Ram Navami 2026: अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद से ही उनके दर्शन के लिए भक्तों की भारी भीड़ उमड़ रही है। हर कोई भगवान राम के दर्शन कर उनका आशीर्वाद पाना चाहता है। ऐसे में अगर आप रामनवमी के मौके पर अयोध्या जाने की योजना नहीं बना पा रहे हैं, तो निराश होने की जरूरत नहीं है। यदि आप दिल्ली या एनसीआर के आसपास रहते हैं, तो बिना अयोध्या गए भी भगवान राम के दर्शन का पुण्य प्राप्त कर सकते हैं। देश की राजधानी में कई ऐसे प्रसिद्ध श्री राम मंदिर मौजूद हैं, जहां जाकर आप भक्ति और शांति का अनुभव कर सकते हैं। आइए जानते हैं दिल्ली के उन खास राम मंदिरों के बारे में जिनके दर्शन रामनवमी पर आपको जरूर करने चाहिए।
दिल्ली के प्रसिद्ध राम मंदिर (Photo -AI)
अशोक विहार का राम मंदिर
दिल्ली के अशोक विहार में स्थित राम मंदिर अपनी भव्यता के लिए जाना जाता है। कई लोग इसकी संरचना को राम मंदिर अयोध्या से प्रेरित मानते हैं। मंदिर का शिखर करीब 100 फीट ऊंचा है, जो इसे दूर से ही आकर्षक बनाता है। अगर आप अयोध्या नहीं जा पा रहे हैं, तो यहां दर्शन कर सकते हैं। यहां पहुंचने के लिए नजदीकी मेट्रो स्टेशन केशव पुरम मेट्रो है।
लोधी रोड का राम मंदिर
नई दिल्ली के लोधी रोड पर स्थित दक्षिण भारतीय शैली का राम मंदिर अपनी खास वास्तुकला के लिए प्रसिद्ध है। मंदिर के गर्भगृह में भगवान राम, मां सीता, भरत, लक्ष्मण, शत्रुघ्न और हनुमान की सुंदर मूर्तियां स्थापित हैं। इस मंदिर तक पहुंचने के लिए नजदीकी मेट्रो स्टेशन JLN Stadium मेट्रो है।
द्वारका का राम मंदिर
दिल्ली के द्वारका सेक्टर-7 में स्थित श्रीराम मंदिर काफी प्राचीन माना जाता है, हालांकि इसके बारे में कम लोग जानते हैं। यहां नियमित रूप से श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं और भगवान राम का आशीर्वाद प्राप्त करते हैं। अगर आप दिल्ली में किसी शांत और कम भीड़ वाले मंदिर की तलाश में हैं, तो आप यहां जा सकते हैं। यहां पहुंचने के लिए नजदीकी मेट्रो स्टेशन द्वारका सेक्टर-9 है।
विवेक विहार का राम मंदिर
दिल्ली के विवेक विहार में स्थित राम मंदिर भी भक्तों के बीच आस्था का बड़ा केंद्र है। इस मंदिर की खास बात यह है कि इसके पास ही प्रसिद्ध बालाजी मंदिर भी स्थित है। ये बड़ा कारण है कि यहां श्रद्धालु बड़ी संख्या में पहुंचते हैं। इस स्थान तक आने के लिए नजदीकी मेट्रो स्टेशन दिलशाद गार्डन है।
