अगर किसी के मोबाइल फोन पर ऐसा ट्रैफिक चालान आ जाए, जो उसने किया ही नहीं है तो जाहिर सी बात है किसी को भी चिंता होना लाजमी है। कई बार कैमरे की गलती, गलत नंबर प्लेट पढ़े जाने, गलत वाहन नंबर दर्ज होने या एक ही अपराध के लिए दो बार चालान बनने जैसी वजहों से गलत चालान (Wrong E-Challan) जारी हो सकता है। ऐसी स्थिति में बिना जांच किए चालान भरने के बजाय पहले उसकी जानकारी को ध्यान से चेक करना जरूरी है। अच्छी बात ये है कि गलत चालान के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाने का कानूनी रास्ता भी मौजूद है।
गलत चालान कट जाए तो तुरंत करें ये काम (AI Generated Image)
सबसे पहले चालान की पूरी जानकारी जांचें
अगर आपको लगता है कि चालान गलत है, तो सबसे पहले उसकी डिटेल्स को ध्यान से देखें। चालान में दर्ज तारीख, समय, स्थान, गाड़ी नंबर और उल्लंघन की जानकारी की जांच करें। अगर चालान के साथ कोई फोटो या दूसरे सबूत उपलब्ध है तो उसे भी जरूर देखें।
कई मामलों में Automatic Number Plate Recognition यानी ANPR कैमरा किसी गाड़ी की नंबर प्लेट को गलत तरीके से पढ़ सकता है। इसके कारण समान या मिलते-जुलते नंबर वाले दूसरे वाहन के बजाय आपके वाहन के नाम पर चालान जारी हो सकता है। गलत वाहन नंबर दर्ज होने या एक ही अपराध के लिए डुप्लीकेट चालान बनने की स्थिति भी सामने आ सकती है।
गलत चालान साबित करने के लिए सबूत जुटाएं
अगर आपको भरोसा है कि आप उस समय बताए गए स्थान पर मौजूद नहीं थे या आपकी गाड़ी वहां नहीं थी, तो इससे जुड़े सबूत सुरक्षित रखें। ऐसे मामलों में GPS रिकॉर्ड, FASTag रिकॉर्ड, CCTV फुटेज, पार्किंग की रसीद, टोल रसीद या डैशकैम फुटेज आपके काम आ सकते हैं।
ऑनलाइन कैसे दर्ज करें शिकायत?
गलत E-Challan के खिलाफ शिकायत ऑनलाइन दर्ज की जा सकती है-
- इसके लिए आधिकारिक E-Challan पोर्टल (echallan.parivahan.gov.in) पर जाएं और Complaint विकल्प के जरिए Grievance System पर क्लिक करें।
- इसके बाद आपको अपना नाम, मोबाइल नंबर और चालान नंबर जैसी जानकारी भरनी होगी।
- शिकायत के लिए उपलब्ध विकल्पों में अपनी समस्या के अनुसार सही कैटेगरी चुनें, जैसे Wrong Vehicle Number या Incorrect Violation।
- इसके बाद डिटेल्स वाले बॉक्स में साफ शब्दों में बताएं कि चालान गलत क्यों है और आपके पास इसका क्या आधार या सबूत है।
- सारी जानकारी भरने के बाद शिकायत Submit करें।
इसके बाद संबंधित अधिकारी आपकी शिकायत की जांच करेंगे और उसके स्टेटस की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।
शिकायत का स्टेटस भी कर सकते हैं चेक
शिकायत दर्ज करने के बाद मामला कहां तक पहुंचा है, यह भी ऑनलाइन देखा जा सकता है। इसके लिए E-Challan पोर्टल के Ticket Status विकल्प का इस्तेमाल किया जा सकता है। यहां E-Ticket या Complaint Number और कैप्चा की मदद से शिकायत की स्थिति देखी जा सकती है।
