अमेरिका-ईरान और इजराय के बीच चल रही जंग के कारण भारत समेत कई देशों में एलपीजी गैस की कमी हो गई है, हालांकि सरकार पूरी तरह से कोशिश कर रही है कि किसी को कोई दिक्कत ना हो। एलपीजी संकट के बीच इंडक्शन की मांग बढ़ गई है। इसी बीच गर्मी की भी शुरुआत हो गई है।
AC और इंडक्शन एक साथ इस्तेमाल करने पर कितना बिल आएगा?/Photo- Canva
ऐसे में कई लोगों के घरों में एयर कंडीशनर (AC) और इंडक्शन चूल्हे एक साथ इस्तेमाल होने वाले हैं। तो यह समझना जरूरी है कि यदि चार लोगों का परिवार है तो एसी और इंडक्शन एक साथ इस्तेमाल करने पर बिजली का बिल एक महीने में कितना आएगा? आइए इसे आसान उदाहरण से समझते हैं।
AC की खपत कितनी होती है?
मान लीजिए आपके घर में 1.5 टन का AC है, जो औसतन 1.5 यूनिट (kWh) प्रति घंटे बिजली खपत करता है।
अगर यह AC रोजाना 8 घंटे चलता है, तो
एसी रोज की खपत = 1.5 × 8 = 12 यूनिट
महीने (30 दिन) की खपत = 12 × 30 = 360 यूनिट
इंडक्शन चूल्हे की खपत
इंडक्शन चूल्हा आमतौर पर 1.5 से 2 kW का होता है। मान लेते हैं कि यह रोज 2 घंटे चलता है:
रोज की खपत = 2 × 2 = 4 यूनिट
महीने की खपत = 4 × 30 = 120 यूनिट
कुल बिजली खपत का हिसाब
अब दोनों को जोड़ें:
AC = 360 यूनिट
इंडक्शन = 120 यूनिट
कुल = 480 यूनिट प्रति महीना
बिजली बिल का अनुमान (उदाहरण)
अगर औसतन बिजली दर ₹7 प्रति यूनिट मानी जाए, तो कुल बिल = 480 × 7 = ₹3,360 प्रति महीना। ध्यान दें कि कई राज्यों में स्लैब सिस्टम लागू होता है, जहां ज्यादा यूनिट पर दर बढ़ जाती है। ऐसे में यह बिल ₹3,500 से ₹4,500 तक भी जा सकता है। तो यदि आपके घर में एसी और इंडक्शन दोनों है तो आपको सोच समझकर दोनों का इस्तेमाल करना होगा, नहीं तो बिजली का बिल कमर तोड़ देगा।
