सोशल मीडिया (Social Media) पर इन दिनों एक ऐसा वीडियो वायरल हो रहा है, जिसे देखकर किसी फिल्म का एक्शन सीन याद आ जाएगा। वीडियो में एक पुलिस कांस्टेबल तेज रफ्तार कार की छत पर लटका हुआ नजर आ रहा है। कार सड़क पर तेजी से दौड़ रही है और कांस्टेबल अपनी जान की परवाह किए बिना उसे पकड़े हुए दिखाई देता है। यह मामला तमिलनाडु के कोयंबटूर का बताया जा रहा है।
कार की छत पर लटका पुलिसकर्मी (X/@NarendraGoswami)
कांस्टेबल ने फिल्मी स्टाइल में किया तंबाकू तस्करों का पीछा
जानकारी के मुताबिक, कोयंबटूर पुलिस ने एक कार को नियमित जांच के लिए रोका था। पुलिस को शक था कि कार में तंबाकू से जुड़े सामान की बोरियां ले जाई जा रही हैं। पुलिस ने जब वाहन को रोककर चेक करने की कोशिश की, तो कार में बैठे लोगों ने पुलिसकर्मियों से बचकर भागने की कोशिश की। इसी दौरान कांस्टेबल वेल्मुरुगन कार को रोकने की कोशिश में उसके ऊपर चढ़ गए। इसके बाद कार चालक वाहन को लेकर तेजी से भागने लगा। कांस्टेबल कार की छत को पकड़कर लटके रहे। इस दौरान कार काफी तेज रफ्तार में सड़क पर दौड़ती रही।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:
तेज रफ्तार कार की छत पर लटका रहा कांस्टेबल
वायरल वीडियो (Viral Video) में देखा जा सकता है कि कांस्टेबल कार की छत पर किसी तरह खुद को संभाल रहे हैं। सड़क पर दौड़ती कार और उसके ऊपर लटके पुलिसकर्मी का यह नजारा देखकर लोग हैरान रह गए। इस नजारे को सड़क पर कार के बगल में ही चल रही एक अन्य वाहन सवार ने अपने कैमरे में कैद कर लिया। जिसका वीडियो इस वक्त सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इसे तेजी से शेयर किया जाने लगा। हमने इस वीडियो को सोशल साइट एक्स पर पोस्ट करने वाले @NarendraGoswami नामक यूजर के अकाउंट से लिया है।
पुलिस ने 40 KM तक पीछा कर तीन लोगों को दबोचा
रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस ने करीब 40 किलोमीटर तक कार का पीछा किया। इसके बाद वाहन को रोककर उसमें सवार तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया। जांच के दौरान पुलिस को कथित तौर पर पता चला कि आरोपी बैंगलोर से कोयंबटूर में तंबाकू उत्पादों की डिलीवरी करने जा रहे थे।
वीडियो देख दंग रह गए लोग
इस पूरी घटना का वीडियो (Video) अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। लोग वीडियो देखकर कांस्टेबल के इस कदम पर अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। हालांकि, तेज रफ्तार वाहन पर इस तरह लटकना बेहद जोखिम भरा था और इससे कांस्टेबल की जान भी खतरे में पड़ सकती थी। पुलिस ने तीनों आरोपियों को पकड़ने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है। कार में ले जाए जा रहे सामान और तस्करी से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। फिलहाल वायरल वीडियो ने लोगों का ध्यान अपनी ओर खूब खींचा है। सड़क पर दौड़ती कार और उसकी छत पर लटके पुलिसकर्मी का यह नजारा किसी फिल्मी सीन से कम नहीं लग रहा, लेकिन असल जिंदगी में हुआ यह कारनामा बेहद ही खतरनाक था।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
