (Instagram/@Timesnow)
किसने बनाया यह मंदिर, बेहद ही रोचक है इसकी निर्माण की कहानी
बता दें कि यह भव्य और अनोखे मंदिर को हिमाचल प्रदेश की पहाड़ियों में बनाया गया। यह मंदिर सिर्फ आस्था ही नहीं बल्कि एक इंसान की मेहनत और जुनून की मिसाल भी है। वायरल वीडियो (Viral Video) को लेकर बताया गया है कि इस मंदिर को एक स्थानीय कलाकार सत्य भूषण ने अकेले ही अपने दम पर बनाया है। दावा है कि कलाकार सत्य भूषण ने इस मंदिर को अपने सपने में देखा था। इस दिव्य मंदिर ने सत्य भूषण के सपने में ऐसी गहरी छाप छोड़ी कि उन्होंने ठीक वैसा ही मंदिर बनाने का फैसला कर लिया। अपने सपने को हकीकत में बदलने के लिए सत्य भूषण जी ने साल 1980 में अकेले ही इस मंदिर को बनाने का काम शुरू कर दिया। 40 साल तक वे इस मंदिर को बनाने का काम करते रहे।
ये भी पढ़ें:
अकेले की मेहनत के दम पर खड़ा किया मंदिर
इस मंदिर को बनाने को लेकर सबसे हैरान कर देने वाली बात यह है कि इसके निर्माण में सत्य भूषण ने किसी भी बड़ी फंडिंग, मजदूरों की टीम या आधुनिक मशीनों का सहारा नहीं लिया। इसे बनाने के लिए उन्होंने उसी पहाड़ी के पत्थरों का इस्तेमाल किया। साथ ही सीमेंट और लोहे की तारों का इस्तेमाल करके धीरे-धीरे उन्होंने इस भव्य मंदिर को अपने दम पर खड़ा किया। यह मंदिर समुद्र तल से करीब 7,000 फीट की ऊंचाई पर स्थित है। इतनी ऊंचाई पर काम करना आसान नहीं होता, लेकिन सत्य भूषण ने कभी हार नहीं मानी। उन्होंने करीब 40 साल तक लगातार मेहनत की और अपने सपने को साकार कर दिखाया।
वीडियो में दिखाई गई मंदिर की भव्यता
वायरल वीडियो (Viral Video) में मंदिर की खास बनावट को साफतौर पर देखा जा सकता है। इसमें कई अलग-अलग आकृतियां, मूर्तियां और डिजाइन देखे जा सकते हैं। जो इस मंदिर को आकर्षक और बेहद ही खास बनाते हैं। जो भी इस मंदिर को देखने आता है, वह सिर्फ इसकी खूबसूरती ही नहीं, बल्कि इसके पीछे की कहानी सुनकर भी प्रभावित हो जाता है। इस वीडियो को कई सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर शेयर भी किया गया है। जहां लोग इस मंदिर की कहानी को जानने के बाद काफी प्रभावित नजर आ रहे हैं।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
