Historical Stepwell India: घूमने-फिरने के लिए अगर आप किसी यूनीक ट्रैवल डेस्टिनेशन की तलाश में हैं तो ये आर्टिकल आपके बेहद काम आने वाला है। आज हम आपको बताएंगे भारत में छिपी ऐसी प्राचीन और ऐतिहासिक जगह के बारे में जिसकी यात्रा आपको पूरी तरह से रोमांच से भर देगी। हम बात कर रहे हैं भारत की सांस्कृतिक विरासत अडालज वाव की जो अहमदाबाद शहर से करीब 18 किलोमीटर दूर स्थित है। इसे भारत की सबसे खूबसूरत बावड़ियों में गिना जाता है।
गुजरात की प्राचीन बावड़ी
इस बावड़ी की सबसे खास बात है इसका पांच मंजिला गहरा ढांचा और बेहद खूबसूरत पत्थरों की नक्काशी। यहां के खंभों और दीवारों पर बनी बारीक कलाकारी देखकर लगता है जैसे पत्थरों में कोई कहानी छिपी हो। इसकी वास्तुकला में हिंदू और इंडो-इस्लामिक शैली का अनोखा मेल दिखाई देता है, जो इसे और भी खास बनाता है।
अगर आप इस बावड़ी के अंदर उतरते हैं तो सच में ऐसा लगता है जैसे समय में पीछे चले गए हों। लंबे गलियारे, बराबर दूरी पर बने खंभे और ठंडी पत्थर की दीवारें प्राचीन भारत की इंजीनियरिंग और कला का शानदार उदाहरण हैं। अडालज स्टेपवेल आज फिल्म शूट, फोटोशूट और ट्रैवल डॉक्यूमेंट्री के लिए भी काफी पॉपुलर लोकेशन बन चुका है। यहां आने वाले लोग अक्सर इसकी खूबसूरती को कैमरे में कैद करना नहीं भूलते।
अगर आप ने यहां जाने का प्लान कर लिया है तो यात्रा के लिए सड़क मार्ग का चयन करना एकदम परफेक्ट होगा। आरएसआरटीसी अहमदाबाद से अडालज के लिए प्रतिदिन एक बस चलाती है। टिकट की कीमत ₹18-24 है और यात्रा में 38 मिनट लगते हैं। निजी वाहन या फिर कैब, टैक्सी से भी आप यहां जाने का प्लान कर सकते हैं।
हाल ही में टी20 वर्ल्ड कप 2026 में मिली जीत के बाद टीम इंडिया के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने इसी जगह को फोटोशूट के लिए चुना था। सूर्यकुमार यादव का यहां ट्रॉफी के साथ आना सिर्फ एक फोटो मोमेंट नहीं था। यह एक तरह से यह संदेश भी था कि भारत की पहचान सिर्फ खेल में जीत से ही नहीं, बल्कि अपनी सदियों पुरानी संस्कृति और इतिहास से भी है।
