माता-पिता अपनी पूरी जिंदगी बच्चों की खुशियों के लिए मेहनत करते हैं। वे अपनी जरूरतों से पहले हमेशा अपने परिवार का ध्यान रखते हैं। लेकिन जब बच्चे बड़े होकर अपने माता-पिता के लिए कुछ खास करते हैं, तो वह पल जिंदगी भर याद रहता है। सोशल मीडिया पर इन दिनों ऐसा ही एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक बेटी ने अपने पिता के 50वें जन्मदिन पर उन्हें नई बाइक गिफ्ट कर भावुक कर दिया।
बेटी ने अपने पिता के 50वें बर्थडे पर बाइक गिफ्ट की (Instagram/@nandus.notebook)
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:
सरप्राइज देख भावुक हो गए पिता
इस वीडियो (Video) को इंस्टाग्राम यूजर नंदिनी ने अपने अकाउंट @nandus.notebook से शेयर किया है। वीडियो की शुरुआत में आप देख सकते हैं कि पिता अपने परिवार के साथ घर से बाहर आते हैं। बाहर एक गाड़ी लाल कपड़े से ढकी हुई दिखाई देती है। जैसे ही कपड़ा हटाया जाता है, सामने एक नई चमचमाती बाइक खड़ी नजर आती है। यह देखकर पिता कुछ पल के लिए हैरान रह जाते हैं। सरप्राइज इतना खास था कि पिता अपनी भावनाओं पर काबू नहीं रख पाए। उनकी आंखों से खुशी के आंसू निकल पड़े। उन्होंने सबसे पहले अपने बेटे को गले लगाया, जिसने इस पूरे सरप्राइज प्लान में बहन का साथ दिया था। इसके बाद वीडियो कॉल पर मौजूद बेटी से बात करते हुए उन्होंने उसे दिल से धन्यवाद कहा।
वीडियो पर लोगों ने जमकर लुटाया अपना प्यार
वीडियो (Video) के साथ बेटी ने एक भावुक कैप्शन भी लिखा। उसने बताया कि उसके पिता ने हमेशा परिवार को अपनी खुशियों से ऊपर रखा। उन्होंने बच्चों की हर जरूरत पूरी की और हमेशा उन पर भरोसा किया। बेटी ने लिखा कि यह बाइक सिर्फ एक गिफ्ट नहीं, बल्कि पिता के प्यार, त्याग और मेहनत के लिए एक छोटा-सा धन्यवाद है। यह वायरल वीडियो (Viral Video) सोशल मीडिया पर लोगों का दिल जीत रहा है। हजारों लोग इसे पसंद कर चुके हैं और कमेंट करके बेटी की जमकर तारीफ कर रहे हैं। कई लोगों ने लिखा कि हर बेटी अगर अपने माता-पिता की खुशियों का इतना ध्यान रखे तो दुनिया और भी खूबसूरत बन जाए। कुछ यूजर्स ने कहा कि पिता की आंखों में आए आंसू ही इस गिफ्ट की सबसे बड़ी कीमत हैं।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
