दूसरे देशों में अगर आप जाते हैं तो आपका व्यवहार ही आपके देश की पहचान होती है और इस पहचान को प्रभावशाली बनाने में जापान के लोगों का कोई जवाब नहीं। हाल में ही जापानियों का एक वीडियो (Video) सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। जिसमें उनका अनुशासन देख हर कोई उनकी तारीफ कर रहा है। इस वीडियो में जापानियों ने अपने अनुशासन से लाखों लोगों का दिल जीत लिया।
मैच के बाद जापान के फैंस स्टेडियम की सफाई करते नजर आए। (Instagram/@iroirojapan)
हार के बाद भी नहीं छोड़ा अनुशासन
वायरल हो रहा यह वीडियो (Viral Video) फीफा वर्ल्ड कप में खेले गए जापानी टीम के मैच के दौरान का है। जिसमें देखा जा सकता है कि जापान की टीम मैच हार जाती है, लेकिन इसके बाद जो नजारा देखने को मिलता है, उसने लोगों को उनकी तारीफ करने पर मजबूर कर दिया। आमतौर पर मैच खत्म होने के बाद दर्शक जल्द से जल्द स्टेडियम से बाहर निकलने की कोशिश करते हैं। खासतौर पर तब जब उन्हें पता चलता है कि उनकी टीम हार रही है तो वे निराश होकर स्टेडियम जल्दी ही छोड़ देते हैं लेकिन ये जापानी कुछ अलग ही मिट्टी के बने हुए हैं।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:
जापानी दर्शकों ने स्टेडियम साफ कर पेश की मिसाल
दरअसल, अपनी टीम की हार के बावजूद भी जापानी फैंस ने स्टेडियम छोड़ने के बजाय कुछ अलग करते नजर आए। वीडियो में देखा जा सकता है कि मैच खत्म होने के बाद कई जापानी दर्शक अपने-अपने बैग से कचरे के बैग निकालते हैं और स्टेडियम में फैला प्लास्टिक, बोतलें, खाने के पैकेट और अन्य कचरा उठाने लगते हैं। भले ही उनकी टीम हार चुकी है, लेकिन इसके बावजूद उनके चेहरे पर कोई नाराजगी नहीं दिख रही। वे पूरी शांति और जिम्मेदारी के साथ स्टेडियम की सफाई करते नजर आ रहे हैं। कुछ ही मिनटों में पूरा स्टैंड पहले की तरह साफ दिखाई देने लगता है। यह देखकर आसपास मौजूद दूसरे देशों के दर्शक भी हैरान रह जाते हैं। कई लोग इस पल को अपने कैमरे में रिकॉर्ड करते हैं, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
लोगों ने की जापानियों की तारीफ
वीडियो वायरल (Video Viral) होने के बाद सोशल मीडिया पर लोग जापानी दर्शकों की जमकर तारीफ कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, "हार गए, लेकिन संस्कार जीत गए।" दूसरे ने कहा, "अगर हर देश के लोग ऐसा करें तो दुनिया कहीं ज्यादा साफ और सुंदर हो जाएगी।" वहीं एक अन्य यूजर ने लिखा, "अनुशासन किताबों से नहीं, आदतों से आता है।"
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
