आज का वायरल वीडियो (06-Nov-2025): बच्चों में अच्छे गुण उनके माता-पिता और शिक्षक डालते हैं। उन्हें अच्छे-बुरे का पाठ पढ़ाते हैं। कोई भी नहीं चाहता कि उनकी संतान गलत राह पर चले या फिर कुछ गलत करे। ये तो रही इंसानों की बात, लेकिन जानवर भी अपने बच्चों की अच्छी परवरिश का ख्याल रखते हैं, इसका जीता-जागता उदाहरण हाल में ही सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में देखने को मिला, जिसे देख लोगों का दिन बन गया। फिलहाल यह वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
केला खाने की जिद्द पर अड़ा नन्हा हाथी (X/@dc_sanjay_jas)
केले खाने की जिद्द पर अड़ा नन्हा हाथी
वीडियो में आप देख सकते हैं कि एक नन्हा सा प्यारा हाथी अपनी मां के साथ किसी रास्ते से गुजर रहा था। तभी उसकी नजर एक केले की दुकान पर पड़ी। केले को देख नन्हें हाथी का मन ललचा गया। वह तुरंत दौड़ते हुए उस केले की दुकान पर पहुंचा और दुकान पर लटक रहे केले को अपनी सूंड से तोड़कर खाने की कोशिश करने लगा। दुकानदार नन्हे हाथी से केले को बचाते हुए भी नजर आया, लेकिन हाथी के उस बच्चे का मन दुकान पर लटके केले पर अटका रहा और वह उन्हें तोड़ने की कोशिश में जुटा रहा।
बच्चे को समझाने पहुंची मां
जब उस नन्हे हाथी की मां को इस बात का पता चला कि उसका बच्चा किसी की दुकान पर जाकर जबरन केले तोड़कर खाने की कोशिश कर रहा है, तो वह तुरंत दौड़ते हुए अपने बच्चे के पास गई और उसे ऐसा करने से रोका। वीडियो में हथिनी को देख ऐसा लगा जैसे वह अपने बच्चे को अच्छी सीख देते हुए बोल रही हो कि बेटा, ऐसा नहीं करते। किसी से बिना पूछे उसका सामान नहीं लेते। मां हथिनी की इस बात को मानते हुए नन्हे गजराज रुक जाते हैं और केले को खाने की जिद्द छोड़ वे अपनी मां के साथ आगे बढ़ जाते हैं।
लाखों लोगों ने देखा यह वीडियो
इस वीडियो को सोशल साइट एक्स पर @dc_sanjay_jas नाम के यूजर ने शेयर किया है। जिसे खबर लिखे जाने तक 1 लाख 30 हजार लोगों ने देखा और 4 हजार लोगों ने इसे लाइक किया है। वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, "अच्छे पेरेंट्स अपने बच्चों को हमेशा नीति का मार्ग सिखाते हैं।"
वीडियो पर लोगों के कमेंट्स
इस प्यारे से वायरल वीडियो को देख लोगों के चेहरे पर मुस्कान आ गई। लोगों को यह वीडियो बहुत ही प्यारा लगा। लोगों ने वीडियो पर कमेंट करते हुए अपनी प्रतिक्रिया भी दी है। जहां एक यूजर ने वीडियो पर कमेंट करते हुए लिखा, "माता-पिता की दी हुई सीख ही बच्चे की सबसे बड़ी दौलत होती है।" दूसरे ने लिखा, "एक मां अपने बच्चों को हमेशा अच्छी ही सीख देती है।"
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
