भारतीय रेलवे में आरएसी (Reservation Against Cancellation) टिकट पर सफर करने वाले यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। रेलवे मंत्रालय ने एक बार फिर सभी रेलवे जोन को निर्देश जारी करते हुए कहा है कि एसी कोच में यात्रा करने वाले RAC यात्रियों को भी अन्य यात्रियों की तरह पूरा बेडरोल किट उपलब्ध कराया जाए। मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि बार-बार मिल रही शिकायतों के बाद यह कदम उठाया गया है, ताकि किसी भी यात्री को यात्रा के दौरान असुविधा का सामना न करना पड़े।
लगातार मिल रही थीं बेडरोल न मिलने की शिकायतें
लगातार मिल रही थीं बेडरोल न मिलने की शिकायतें
रेलवे मंत्रालय ने 4 अगस्त को जारी अपने पत्र में कहा कि देश के लगभग सभी रेलवे जोन से यह शिकायतें मिल रही थीं कि RAC टिकट वाले यात्रियों को या तो बेडरोल किट नहीं दिया जा रहा है या फिर उन्हें अधूरा किट उपलब्ध कराया जा रहा है। कई यात्रियों ने विभिन्न माध्यमों से शिकायत दर्ज कराई थी कि एसी कोच में यात्रा करने के बावजूद उन्हें चादर, कंबल और तकिया जैसी आवश्यक सुविधाएं नहीं मिल रही थीं।
RAC यात्रियों को भी मिलेगा पूरा बेडरोल किट
PTI/भाषा के मुताबिक रेलवे मंत्रालय ने अपने निर्देशों में दोहराया है कि एसी चेयर कार को छोड़कर सभी वातानुकूलित कोचों में यात्रा करने वाले RAC यात्रियों को भी कन्फर्म टिकट वाले यात्रियों के समान बेडरोल किट दिया जाना अनिवार्य है। इस किट में आमतौर पर दो चादरें, एक कंबल, एक तकिया और एक तौलिया शामिल होता है। मंत्रालय का कहना है कि RAC टिकट होने के कारण किसी यात्री के साथ सुविधा देने में भेदभाव नहीं किया जाना चाहिए।
RAC टिकट में कैसे होती है यात्रा?
RAC व्यवस्था के तहत दो यात्रियों को एक ही बर्थ साझा करनी पड़ती है, जब तक कि किसी अन्य यात्री का टिकट रद्द होने पर उन्हें अलग बर्थ आवंटित न हो जाए, हालांकि सीट साझा करने के बावजूद दोनों यात्री एसी कोच में यात्रा के दौरान मिलने वाली सभी मूलभूत सुविधाओं के हकदार होते हैं। इसी वजह से रेलवे ने साफ किया है कि दोनों RAC यात्रियों को अलग-अलग पूरा बेडरोल किट दिया जाना चाहिए।
सभी रेलवे जोन को सख्ती से पालन करने के निर्देश
रेलवे मंत्रालय ने सभी जोनल रेलवे अधिकारियों को रेलवे बोर्ड के पहले से लागू दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा है। मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में ऐसी शिकायतें नहीं आनी चाहिए और प्रत्येक पात्र RAC यात्री को बिना किसी भेदभाव के लिनेन और कंबल उपलब्ध कराया जाए।
यात्रियों को मिलेगा बेहतर सफर का
अनुभवरेलवे के इस फैसले से लाखों यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है। खासकर लंबी दूरी की यात्रा करने वाले RAC यात्रियों को अब बेडरोल किट के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा। यदि किसी यात्री को एसी कोच में यात्रा के दौरान बेडरोल उपलब्ध नहीं कराया जाता है, तो वह रेलवे के शिकायत पोर्टल, हेल्पलाइन या संबंधित ट्रेन स्टाफ के माध्यम से इसकी शिकायत दर्ज करा सकता है। रेलवे का उद्देश्य सभी यात्रियों को समान और बेहतर यात्रा सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
