Longest Passenger Ropeway: घूमने-फिरने का शौक रखने वाले पर्यटकों के लिए मसूरी किसी स्वर्ग से कम नहीं है। हालांकि, हमें यह भी मानना होगा कि देहरादून से इस हिल स्टेशन तक का सफर थोड़ा बोझिल हो सकता है। जाम सड़कें, लंबी कतारें और भी बहुत कुछ जिसका सामना पर्यटक करते हैं। लेकिन क्या होगा अगर हम आपको बताएं कि अब आप देहरादून से मसूरी सिर्फ 20 मिनट में पहुंचा जा सकता है।
Longest Passenger Ropeway
पर्यटकों को ये जानकर खुशी होगी कि उत्तराखंड में देहरादून और मसूरी के बीच यात्रा को आसान और तेज बनाने के लिए रोपवे परियोजना पर काम शुरू हो गया है। एक बार यह पूरा हो जाने पर, यात्रा का समय सिर्फ 20 मिनट रह जाने की उम्मीद है। यह रोपवे भारत का सबसे लंबा पैसेंजर रोपवे होगा। इस रोपवे को इस तरह डिजाइन किया जा रहा है कि वर्ष भर, चाहे बारिश हो या बर्फबारी ये संचालित होगा।
रोपवे का विकास मसूरी स्काई कार प्राइवेट लिमिटेड द्वारा किया जा रहा है, जो कि एफआईएल इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड, फ्रांस स्थित इंजीनियरिंग एलएलपी का एक संघ है। इसके सितंबर 2026 तक चालू होने की उम्मीद है। इससे देहरादून से मसूरी की यात्रा का समय 1.5 से 3 घंटे से घटकर मात्र 15 मिनट रह जाएगा। केबल डिटैचेबल गोंडोला सिस्टम लगभग 1,000 मीटर की ऊंचाई तक बढ़ेगा और पूरा होने पर यह अपनी तरह का एक अनूठा सिस्टम होगा।
रोपवे में 10 सीटों वाले डायमंड केबिन होंगे, जिनमें वेंटिलेशन, स्वचालित दरवाजे और मौसम से पूरी सुरक्षा होगी। रोपवे को प्रत्येक दिशा में प्रति घंटे 1,300 यात्रियों को ले जाने के लिए डिजाइन किया जा रहा है। सीधे शब्दों में समझें तो यह रोपवे परियोजना ना केवल पर्यटन को बढ़ावा देगी, बल्कि देहरादून और मसूरी के बीच यातायात की समस्या को भी हल करेगी।
