Kashmir Offbeat Destinations: बीते साल आज ही के दिन पहलगाम में हुई आतंकी घटना ने लोगों को काफी डरा दिया था। जिसका बुरा असर कश्मीर के पर्यटन पर भी देखने को मिला। लेकिन पहलगाम से जुड़ी घटना (हमले) ने एक बार फिर इस खूबसूरत क्षेत्र की सुरक्षा और संवेदनशीलता पर ध्यान खींचा है। यही कारण है कि कश्मीर में पर्यटकों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। लेकिन कश्मीर की वादियों में बसे कई ऐसे कोने हैं, जो अभी भी भीड़-भाड़ से दूर हैं और जहां जाकर सुकून का असली एहसास होता है। इन जगहों पर आज भी प्रकृति की गोद में शांति और सुकून से समय बिताया जा सकता है। आइए जानते हैं ऐसी ही कुछ खूबसूरत जगहों के बारे में...
कश्मीर की अनदेखी जगहें
1. अरु वैली
पहलगाम से करीब 12 किलोमीटर दूर अरु वैली एक शांत और कम भीड़ वाली जगह है। यहां हरे-भरे घास के मैदान, बर्फ से ढकी चोटियां और बहती नदियां एक पोस्टकार्ड जैसा दृश्य पेश करती हैं। हाल की घटनाओं के बाद जहां लोग भीड़ भाड़ वाली जगहों से दूरी बनाना चाहते हैं, वहां अरु वैली एक सुरक्षित और सुकून भरा विकल्प बनकर उभरती है।
2. बेताब वैली
बेताब वैली का नाम सुनते ही फिल्मी सीन याद आ जाते हैं, लेकिन असल में यह जगह उससे कहीं ज्यादा खूबसूरत है। पहलगाम के पास होने के बावजूद यहां अपेक्षाकृत कम भीड़ रहती है। चारों तरफ देवदार के पेड़ और बीच से बहती लिद्दर नदी इस जगह को बेहद शांत बनाती है। हाल के तनावपूर्ण माहौल के बीच यहां का प्राकृतिक सुकून मन को राहत देता है।
3. तुलियन लेक
अगर आप ट्रैवलिंग के साथ ट्रैकिंग के भी शौकीन हैं, तो तुलियन लेक आपके लिए एक बेहतरीन जगह है। पहलगाम से करीब 16 किलोमीटर की ट्रेकिंग के बाद यह झील नजर आती है, जो चारों तरफ से बर्फीली पहाड़ियों से घिरी हुई है। यहां पहुंचकर आपको ऐसा लगेगा जैसे दुनिया की सारी हलचल पीछे छूट गई हो। हाल के हालात के बीच यह जगह उन लोगों के लिए खास है जो भीड़ से दूर सुकून चाहते हैं।
4. कुलगाम
कुलगाम जिला अभी भी टूरिस्ट मैप पर ज्यादा चर्चा में नहीं है, लेकिन इसकी खूबसूरती किसी से कम नहीं है। यहां के झरने, हरे-भरे मैदान और स्थानीय संस्कृति आपको कश्मीर के असली रूप से रूबरू कराते हैं। पहलगाम की घटना के बाद जो लोग कम भीड़ वाले और शांत स्थान तलाश रहे हैं, उनके लिए कुलगाम एक बेहतर विकल्प है।
