बेंगलुरु में किराए का घर ढूंढना पहले ही काफी मुश्किल काम माना जाता है। ज्यादा रेंट, कम ऑप्शन और भारी डिमांड के बीच लोगों को अक्सर अपनी जरूरतों से समझौता करना पड़ता है लेकिन हाल ही में एक वायरल वीडियो ने इस परेशानी को भी एक नए लेवल पर पहुंचा दिया। जिसे देखने के बाद लोग हैरान रह गए। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो (Video) में देखा जा सकता है कि दो लड़कियां एक फ्लैट देखने जाती हैं। शुरू में तो सब कुछ बिल्कुल सही लगता है। घर चारों तरफ से साफ-सुथरा नजर आ रहा है, कमरे भी ठीक-ठाक दिख रहे हैं और माहौल भी सही ही लग रहा है लेकिन जैसे ही वे बालकनी में कदम रखती हैं, वहां का नजारा देखकर वे दोनों हिल जाती हैं।
फ्लैट की बालकनी में बना टॉयलेट (Instagram/@thrishanatarajan1)
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:
फ्लैट के बालकनी में बना टॉयलेट
इस फ्लैट में बने बालकनी में गमले रखने या बैठने की जगह होने की उम्मीद थी, लेकिन वहां पहुंचने के बाद जो नजारा दिखा उसकी उम्मीद किसी को भी नहीं थी। दरअसल, इस बालकनी में बिल्कुल खुले में एक टॉयलेट बनाया गया था। जो पूरी तरह से काम भी कर रहा था। शायद यह टॉयलेट उनके लिए ही बना था, जो इस फ्लैट को रेंट पर लेते। खुले में बना यह टॉयलेट देखकर दोनों लड़कियां काफी हैरान रह जाती हैं। वीडियो में उनके चेहरे के एक्सप्रेशन ही बता देते हैं कि यह उनके लिए कितना शॉकिंग था।
वीडियो देख ऐसा था लोगों का रिएक्शन
इस वायरल वीडियो (Viral Video) को इंस्टाग्राम पर थ्रिशा @thrishanatarajan1 नाम की यूजर ने शेयर किया है, जिसमें उसने अपने फ्लैट ढूंढने के अनुभव को दिखाया है। यूजर ने वीडियो के कैप्शन में लिखा है, “बालकनी में क्या है, यह देखने के लिए इंतजार करें।” इस वीडियो के वायरल होते ही सोशल मीडिया पर लोगों की प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई। कुछ लोगों ने इसे मजेदार बताया, तो कुछ ने बेंगलुरु के किराए के हालात पर तंज कसा। एक यूजर ने लिखा, “यह बालकनी नहीं, व्यू के साथ बाथरूम है।” वहीं दूसरे ने मजाक में कहा, “बेंगलुरु के मकान मालिक हर दिन कुछ नया कर रहे हैं।” वहीं इस वीडियो को देखने के बाद कई यूजर्स ने यह भी सोचा कि आखिर फ्लैट के लिए इस तरह का डिजाइन क्यों बनाया गया होगा? इस पर कुछ लोगों ने इसे “प्रीमियम फीचर” बताकर मजाक उड़ाया, तो कुछ ने इसे पूरी तरह से अजीब और असुविधाजनक बताया।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
