EPFO Update: कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने अपने सदस्यों को बड़ी सुविधा दी है। अब ईपीएफ अकाउंट होल्डर्स अपनी नौकरी की ज्वॉइनिंग और एग्जिट डेट को खुद अपडेट कर सकते हैं, वो भी बिना किसी दस्तावेज को अपलोड किए और बिना नियोक्ता की मंजूरी के। एक्स पर किए पोस्ट के जरिए ईपीएफओ ने यह जानकारी दी है।
EPFO Updates
क्या है EPFO का नया नियम
EPFO ने डिजिटल सशक्तिकरण की दिशा में कदम बढ़ाते हुए यह नया विकल्प अपने पोर्टल पर उपलब्ध कराया है। इस बदलाव के बाद अब कर्मचारियों को छोटी-छोटी जानकारी सही करवाने के लिए कंपनी की अनुमति की जरूरत नहीं पड़ेगी। एक्स पर ईपीएफओ ने लिखा, "आप अपने ईपीएफ अकाउंट में नौकरी ज्वॉइनिंग और एग्जिट तारीख को बिना किसी डॉक्यूमेंट को अपलोड किए या कंपनी (नियोक्ता) की मंजूरी के अपडेट कर सकते हैं। ईपीएफओ आपके हाथों में पावर देता है।"
ऐसे करें ज्वॉइनिंग और एग्जिट डेट अपडेट
- सबसे पहले EPFO की वेबसाइट पर जाएं।
- UAN नंबर और पासवर्ड डालकर लॉग-इन करें।
- ओटीपी वेरीफिकेशन की प्रोसेस भी पूरी करनी होगी, इसलिए रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर चालू रखें।
- लॉग-इन के बाद ‘Manage’ टैब में जाकर ‘Modify Basic Details’ ऑप्शन चुनें।
- यहां से आप अपनी जॉइनिंग डेट, एग्जिट डेट और अन्य जरूरी जानकारियां खुद ही अपडेट कर सकते हैं।
क्यों जरूरी है यह बदलाव?
EPF रिकॉर्ड में सही जानकारी होने से भविष्य में पेंशन, पीएफ क्लेम, ट्रांसफर और अन्य वित्तीय सर्विस में आसानी रहती है। गलत जॉइनिंग डेट से सर्विस हिस्ट्री प्रभावित हो सकती है, जिससे पेंशन के हक का आंकलन भी गलत हो सकता है।
