How To Check LPG Cylinder Expiry Date: दवाइयों से लेकर खाने-पीने की लगभग सभी चीजों में आपने एक्सपायरी डेट देखी होगी। क्या आपको मालूम है कि एक्सपायरी डेट सिर्फ खाने-पीने वाली चीजों में ही नहीं होती बल्कि आपके घर के किचन में मौजूद एलपीजी गैस सिलेंडर में भी होती है। इसलिए अगर आप एक नया गैस सिलेंडर लेने जा रहे हैं तो आपको इसकी जांच जरूर करना चाहिए वरना आपकी एक छोटी सी गलती किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।
सिलेंडर की भी होती है एक्सपायरी डेट।
कई बार जानकारी नहीं होने के कारण लोग पुराने या एक्सपायरी डेट वाले सिलिंडर का इस्तेमाल करते रहते हैं। ऐसा करना खतरनाक हो सकता है। इससे गैस लीक होने या किसी बड़े हादसे का खतरा रहता है। इसलिए यह जानना जरूरी है कि आपके घर में इस्तेमाल हो रहा सिलिंडर टेस्टिंग के लिहाज से सुरक्षित है या नहीं। अच्छी बात यह है कि आप घर बैठे ही कुछ मिनटों में सिलिंडर पर लिखा कोड देखकर इसकी जानकारी ले सकते हैं। आइए जानते हैं कैसे।
सिलिंडर पर लिखे कोड से ऐसे करें पहचान
आपने देखा होगा कि गैस सिलिंडर के ऊपरी हिस्से में तीन लोहे की पट्टियां होती हैं, जिन्हें पकड़कर सिलिंडर उठाया जाता है। इन्हीं में से किसी एक पट्टी पर अंग्रेजी का एक अक्षर और दो नंबर लिखे होते हैं। यही कोड सिलिंडर की अगली जांच की तारीख बताता है। इसे देखकर आप आसानी से पता लगा सकते हैं कि सिलिंडर की टेस्टिंग कब तक होनी है।
A, B, C और D का मतलब
- A का मतलब: जनवरी से मार्च (पहली तिमाही)
- B का मतलब: अप्रैल से जून (दूसरी तिमाही)
- C का मतलब: जुलाई से सितंबर (तीसरी तिमाही)
- D का मतलब: अक्टूबर से दिसंबर (चौथी तिमाही)
अक्षर के आगे लिखे नंबर से जानें साल
अक्षर के साथ लिखे दो नंबर साल की जानकारी देते हैं। यानी सिलिंडर की अगली जरूरी जांच किस साल तक होनी है, इसका पता इन नंबरों से चलता है। उदाहरण के लिए, अगर आपके सिलिंडर पर D-26 लिखा है, तो इसका मतलब है कि उसकी अगली जांच अक्टूबर से दिसंबर 2026 के बीच होनी है। इस तरह आप बिना किसी की मदद लिए सिलिंडर पर लिखा कोड देखकर उसकी टेस्टिंग की समय-सीमा समझ सकते हैं।
एक्सपायरी डेट वाला सिलिंडर मिलने पर क्या करें?
अगर आपको लगता है कि आपके घर आया सिलिंडर तय टेस्टिंग अवधि से बाहर है, तो उसे नजरअंदाज न करें। इसके लिए तुरंत अपनी गैस एजेंसी या डिस्ट्रीब्यूटर से संपर्क करें और सिलिंडर की जांच करवाने या उसे बदलने के लिए कहें। ध्यान रखें कि सिलिंडर पर लिखा कोड उसकी अगली जांच की समय-सीमा बताता है, यह गैस खत्म होने या सिलिंडर के इस्तेमाल की सामान्य एक्सपायरी डेट नहीं है। इसलिए सही जानकारी रखना और समय पर सिलिंडर की जांच करवाना आपकी और आपके परिवार की सुरक्षा के लिए बहुत जरूरी है।
