सोशल मीडिया पर कभी-कभी ऐसे वीडियो भी वायरल होते हैं जो हमें जिंदगी को सही तरीके से जीने की प्रेरणा दे जाते हैं। ऐसी ही एक इंस्पिरेशनल स्टोरी मुंबई की लोकल ट्रेन में देखने को मिली, जहां 89 साल की एक बुजुर्ग महिला मेहनत कर अपना जीवन चला रही हैं। बुजुर्ग महिला का यह वीडियो इस वक्त सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
ट्रेन में चूड़ी बेचतीं दादी (Instagram/@meetatushitshah)
दादी का वीडियो हुआ वायरल
इस वीडियो को इंस्टाग्राम यूजर मीता तुषित शाह ने शेयर किया है, जिसमें वह मुंबई लोकल ट्रेन में चढ़ती हुई एक बुजुर्ग महिला से मिलती हैं। यह महिला ट्रेन में मोतियों से बनी चूड़ियां बेच रही थी। महिला की उम्र भले ही 89 साल हो, लेकिन उनके चेहरे पर मेहनत की चमक साफ झलकती दिख रही थी।
ट्रेन में चूड़ियां बेचकर अपना गुजारा करती हैं दादी
वीडियो में आप देख सकते हैं कि मीता शाह बुजुर्ग महिला से सबसे पहले उनका नाम पूछती हैं। जहां दादी ने अपना नाम कमलाबेन मेहता बताया। आगे हुई बातचीत में दादी ने बताया कि वह नालासोपारा में रहती हैं और चूड़ियां बेचकर अपना खर्च निकालती हैं। मीता शाह ने बताया कि वह कमलाबेन की सारी चूड़ियां खरीदना चाहती थीं, लेकिन उनके पास इतने पैसे नहीं थे। जब मीता ने दादी से उनके परिवार वालों के बारे में पूछा तो उन्होंने परिवार के बारे में बताने से साफ इनकार कर दिया क्योंकि वे नहीं चाहती थीं कि उनके परिवार को उनकी वजह से किसी तरह की शर्मिंदगी झेलनी पड़े।
लोग कर रहे हैं दादी के हौसले की तारीफ
इस वीडियो के वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोग दादी के हौसले की जमकर तारीफ कर रहे हैं। जहां किसी ने वीडियो पर कमेंट करते हुए लिखा कि वे उन्हें कॉलेज के दिनों से ट्रेन में चूड़ियां बेचते देख रहे हैं, तो कोई कह रहा है कि दादी कभी किसी से कोई मदद नहीं लेतीं, बस वे चाहती हैं कि उनके मेहनत की ही कमाई उनके पास आए इसलिए वे बस चूड़ी खरीदने को कहती हैं।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
