इलेक्शन

Haryana BJP: हरियाणा में भाजपा से एक और नेता ने दिया इस्तीफा, पूर्व डिप्टी स्पीकर संतोष यादव ने छोड़ी पार्टी

Haryana BJP: हरियाणा की अटेली विधानसभा सीट से संतोष यादव टिकट मांग रही थी। लेकिन, पार्टी ने यहां से केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह की बेटी आरती राव को अपना प्रत्याशी बनाया है। जिससे संतोष यादव नाराज हैं।

Image

संतोष यादव का भाजपा से इस्तीफा

KEY HIGHLIGHTS
  • हरियाणा बीजेपी में इस्तीफों की झड़ी
  • एक के बाद एक नाराज नेता छोड़ रहे पार्टी
  • अब संतोष यादव ने दिया इस्तीफा

Haryana BJP: हरियाणा में बीजेपी को एक और झटका लगा है। बीजेपी की कद्दावर महिला नेता संतोष यादव ने इस्तीफा दे दिया है। संतोष यादव हरियाणा बीजेपी में कई बड़े पदों पर रह चुकी है। उन्होंने पार्टी से ऐसे वक्त में इस्तीफा दिया है, जब भाजपा ने हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए 21 उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट जारी की।

पूर्व डिप्टी स्पीकर संतोष यादव ने भाजपा से दिया इस्तीफा

भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष और पूर्व डिप्टी स्पीकर संतोष यादव ने मंगलवार को पार्टी से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने हरियाणा भाजपा के अध्यक्ष को मंगलवार को चिट्ठी लिखकर जानकारी दी। ऐसा माना जा रहा था कि हरियाणा की अटेली विधानसभा सीट से संतोष यादव टिकट मांग रही थी। लेकिन, पार्टी ने यहां से केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह की बेटी आरती राव को अपना प्रत्याशी बनाया है। जिससे नाराज होकर संतोष यादव ने भाजपा के सभी पदों से इस्तीफा दे दिया।

संतोष यादव ने क्यों छोड़ी पार्टी

संतोष यादव ने चिट्ठी में पार्टी से नाराजगी जाहिर करते हुए लिखा, ''मैं, संतोष यादव, पूर्व उपाध्यक्ष, हरियाणा विधानसभा एवं वर्तमान में भारतीय जनता पार्टी, हरियाणा की उपाध्यक्ष, पार्टी के प्रति अपनी सेवाएं और निष्ठा समर्पित करते हुए वर्षों से कार्यरत रही हूं। भारतीय जनता पार्टी के प्रति मेरा समर्पण सदैव अविचल रहा है और मैंने हर परिस्थिति में पार्टी के सिद्धांतों एवं नीतियों का पालन करते हुए कार्य किया है। परंतु, अत्यंत दुख के साथ, मुझे यह कहना पड़ रहा है कि पार्टी के भीतर, विशेष रूप से उन कार्यकर्ताओं की उपेक्षा हो रही है, जिन्होंने जमीनी स्तर पर पार्टी के लिए संघर्ष किया, निष्ठा से कार्य किया और पार्टी को सशक्त बनाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया। ऐसे समर्पित कार्यकर्ताओं को दरकिनार कर उन व्यक्तियों को प्राथमिकता दी जा रही है, जिन्होंने न तो पार्टी के लिए काम किया और न ही अपने विधानसभा क्षेत्र के नागरिकों के लिए। यह स्थिति अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है और इससे पार्टी के कार्यकर्ताओं में निराशा एवं असंतोष फैल रहा है।''

भाजपा की दूसरी लिस्ट में कौन-कौन

भाजपा ने हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए मंगलवार को अपने उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट जारी की। भाजपा ने नारायणगढ़ से पवन सैनी, पुंडरी से सतपाल जाम्बा, असंध से योगेंद्र राणा, गनौर से देवेंद्र कौशिक, राई से कृष्णा गहलावत, बरौदा से प्रदीप सांगवान, जुलाना से कैप्टन योगेश बैरागी, नरवाना से कृष्ण कुमार बेदी, डबवाली से सरदार बलदेव सिंह मांगीयाना, ऐलनाबाद से अमीर चंद मेहता, रोहतक से मनीष ग्रोवर, नारनौल से ओम प्रकाश यादव, बावल से कृष्ण कुमार, पटौदी से बिमला चौधरी, नूंह से संजय सिंह, फिरोजपुर झिरका से नसीम अहमद, पुन्हाना से ऐजाज खान, हथिन से मनोज रावत, होडल से हरिंदर सिंह रामरतन और बड़खल से धनेश अदलखा को उम्मीदवार घोषित किया है।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article