Assembly Elections 2023

साल 2023 के अंत में देश के पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव होंगे। ये 5 राज्य हैं-राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, तेलंगाना और मिजोरम। चुनाव आयोग अगले कुछ दिनों में इन राज्यों के लिए चुनाव कार्यक्रम की घोषणा कर देगा। इन राज्यों में सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। आम आदमी पार्टी ने भी छत्तीसगढ़ के लिए अपने उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की है। मध्य प्रदेश में विधानसभा की 230 सीट, राजस्थान में 200, छत्तीसगढ़ में विस की 90 सीटें, तेलंगाना में विस की 119 सीटें और मिजोरम में 40 सीटें हैं। एमपी, छत्तीसगढ़ और और राजस्थान में मुख्य मुकाबला भाजपा और कांग्रेस के बीच है। हालांकि, इन तीन राज्यों में आम आदमी पार्टी (AAP) भी अपने पूरे दम-खम के साथ उतर रही है। तेलंगाना में बीआरएस, भाजपा और कांग्रेस के बीच त्रिकोणीय लड़ाई मानी जा रही है। एमपी में बसपा भी चुनाव लड़ रही है। इन पांच राज्यों के चुनाव नतीजे काफी अहम हैं। ये चुनाव नतीजे लोकसभा चुनाव 2024 से पहले एक तरह से जनता के मूड एवं उनकी राय सामने रखेंगे।