Viral Video: गर्लफ्रेंड का 'रोमांस' पड़ा भारी! 3400 लिपस्टिक मार्क्स वाली कार जब्त, ब्वॉयफ्रेंड से थाने में साफ करवाई गाड़ी

Viral Video: मध्य प्रदेश के ग्वालियर में सोशल मीडिया पर लाइक्स और कमेंट्स पाने के चक्कर में रील बनाना एक युवक को भारी पड़ गया। कार पर उसकी गर्लफ्रेंड ने रील के लिए लगभग 3400 लिपस्टिक के निशान बना दिए थे। पुलिस ने चालक के घर पहुंचकर कार जब्त की और 5500 रुपए का भारी जुर्माना लगाया।

Viral Video: सोशल मीडिया पर रातों-रात वायरल होने और लाइक्स-कमेंट्स बटोरने की होड़ में लोग सुरक्षा और ट्रैफिक नियमों को दरकिनार कर रहे हैं। ऐसा ही एक अनोखा और अजीबोगरीब मामला मध्य प्रदेश के ग्वालियर से सामने आया है, जहां एक युवक को अपनी 'लिप मार्क्स' (lipstick marks) वाली कार का रील बनाना बेहद महंगा पड़ गया। बताया जा रहा है कि थाटीपुर निवासी आदित्य सिकरवार की सफेद कार को उसकी गर्लफ्रेंड ने रील को अनोखा लुक देने के लिए लिपस्टिक से ढक दिया था। आदित्य के अनुसार, उसकी गर्लफ्रेंड ने बिना उसकी जानकारी के करीब साढ़े तीन घंटे की कड़ी मशक्कत और 800 से 900 रुपये की लिपस्टिक का इस्तेमाल करके गाड़ी पर 3400 'लिप मार्क्स' बना दिए।

    जब यह कार पटेल नगर रोड पर फर्राटे भरते हुए दिखी और इसका वीडियो इंस्टाग्राम पर अपलोड हुआ, तो वीडियो तेजी से वायरल हो गया। हालांकि, यह वीडियो जल्द ही ग्वालियर ट्रैफिक पुलिस की नजरों में भी आ गया। वीडियो में दिख रहे कार के नंबर के आधार पर पुलिस सीधे आदित्य के घर पहुंची और वाहन को जब्त कर ट्रैफिक थाने ले आई। थाने में पुलिस अधिकारियों ने आदित्य को ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने और गाड़ी पर "ठाकुर" लिखने जैसे अवैधानिक निशानों के लिए जमकर फटकार लगाई। इसके बाद पुलिस ने उस पर 5500 रुपए का जुर्माना भी ठोका। सजा यहीं खत्म नहीं हुई पुलिस ने आदित्य के हाथ में कपड़ा थमाकर थाने परिसर में ही कार पर बने सभी लिप मार्क्स और निशानों को साफ करवाया। देखें वीडियो...

    रील के चक्कर में हो गया खेल

    कार साफ करने के दौरान आदित्य ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए कहा कि निशान बनाने में भले ही कोई मेहनत नहीं लगी थी, लेकिन कपड़े से रगड़-रगड़ कर उन्हें छुड़ाने में उसके पसीने छूट गए। भारी जुर्माना भरने और थाने में शर्मिंदगी झेलने के बाद अब आदित्य सोशल मीडिया यूजर्स और वाहन चालकों से अपील कर रहा है कि वे रील के चक्कर में ट्रैफिक नियमों से खिलवाड़ न करें और सुरक्षित ड्राइविंग करें। वहीं, अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर छाया हुआ है और यूजर्स इस वीडियो पर जमकर चटकारे भी ले रहे हैं।

    End Article
    कौशलेंद्र पाठकauthor

    कौशलेंद्र पाठक टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल सेक्शन के लीड के रूप में...

    End of Feed