Goa Monsoon Travel: गोवा का नाम सुनते ही अगर आपके मन में भी बीच पार्टी, नाइट लाइफ, कैफे और भीड़भाड़ वाली जगहों की तस्वीर ही आती है तो अब आपको थोड़ा ठहरने की जरूरत है। हर किसी को भीड़भाड़ वाली छुट्टियां पसंद नहीं होतीं और कुछ लोग ऐसे भी होते हैं जिन्हें समुद्र किनारे बैठकर किताब पढ़ना, बारिश को महसूस करना, चाय की चुस्कियों के साथ लहरों की आवाज सुनना ज्यादा अच्छा लगता है। अगर आप ऐसा फील करना चाहते हैं तो मानसून के मौसम में गोवा (Goa Travel Guide) घूमना किसी खूबसूरत सपने से कम नहीं है।
मानसून में जाएं गोवा घूमने
बारिश के दिनों में गोवा का अंदाज पूरी तरह बदल जाता है। मानसून में गोवा ज्यादा शांत और सुकून भरा दिखाई देता है। कई बीच पर भीड़ कम हो जाती है और आपको समुद्र के किनारे कुछ शांत पल बिताने का मौका मिलता है। बारिश के बाद गोवा की हरियाली देखने लायक होती है। चारों तरफ फैले नारियल के पेड़, हरे-भरे पहाड़, बहती नदियां और बादलों से ढके नजारे इस जगह को और भी खूबसूरत बना देते हैं।
मानसून में गोवा घूमने का सबसे बड़ा फायदा है शांति
अगर आप अकेले घूमना पसंद करते हैं या फिर भीड़ से दूर रहकर अपनी छुट्टियां बिताना चाहते हैं, तो मानसून वाला गोवा आपके लिए बिल्कुल सही रहेगा। इस समय आपको हर जगह लंबी लाइनें और ज्यादा भीड़ देखने को नहीं मिलेगी। आप आराम से अपनी पसंदीदा जगहों को एक्सप्लोर कर सकते हैं और बिना किसी जल्दबाजी के ट्रिप का मजा ले सकते हैं। इसके अलावा मानसून में गोवा घूमना बजट के लिहाज से भी फायदेमंद होता है। इस सीजन में होटल और रिजॉर्ट के किराए काफी कम हो जाते हैं। ऐसे में आप कम पैसों में अच्छी जगह पर ठहर सकते हैं, जहां आम दिनों में रुकना महंगा पड़ सकता है।
दूधसागर झरना मानसून में बन जाता है बेहद खूबसूरत
गोवा में कुछ एडवेंचर करना चाहते हैं तो दूधसागर झरने की यात्रा जरूर करें। बारिश के मौसम में यह झरना अपनी पूरी खूबसूरती के साथ नजर आता है। ऊंचे पहाड़ों से गिरता पानी और चारों तरफ फैली हरियाली इस जगह को किसी फिल्मी लोकेशन जैसा बना देती है। हालांकि, मानसून में यहां जाते समय सावधानी रखना जरूरी है। बारिश के कारण रास्ते फिसलन भरे हो सकते हैं, इसलिए स्थानीय गाइड या अनुभवी ड्राइवर की मदद लेना बेहतर रहता है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़े: भारत में बढ़ रहा है Second City Tourism का ट्रेंड, जानें क्यों बदल रही है घूमने की सोच
गोवा का खाना भी बनाएगा आपकी यात्रा यादगार
गोवा सिर्फ अपने बीच और खूबसूरत नजारों के लिए ही नहीं, बल्कि अपने स्वादिष्ट खाने के लिए भी मशहूर है। मानसून में छोटे-छोटे कैफे और लोकल रेस्टोरेंट में बैठकर गोअन व्यंजनों का स्वाद लेना एक अलग अनुभव देता है। आप यहां सी-फूड, गोअन करी, स्थानीय स्नैक्स और गर्म चाय-कॉफी का आनंद लेते हुए बारिश के मौसम का मजा ले सकते हैं।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़े: ऊटी या दार्जिलिंग-2026 की गर्मी में कहां जाएं घूमने, कौन सी जगह है असली पहाड़ों की रानी
मानसून ट्रिप में इन बातों का रखें ध्यान
बारिश के मौसम में गोवा घूमते समय थोड़ी सावधानी जरूरी है। कुछ जगहों पर रास्ते गीले और फिसलन भरे हो सकते हैं। दूधसागर, चोरला घाट और कुछ पहाड़ी इलाकों में जाने से पहले मौसम की जानकारी जरूर लें। साथ ही, बारिश से बचने के लिए छाता, रेनकोट और आरामदायक जूते साथ रखना न भूलें। अगर आप दूर की जगहों पर जा रहे हैं तो लोकल ड्राइवर की मदद लेना ज्यादा सुरक्षित विकल्प हो सकता है।
