Digital Detox Cafes: आज तेजी से बदलती दुनिया में स्मार्टफोन हमारी जिंदगी का अभिन्न हिस्सा बन चुका है। सुबह आंख खुलने से लेकर रात को सोने तक ज्यादातर समय मोबाइल स्क्रीन के साथ गुजरता है। लगातार नोटिफिकेशन, सोशल मीडिया अपडेट और ऑनलाइन एक्टिविटीज के बीच लोगों को मानसिक थकान और तनाव का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे माहौल में एक डिजिटल डिटॉक्स कैफे का नया ट्रेंड तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। ये ऐसे कैफे हैं जहां एंट्री करने से पहले ग्राहकों को अपना मोबाइल फोन जमा कराना पड़ता है, ताकि वे कुछ समय के लिए डिजिटल दुनिया से दूर रह सकें। आइए विस्तार से जानते हैं क्या है ये नया ट्रेंड (Digital Detox Trend) और क्यो हो रहा पॉपुलर।
डिजिटल डिटॉक्स कैफे
क्या हैं डिजिटल डिटॉक्स कैफे
डिजिटल डिटॉक्स कैफे ऐसी खास जगहें होती हैं जहां लोगों को बिना मोबाइल और गैजेट्स के समय बिताने के लिए प्रेरित किया जाता है। यहां आने वाले लोग अपना फोन एंट्री गेट पर ही जमा करते हैं और फिर किताबें पढ़ने, यार-दोस्तों से बातचीत करने, बोर्ड गेम खेलने या शांत माहौल का आनंद लेते हुए समय बिताते हैं। यहां आपको पूरी तरह डिजिटल दुनिया से दूर रखने का प्रयास किया जाता है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: भारत के ऐतिहासिक बाजारों का यादगार सफर, जहां सदियों पुरानी गलियों में आज भी बसी है रौनक
क्यों बढ़ रही है इनकी मांग
जानकारों की मानें तो लगातार स्क्रीन देखने से मानसिक तनाव, ध्यान भटकने और नींद से जुड़ी समस्याएं बढ़ सकती हैं। ऐसे में लोग कुछ समय के लिए डिजिटल दुनिया से दूरी बनाकर खुद को मानसिक रूप से तरोताजा महसूस करना चाहते हैं। यही वजह है कि खासकर युवा वर्ग और कॉर्पोरेट प्रोफेशनल्स के बीच डिजिटल डिटॉक्स कैफे तेजी से लोकप्रिय हो रहे हैं।
यहां बातचीत बनती है मुख्य आकर्षण
डिजिटल डिटॉक्स कैफे की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यहां लोग एक-दूसरे से आमने-सामने बातचीत करते हैं। आपने अक्सर देखा होगा कि किसी साधारण कैफे में साथ बैठे लोग भी अपने-अपने फोन में लगे रहते हैं। लेकिन डिजिटल डिटॉक्स कैफे में फोन का इस्तेमाल न कर पाने की कंडीशन में लोग एक-दूसरे के साथ समय बिताते हैं। इस समय लोग पुराने दिनों की तरह खुलकर बातचीत करते हैं और रिश्तों को समय देते हैं।
डिजिटल डिटॉक्स कैफे में क्या कर सकते हैं
आपको कैफे नाम सुनकर लगा होगा कि ये कोई खाने-पीने की जगह है, लेकिन ऐसा नहीं है। जी हां इन कैफे में ग्राहकों के लिए कई ऑप्शनल एक्टिविटीज उपलब्ध होती हैं। कहीं लाइब्रेरी का कोना होता है तो कहीं बोर्ड गेम्स और पजल्स रखे जाते हैं। कुछ स्थानों पर आर्ट, स्केचिंग, लेखन और मेडिटेशन जैसी एक्टिविटीज की भी व्यवस्था होती है। इससे लोग अपनी क्रिएटिविटी को नया अवसर दे पाते हैं।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: जहां कभी अंग्रेज अफसर बिताते थे छुट्टियां, आज वहां घूमने पहुंचते हैं लाखों पर्यटक
मेंटल हेल्थ होती है फिट
डिजिटल डिटॉक्स का सबसे बड़ा फायदा हमारी मेंटल हेल्थ पर देखने को मिलता है। कुछ समय के लिए स्क्रीन से दूर रहने पर दिमाग को आराम मिलता है, तनाव कम होता है और व्यक्ति वर्तमान क्षण को बेहतर तरीके से महसूस कर पाता है। कई लोग बताते हैं कि ऐसे कैफे में कुछ घंटे बिताने के बाद वे पहले से ज्यादा शांत और एनर्जेटिक महसूस करते हैं।
तेजी से बढ़ रहा डिजिटल डिटॉक्स कैफे का ट्रेंड
आज बदलती लाइफस्टाइल में तेजी से बढ़ती डिजिटल निर्भरता को देखते हुए विशेषज्ञ मानते हैं कि आने वाले वर्षों में डिजिटल डिटॉक्स कैफे की संख्या और बढ़ सकती है। यह केवल एक कैफे कॉन्सेप्ट नहीं, बल्कि बैलेंस लाइफस्टाइल की ओर बढ़ता एक कदम माना जा रहा है। लोग अब यह समझने लगे हैं कि तकनीक जरूरी है, लेकिन उससे समय-समय पर दूरी बनाना भी उतना ही जरूरी हो जाता है।
सुकून की तलाश में नई मंजिल
डिजिटल डिटॉक्स कैफे आधुनिक लाइफस्टाइल की भागदौड़ में एक छोटा-सा रिलेक्स मोड देते हैं। यहां न तो लगातार बजते नोटिफिकेशन होते हैं और न ही सोशल मीडिया का दबाव। यहां आकर आप सिर्फ अपने लिए कुछ पल, आमने-सामने बातचीत और मन की शांति पा सकते हैं। शायद यही वजह है कि डिजिटल डिटॉक्स कैफे का यह ट्रेंड दुनिया भर में लोगों को अपनी ओर आकर्षित कर रहा है।
