Advance Travel Booking: घूमने-फिरने का शौक रखने वाले लोग अक्सर अपनी छुट्टियों की प्लानिंग कुछ महीने पहले कर लेते हैं। वहीं कुछ फटाफट से प्लान बनाकर घूमने के शौकीन होते हैं। यदि आप ट्रैवलिंग की प्लानिंग को लेकर लापरवाही करते हैं, तो आज हम आपको दुनिया में कुछ ऐसी जगहों के बारे में बताएंगे, जहां यात्रा का सपना पूरा करने के लिए महीनों नहीं, बल्कि कई बार सालों पहले बुकिंग करानी पड़ती है। इन डेस्टिनेशनों की लोकप्रियता इतनी ज्यादा है कि सीमित एंट्री, पर्यावरण संरक्षण और विशेष नियमों के कारण यहां (Travel Destination) हर साल केवल तय संख्या में ही पर्यटकों को अनुमति मिलती है। यही कारण है कि बुकिंग खुलते ही स्लॉट तुरंत भर जाते हैं।
यहां घूमने की करें एडवांस प्लानिंग
1. माचू पिच्चू, पेरू
दुनिया के सात अजूबों में शामिल माचू पिच्चू हर ट्रैवलर की बकेट लिस्ट में होता है। इंका सभ्यता के इस ऐतिहासिक स्थल पर रोजाना सीमित संख्या में ही पर्यटकों को प्रवेश मिलता है। खासकर पीक सीजन में यहां जाने के लिए कई महीने पहले टिकट और ट्रेक परमिट बुक कराना जरूरी होता है। समय पर बुकिंग न करने पर यात्रा का प्लान अधूरा रह सकता है।
2. इनका ट्रेल
यदि आप पैदल ट्रेक करते हुए माचू पिच्चू पहुंचना चाहते हैं तो इनका ट्रेल के लिए और भी पहले तैयारी करनी पड़ती है। इस प्रसिद्ध ट्रेक पर रोजाना कुछ सीमित ट्रेकर्स को ही अनुमति दी जाती है। इसलिए कई लोग छह महीने से लेकर एक साल पहले तक अपनी सीट बुक करा लेते हैं।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़े: Flight Delay होने पर यात्रियों को मिलती हैं ये सुविधाएं
3. अंटार्कटिका एक्सपेडिशन
दुनिया के सबसे ठंडे महाद्वीप अंटार्कटिका की यात्रा किसी आम टूर की तरह नहीं होती है। यहां जाने के लिए विशेष क्रूज और वैज्ञानिक नियमों का पालन करना पड़ता है। सीमित जहाज, कम सीटें और छोटा ट्रैवल सीजन होने के कारण यहां की बुकिंग अक्सर एक से दो साल पहले शुरू हो जाती है। इसके बावजूद यहां हर साल हजारों एडवेंचर लवर्स यहां पहुंचते हैं।
4. गैलापागोस द्वीप समूह, इक्वाडोर
अपनी अनोखी बायो डायवर्सिटी के लिए मशहूर गैलापागोस द्वीप समूह पर पर्यावरण संरक्षण को सबसे अधिक महत्व दिया जाता है। यहां टूरिस्ट की संख्या नियंत्रित रखी जाती है और कई स्पेशल क्रूज यात्राएं पहले से ही फुल हो जाती हैं। यही कारण है कि यहां जाने के लिए महीनों पहले से ट्रैवल प्लानिंग और बुकिंग करना बेहद जरूरी होता है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़े: भारत में बढ़ रहा है Second City Tourism का ट्रेंड, जानें क्यों बदल रही है घूमने की सोच
5. हाई-वैल्यू टूरिज्म मॉडल, भूटान
भारत से लगा छोटे से देश भूटान में पर्यटकों के लिए विशेष नियम लागू हैं। यहां आने वाले विदेशी पर्यटकों को निर्धारित शुल्क और अधिकृत टूर ऑपरेटर के माध्यम से यात्रा करनी होती है। सीमित और जिम्मेदार पर्यटन नीति के कारण कई सीजन में होटल और टूर पैकेज काफी पहले ही बुक हो जाते हैं।
ट्रैवलिंग से पहले इन बातों ध्यान रखें
यदि आप भी इन ड्रीम डेस्टिनेशनों में घूमने का सपना देख रहे हैं तो अपने ट्रैवल की योजना कम से कम 6 से 12 महीने पहले बनाएं। इसमें आप फ्लाइट, होटल, परमिट और ट्रैवल इंश्योरेंस की बुकिंग समय रहते कर लें। क्योंकि सही प्लानिंग के साथ की गई यात्रा न केवल यादगार बनती है, बल्कि आपको आखिरी समय की परेशानियों से भी बचाती है।
