Fake Banking SMS Alert: आज के समय में बैंकिंग से जुड़े ज्यादातर काम मोबाइल फोन के जरिए आसानी से हो जाते हैं। लेकिन डिजिटल बैंकिंग की बढ़ती सुविधा के साथ साइबर ठगी का खतरा भी बढ़ गया है। ठग अब ऐसे फर्जी बैंकिंग SMS भेज रहे हैं, जो देखने में बिल्कुल असली लग सकते हैं। ऐसे में आपका बैंक अकाउंट खाली न हो जाए इसके लिए इस तरह के फर्जी मैसेज (Fake Bank SMS) की पहचान कुछ खास संकेतों से कर सकते हैं-
कहीं बैंक से जुड़ा मैसेज फेक तो नहीं (AI Generated Image)
फर्जी बैंकिंग मैसेज की ऐसे करें पहचान
डर पैदा करने की कोशिश
फर्जी बैंकिंग SMS में सबसे आम तरीका लोगों के अंदर डर पैदा करना है। उदाहरण के लिए मैसेज में लिखा हो सकता है कि अगर आपने तुरंत KYC अपडेट नहीं किया तो आपका बैंक अकाउंट ब्लॉक कर दिया जाएगा। इसी तरह डेबिट कार्ड बंद होने, किसी संदिग्ध ट्रांजैक्शन या किसी ऑफर को तुरंत स्वीकार करने जैसे मैसेज भी भेजे जा सकते हैं। ऐसे मैसेज का मकसद आपको सोचने का समय दिए बिना तुरंत कोई कदम उठाने के लिए मजबूर करना होता है। इसलिए अगर किसी SMS में बार-बार तुरंत, अभी करें, अकाउंट बंद हो जाएगा या इसी तरह की भाषा का इस्तेमाल किया गया है, तो सावधान हो जाएं।
बैंक की वेबसाइट जैसा लिंक
फर्जी SMS में अक्सर एक लिंक दिया जाता है। यह लिंक देखने में बैंक की वेबसाइट जैसा लग सकता है, लेकिन क्लिक करने के बाद आपको किसी नकली वेबसाइट पर ले जाया जा सकता है। वहां बैंकिंग पासवर्ड, कार्ड की जानकारी, OTP या दूसरी संवेदनशील जानकारी मांगी जा सकती है। इसलिए किसी अनजान या अचानक आए बैंकिंग SMS के लिंक पर क्लिक करने से बचें।
बैंक से मिलती सेंडर आईडी
फर्जी SMS की पहचान करने के लिए मैसेज भेजने वाले के नाम या नंबर को देखना भी जरूरी है। ठग कई बार ऐसे Sender ID या मोबाइल नंबर का इस्तेमाल करते हैं जो बैंक के नाम से मिलता-जुलता दिखाई देता है। कुछ संदेशों में गलत स्पेलिंग, अजीब भाषा या संदिग्ध URL भी नजर आ सकता है। हालांकि सिर्फ अच्छी भाषा या सही दिखने वाले बैंक के नाम को देखकर किसी SMS को असली नहीं मानना चाहिए। आजकल ठग काफी प्रोफेशनल तरीके से फर्जी संदेश तैयार कर सकते हैं।
ओटीपी, पिन की जानकारी
बैंकिंग फ्रॉड में सबसे संवेदनशील जानकारी OTP, ATM PIN, CVV, UPI PIN और इंटरनेट बैंकिंग पासवर्ड जैसी होती है। अगर किसी SMS में इन जानकारियों को किसी लिंक पर डालने या किसी व्यक्ति के साथ शेयर करने के लिए कहा जा रहा है तो यह एक रेड फ्लैग हो सकता है।
फर्जी बैंकिंग SMS से कैसे बचें
फर्जी बैंकिंग SMS से बचने के लिए आपको कुछ खास बातों का ध्यान रखना है। अचानक आए बैंकिंग SMS पर तुरंत प्रतिक्रिया न दें। अनजान लिंक पर क्लिक न करें, OTP, PIN, CVV और UPI PIN जैसी जानकारी किसी के साथ साझा न करें और किसी भी संदिग्ध संदेश की पुष्टि बैंक के आधिकारिक ऐप, वेबसाइट या कस्टमर केयर के जरिए करें।
दरअसल, साइबर ठग आपकी जल्दबाजी का ही फायदा उठाते हैं। इसलिए बैंक से जुड़ा कोई मैसेज कितना भी जरूरी या डराने वाला क्यों न लगे, पहले उसकी सत्यता जांचें और उसके बाद ही कोई कदम उठाएं।
